रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है. रिलीज के महज चार दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 750 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है. रविवार को फिल्म ने भारत में 114.85 करोड़ रुपए की कमाई की, जो अब तक का सबसे बड़ा सिंगल डे कलेक्शन माना जा रहा है.
ओपनिंग वीकेंड में बनाए नए रिकॉर्ड
फिल्म ने अपने पहले वीकेंड में इतिहास रच दिया है. सिर्फ चार दिनों में 454 करोड़ रुपए (नेट) की कमाई के साथ यह हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड फिल्म बन गई है. इससे पहले यह रिकॉर्ड शाहरुख खान की 'पठान' के नाम था, जिसने 5 दिनों में 287 करोड़ रुपए कमाए थे. दिलचस्प बात यह है कि 'धुरंधर: द रिवेंज' ने 'बाहुबली 2' (591 करोड़), 'कल्कि 2898 AD' (500 करोड़) और 'RRR' (470 करोड़) जैसी पैन-इंडिया फिल्मों के ओपनिंग वीकेंड रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है.
दुनियाभर में भी जबरदस्त कमाई
ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म का जलवा बरकरार है. फिल्म ने पहले वीकेंड में करीब 22 मिलियन डॉलर (लगभग 180 करोड़ रुपए) की कमाई की है. अकेले नॉर्थ अमेरिका में ही 9.6 मिलियन डॉलर का कलेक्शन हुआ है. इसी के साथ फिल्म का ग्लोबल कलेक्शन 750 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है, जो इसे 2026 की सबसे बड़ी फिल्म बना चुका है.
'पुष्पा 2' के बाद दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग
धुरंधर: द रिवेंज ने इतिहास में अपनी खास जगह बना ली है. यह अब 'पुष्पा 2' (762 करोड़) के बाद भारतीय सिनेमा की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड फिल्म बन चुकी है.
तीन दिन में ही बनी साल की सबसे बड़ी फिल्म
फिल्म ने रिलीज के तीसरे दिन ही 'बॉर्डर 2' के 470 करोड़ के आंकड़े को पार कर 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म का खिताब हासिल कर लिया था. चौथे दिन इसने 'गदर 2' (691 करोड़) और 'सालार' (690 करोड़) जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया.
1000 करोड़ क्लब में एंट्री तय
इसके अलावा ‘धुरंधर’ भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली ‘A’ रेटेड फिल्म भी बन गई है. फिल्म की रफ्तार को देखते हुए 1000 करोड़ क्लब में एंट्री लगभग तय मानी जा रही है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर फिल्म की कमाई इसी तरह जारी रही, तो यह 2000 करोड़ का आंकड़ा भी छू सकती है. धुरंधर के पहले पार्ट ने भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया था. फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1,307 करोड़ रुपए की कमाई की थी.
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई थ्रिलर में रणवीर सिंह के साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.