Advertisement

जिस 'आवारापन' को 2007 में दर्शकों ने नकारा, उसी के सीक्वल ने इमरान हाशमी को बनाया स्टार

'आवारापन 2' इमरान हाशमी के लिए सिर्फ एक और बॉक्स ऑफिस सफलता नहीं है, बल्कि उनके करियर का बड़ा कमबैक भी मानी जा रही है. फिल्म ने पांच दिनों में भारत में 100 करोड़ रुपए नेट का आंकड़ा पार कर लिया है.

Awarapan 2 Box Office
अपूर्वा राय
  • नई दिल्ली ,
  • 19 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 3:04 PM IST

एक वक्त था जब इमरान हाशमी की फिल्मों के गाने रिलीज से पहले ही हिट हो जाते थे और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाती थी लेकिन पिछले कई सालों से उनकी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर लगातार स्ट्रगल करना पड़ा. अब 'आवारापन 2' ने इस लंबे सूखे को खत्म कर दिया है. खास बात यह है कि जिस फिल्म की पहली किस्त 'आवारापन' बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई थी, उसी के सीक्वल ने इमरान को उनके करियर की पहली 100 करोड़ क्लब वाली सोलो फिल्म दे दी है.

14 साल बाद लीड रोल में मिली हिट
'आवारापन 2' इमरान हाशमी के लिए सिर्फ एक और बॉक्स ऑफिस सफलता नहीं है, बल्कि उनके करियर का बड़ा कमबैक भी मानी जा रही है. फिल्म ने पांच दिनों में भारत में 100 करोड़ रुपए नेट का आंकड़ा पार कर लिया है. इसके साथ ही यह इमरान के करियर की पहली 100 करोड़ नेट कमाई वाली फिल्म बन गई है. लीड रोल में इमरान की पिछली हिट 'राज 3' थी, जो 2012 में रिलीज हुई थी और सुपरहिट रही थी. इसके बाद उनकी कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकीं. यानी बतौर लीड एक्टर हिट के लिए इमरान का इंतजार 14 साल बाद आवारापन के सीक्वल से खत्म हुआ है.

Awarapan 2 Box Office

राज 3 के बाद इमरान का बॉक्स ऑफिस सफर आसान नहीं रहा. 'रश' डिजास्टर रही, जबकि 'एक थी डायन' को एवरेज से नीचे माना गया. इसके बाद 'घनचक्कर' फ्लॉप रही. 'राजा नटवरलाल', 'उंगली' और 'मिस्टर एक्स' जैसी फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर निराश किया.

'हमारी अधूरी कहानी', 'अजहर' और 'राज रीबूट' भी इमरान के खाते में बड़ी सफलता नहीं जोड़ सकीं. इसके बाद 'व्हाई चीट इंडिया', 'द बॉडी', 'मुंबई सागा' और 'चेहरे' जैसी फिल्मों का प्रदर्शन भी कमजोर रहा. हालिया फिल्म 'हक' भी उनके बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड को सुधार नहीं सकी. ऐसे में 'आवारापन 2' की सक्सेस इमरान के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि यह लगातार असफलताओं के बाद मिली बड़ी कमर्शियल हिट है.

आवारापन को पहले नहीं मिले थे दर्शक, बाद में बनी कल्ट फिल्म
2007 में रिलीज हुई 'आवारापन' उस समय बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं कर पाई थी. फिल्म को 'आप का सुरूर' और 'अपने' जैसी फिल्मों से कड़ी टक्कर मिली थी. इसके अलावा उस दौर में इमरान की 'सीरियल किसर' वाली इमेज भी दर्शकों के एक वर्ग को सिनेमाघरों तक आने से रोक रही थी. फिल्म करीब 18 करोड़ रुपए के बजट में बनी थी और बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही. हालांकि इसे समीक्षकों और दर्शकों से काफी सराहना मिली. समय बीतने के साथ फिल्म को कल्ट स्टेटस मिला और इसका म्यूजिक भी काफी पॉपुलर हुआ. फिल्म को आज भी इमरान हाशमी की सबसे अंडररेटेड फिल्मों में गिना जाता है. खुद इमरान इसे अपने करियर की बेहतरीन परफॉर्मेंस में से एक मानते हैं.

पाकिस्तान में भी चला था आवारापन का जादू
आवारापन’ को पाकिस्तान में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. फिल्म ने वहां करीब 8 करोड़ रुपए की कमाई की थी. फिल्म की कहानी और इमरान के किरदार को वहां के दर्शकों ने पसंद किया. आवारापन को कोरियन फिल्म A Bittersweet Life (2005) का रीमेक बताया जाता है. उस समय फिल्म भले ही बॉक्स ऑफिस पर असफल रही, लेकिन बाद में टीवी, ऑनलाइन और डीवीडी के जरिए इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती गई.

अब सीक्वल ने पुराने हिसाब का बदला लिया
आवारापन 2 की कहानी इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि इसकी पहली फिल्म को रिलीज के समय फ्लॉप का तमगा मिला था लेकिन अब उसके सीक्वल ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है. फिल्म ने पांच दिन में 100 करोड़ नेट का आंकड़ा पार कर लिया है और ट्रेड अनुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में इसकी कमाई और बढ़ सकती है.

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement