Advertisement

GNT Exclusive: ट्रोल्स का जवाब है मुस्कान... 11 साल की ये किड इंफ्लुएंसर आपका जिंदगी जीने का तरीका बदल देगी... हेट कॉमेंट्स और बॉडी शेमिंग के बावजूद जीत रही लाखों का दिल

Instagram Influencer Gunit Kaur Banga: मई 2025 में, गुनीत ने फैसला किया कि वह अपनी बीमारी के बारे में खुलकर बात करेगी. 8 मई को उसने एक रील पोस्ट की, जिसमें उसने नेफ्रोटिक सिंड्रोम के बारे में बताया. दो हिस्सों की इस वीडियो सीरीज में वह मेकअप ट्यूटोरियल के साथ अपनी सेहत की कहानी सुनाती है. इस रील ने लाखों लोगों का ध्यान खींचा और गुनीत को ढेर सारा प्यार मिला.

किड इन्फ्लुएंसर गुनीत कौर
अपूर्वा सिंह
  • नई दिल्ली,
  • 13 जून 2025,
  • अपडेटेड 5:41 PM IST
  • एनर्जी और टैलेंट की खदान 
  • 5 साल की उम्र से बनाया कंटेंट 

तुझे ट्रेडमिल भेज दूं?... एक बार में सारा साबुन खत्म कर देती होगी… जिम जा बेटा, वजन कम कर!... ये वो तीखे ताने हैं जो गुनीत कौर बंगा को अपने इंस्टाग्राम वीडियोज पर सुनने पड़ते हैं. मुंबई के सायन में रहने वाली यह नन्ही बच्ची अपने डांस और मेकअप ट्यूटोरियल्स से लाखों दिल जीत रही है, लेकिन उसकी चमक को देखकर कुछ लोग उसका मजाक उड़ाते हैं. कुछ लोग तो डीएम में भी गंदी भाषा का इस्तेमाल करने से नहीं चूकते. 

सोशल मीडिया की चमक-दमक के पीछे एक कड़वा सच छिपा है- खासकर बच्चों के लिए, जो कंटेंट क्रिएट करके अपनी पहचान बनाना चाहते हैं.

गुनीत केवल 11 साल की हैं और कक्षा 5 में पढ़ रही हैं. इतना ही नहीं बल्कि इतनी छोटी सी उम्र में वह न सिर्फ इन हेट कमेंट्स से बल्कि अपनी बीमारी- नेफ्रोटिक सिंड्रोम- से भी जंग लड़ रही है. ऑनलाइन नफरत और बॉडी-शेमिंग की इस दुनिया में गुनीत पिछले 5 साल से कंटेंट बनाने का काम कर रही हैं. 

किड इंफ्लुएंसर्स के लिए ऑनलाइन मिलने वाली नफरत और हेट कमेंट्स एक बड़ी चुनौती हैं. गुनीत की तरह कई दूसरे बच्चे भी हैं जो कंटेंट बनाते हैं, लेकिन बदले में ट्रोलिंग और बॉडी-शेमिंग झेलते हैं. पिछले महीनों में गुनीत के फॉलोअर्स बढ़े, लेकिन इसके साथ लोगों से मिलने वाले नफरत और भद्दे कमेंट्स भी.

एनर्जी और टैलेंट की खदान 
गुनीत कौर बंगा की इंस्टाग्राम रील्स (@gunit_banga) देखकर कोई भी उसकी एनर्जी और टैलेंट का कायल हो जाएगा. 35,000 फॉलोअर्स के साथ वह डांस, मेकअप, रैंडम फनी रील्स और ब्रांड प्रमोशन्स की रील्स बनाती है. 6 साल की उम्र से वह नेफ्रोटिक सिंड्रोम से जूझ रही है, एक ऐसी किडनी की बीमारी जो शरीर में प्रोटीन की कमी और सूजन पैदा करती है. 2020 की जम्मू मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में हर एक लाख बच्चों में 12-16 बच्चे इस बीमारी से पीड़ित होते हैं, जो पश्चिमी देशों (2-3 केस प्रति लाख) से कहीं ज्यादा है.

इस बीमारी की वजह से गुनीत का वजन बढ़ा और शरीर में सूजन आई. गुनीत की मां चनप्रीत कौर बंगा बताती हैं कि गुनीत की चमक ऐसी है कि वह इन तानों को हंसकर टाल देती है. वह बचपन से ही चमकती थी. हम चाहते थे कि वह वही करे जो उसे खुशी दे,” चनप्रीत की आंखों में ममता और गर्व दोनों झलक रहे हैं.

परिवार के साथ गुनीत (फोटो क्रेडिट-गुनीत कौर)

5 साल की उम्र से बनाया कंटेंट 
गुनीत ने 5 साल की उम्र से कंटेंट बनाना शुरू किया था. गुनीत GNT डिजिटल को बताती हैं, “मैंने टिकटॉक पर नॉर्मल वीडियो बनाए. मस्ती-मजाक में दूसरों को देखकर रील्स बनाती थी. टिकटॉक बैन होने के बाद कोविड-19 के दौरान मैंने इंस्टाग्राम पर कंटेंट शुरू किया.” 

गुनीत बताती हैं कि उसकी पहली वायरल रील ‘टुन-टुन मौसी’ पर बनी एक फनी मेकअप रील थी, जो 5 मिलियन व्यूज तक पहुंची. लेकिन तब उसके सिर्फ 150-200 फॉलोअर्स थे, और उसे ढेर सारे हेट कमेंट्स मिले. वह कहती है, “पहले मुझे बुरा लगता था, लेकिन मम्मी ने कहा कि अपने काम पर फोकस करो.” 

पिछले कुछ महीनों में, गुनीत के फॉलोअर्स बढ़े हैं, लेकिन इसके साथ ही नफरत भरे कमेंट्स भी. चनप्रीत कहती हैं, “मैं अकाउंट बंद करना चाहती थी. मैंने गुनीत से कहा कि कोई और रास्ता ढूंढ लो. लेकिन उसने कहा, ‘हेटर्स को इग्नोर करो, वे मायने नहीं रखते.’ वह रील्स बनाना चाहती थी, क्योंकि वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एक्टर बनना चाहती है.”

गुनीत की हिम्मत
मई 2025 में, गुनीत ने फैसला किया कि वह अपनी बीमारी के बारे में खुलकर बात करेगी. 8 मई को उसने एक रील पोस्ट की, जिसमें उसने नेफ्रोटिक सिंड्रोम के बारे में बताया. दो हिस्सों की इस वीडियो सीरीज में वह मेकअप ट्यूटोरियल के साथ अपनी सेहत की कहानी सुनाती है. रील में गुनीत बताती है, “मेरे परिवार की महिलाओं में इस बीमारी का इतिहास है. जब मुझे लक्षण दिखे, तो मेरी नानी ने मम्मी को जांच कराने को कहा. हम कई बच्चों के अस्पताल गए, लेकिन एक किडनी स्पेशलिस्ट ने बीमारी की पुष्टि की. मुझे स्टेरॉयड्स लेने की सलाह दी गई, लेकिन मम्मी ने पहले वैकल्पिक इलाज चुना, जो काम नहीं किया.” 

इस रील ने लाखों लोगों का ध्यान खींचा और गुनीत को ढेर सारा प्यार मिला. वह कहती है, “पहले लोग मेरे वजन का मजाक उड़ाते थे. लेकिन इस वीडियो के बाद हेट कमेंट्स कम हुए. कुछ लोग अब भी बुरा बोलते हैं, लेकिन मैं उन्हें इग्नोर करती हूं.” 

गुनीत की बातों में 11 साल की उम्र से कहीं ज्यादा परिपक्वता है. उसकी चमकती आंखें और खुली मुस्कान उसकी उम्र का जिक्र होने ही नहीं देती है.

स्कूल, दोस्त और सपने
गुनीत की स्कूल लाइफ रंगीन है. वह मस्ती से कहती है, “मेरे दोस्त बहुत अच्छे हैं. वे मुझे सपोर्ट करते हैं. वो लोग मेरे साथ मजाक करते हुए कहते हैं कि मैडम, क्या लोगे आप? मेरे साथ फोटो खिंचवाते हैं. मुझे ये सब बहुत पसंद है.” 

गुनीत की आंखें चमक उठती हैं. उसका परिवार- मम्मी, पापा, दादा, बड़ी बहन अनीत सब उसका हौसला बढ़ा रहे हैं.

(फोटो क्रेडिट- गुनीत)

हालांकि, गुनीत पढ़ाई में भी काफी अच्छी है. वह अपनी पढ़ाई से कोई समझौता नहीं करती. गुनीत बताती ही, “एग्जाम से 5-6 दिन पहले मैं फोन बंद कर देती हूं. छुट्टियों में एक दिन में 10-15 रील्स बना लेती हूं. हर दिन 2 घंटे से ज्यादा इंस्टाग्राम नहीं चलाती. यूट्यूब ज्यादा देखती हूं.” वह हंसते हुए कहती है, “मुझे बचपन से एक्टर बनना था. मेकअप करना भी पसंद है. मैं किसी की भी इमेज दिमाग में लाती हूं और मेकअप कर लेती हूं. मम्मी और बहन का मेकअप तो मैं बोर होने पर कर देती हूं.” 

गुनीत के बड़े सपने हैं. इनपर बात करते हुए वह कहती है, “मैं एक्टर बनूंगी. मेकअप ब्रांड और हेयर सैलून का बिजनेस भी शुरू करूंगी. अभी पढ़ाई पर फोकस है, लेकिन रील्स भी बनाती रहूंगी.” वहीं, चनप्रीत बताती हैं, “लॉकडाउन में उसने फन वीडियो बनाए. एक बार तो उसने मजाक में मेरे चेहरे पर मेकअप किया. और जब वह छोटी थी तो एक बार तो उसने लिपस्टिक भी खा ली थी!”

चनप्रीत के लिए गुनीत की खुशी सबसे बड़ी है. वह कहती हैं, “गुनीत इतनी मेडिकेशन पर है. उसका शरीर सूज जाता है. पिछले 2-3 साल में वह बहुत बीमार रही. हम नहीं चाहते कि उस पर कोई दबाव पड़े. वह जैसा चाहे, वैसा करे.”

(फोटो क्रेडिट-गुनीत कौर)

सबसे बड़ा चैलेंज क्या है?
चनप्रीत से जब Gnt डिजिटल ने उनके लिए सबसे बड़े चैलेंज को लेकर पूछा तो उन्होंने बताया, ““सबसे चैलेंजिंग तो यही था जब हेट कमेंट्स आए. जिसमें ज्यादातर गुनीत के वजन पर कमेंट्स थे. तो मैंने उसे इंस्टाग्राम बंद करने के लिए कहा तब गुनीत ने कहा कि जब सबलोग मेरे वजन पर बोल रहे हैं तो मैं उन्हें बताउंगी कि आखिर ऐसा क्यों है. मैं लोगों को बताउंगी कि मुझे बीमारी है और इस वजह से मेरा वजन बढ़ रहा है.”

वह आगे कहती हैं, “लोगों को इसका कंटेंट पसंद आ रहा था, लेकिन इसके वजन पर लगातार लोग कमेंट कर रहे थे. तब इसने रील बनाने की ठानी. और वो वीडियो भी मिलियंस में गई. इसे लोगों का काफी प्यार मिला.” 

गुनीत की कहानी सिर्फ एक बच्ची की नहीं, बल्कि हर उस इंसान की है जो नफरत और मुश्किलों के बावजूद अपने सपनों को जीता है. चनप्रीत लोगों को मैसेज देते हुए कहती हैं, “हेट कमेंट्स को न देखें. अगर आपके बच्चे में काबिलियत है, तो उसे सपोर्ट करें. गुनीत में इतनी ताकत है कि वह चांद-तारों से भी ऊपर जाएगी. उसे कभी नीचे न गिरने दें.”


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement