Advertisement

Happy Birthday Kartik Aaryan: ग्वालियर से इंजीनियरिंग करने निकले थे मुंबई, 4 मिनट के मोनोलॉग से रातों-रात बने स्टार

कार्तिक अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई खुलासे करते रहते हैं. कार्तिक ने 'द कपिल शर्मा शो' में बताया था कि उनकी पहली गर्लफ्रेंड उन्होंने 10वीं क्लास में बनाई थी, जब वो सिर्फ 16 साल के थे. उन्होंने यह भी बताया कि वह वेलेंटाइन डे वाले दिन अपने घरवालों से छुपकर गर्लफ्रेंड से रेस्टोरेंट में मिलते थे.

Kartik Aaryan
अंजनी
  • नई दिल्ली,
  • 22 नवंबर 2021,
  • अपडेटेड 1:55 AM IST
  • इंजीनियरिंग करने गए थे मुंबई 
  • पहली फिल्म ने ही बॉक्स ऑफिस पर जमाया सिक्का
  • ‘आकाश वाणी’ और ‘कांची’ लोगों का दिल जीतने में रही असफल 
  • ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ ने दिलाई पहचान 
  • दोस्ताना 2 से निकाले जाने की फैली थी अफवाहें 
  • 10वीं क्लास में बनाई पहली गर्लफ्रेंड 
  • ‘भूल भुलैया’ के सीक्वल से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने की तैयारी

हाल ही में एक एक्टर का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को खूब पसंद आ रहा था. इस वीडियो में वह एक्टर एक फोटोग्राफर का बर्थडे मनाते दिखाई दिए. उन्होंने अपने हाथों से फोटोग्राफर को केक भी खिलाया. कभी सारा अली खान का क्रश रहे उसी एक्टर का आज जन्मदिन है. हम बात कर रहे हैं अपनी प्यारी मुस्कान से हिन्दुस्तान की लाखों लड़कियों के दिलों की धड़कन बन चुके कार्तिक आर्यन की. आज कार्तिक आर्यन 31 साल के हो गए और इतनी सी उम्र में वह बॉलीवुड के चर्चित नामों में शुमार हो चुके हैं.

इंजीनियरिंग करने गए थे मुंबई 

अपनी शुरुआती पढ़ाई ग्वालियर से करने के बाद कार्तिक आर्यन इंजीनियरिंग करने मुंबई चले गए. उन्होंने डी वाई पाटिल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में एडमिशन लिया और वहीं से अपने मॉडलिंग करियर की शुरुआत की. इसके बाद उन्हें कास्टिंग डायरेक्टर राहुल गुरमीत सिंह से मिलने का मौका मिला. राहुल गुरमीत सिंह ने कार्तिक को फिल्म प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक और डिरेक्टर लव रंजन से मिलवाया. 

पहली फिल्म ने ही बॉक्स ऑफिस पर जमाया सिक्का 

इसके बाद लव रंजन ने कार्तिक आर्यन को अपनी फिल्म प्यार का पंचनामा में बतौर एक्टर लांच करने का निर्णय लिया. यह बहुत दिलचस्प बात है कि कार्तिक के परिवार को उनके एक्टिंग के लिए जूनून के बारे में, इस फिल्म के साइन करने के बाद पता चलता है. जब कार्तिक आर्यन की पहली फिल्म, प्यार का पंचनामा (2011) रिलीज हुई, तो वह अपनी इंजीनियर के तीसरे साल में थे. उनकी पहली फिल्म ने ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया. इस फिल्म में खासकर कार्तिक आर्यन के अभिनय को बहुत सराहना मिली. उस फिल्म में उनका चार मिनट का मोनोलॉग लोगों के दिलों दिमाग पर आज भी छाया हुआ है. 

‘आकाश वाणी’ और ‘कांची’ लोगों का दिल जीतने में रही असफल 

इसके बाद कार्तिक आर्यन ने ‘आकाश वाणी’ और ‘कांची’ जैसी फिल्मों में काम किया लेकिन ये फिल्में उन्हें उनकी पहली फिल्म जितनी प्रसिद्धि नहीं दिला पाई. इसके बाद वह लव रंजन की फिल्म ‘प्यार का पंचनामा 2’ में नजर आए. पहले पार्ट की तरह इसका सीक्वल भी लोगों को खूब पसंद आया. लेकिन बॉलीवुड में कार्तिक आर्यन को  सही मायनों में पहचान लव रंजन की ही अगली फिल्म ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ ने दी.

‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ ने दिलाई पहचान 

‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ 2018 में रिलीज हुई और इसने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की. इसके बाद वह 2019 में ‘पति, पत्नी और वो’ में नज़र आए. इसी साल वो कृति सेनन के साथ लुका छिपी में दिखाई दिए. इसके बाद वह उस समय की अपनी कथित गर्लफ्रेंड, सारा अली खान के साथ ‘लव आज कल 2’ में रोमांस करते दिखें. हाल ही में कार्तिक आर्यन फिल्म धमाका में नजर आए हैं और इसे दर्शकों को खूब प्यार मिल रहा है.

दोस्ताना 2 से निकाले जाने की फैली थी अफवाहें 

हालांकि, कुछ महीने पहले, कार्तिक करण जौहर की दोस्ताना 2 से हटा दिए जाने की अफवाहों के कारण चर्चा में थे. बॉलीवुड की गलियों में बातें चल रही थीं कि उनके प्रोफेशनल न होने के कारण उन्हें निर्माताओं द्वारा हटा दिया गया. इसका कारण उनका बार-बार फिल्म की शूटिंग को टालना बताया गया. खैर, इस बात को लेकर न तो करण जौहर और न ही कार्तिक की तरफ से कोई प्रतिक्रिया आई.

10वीं क्लास में बनाई पहली गर्लफ्रेंड 

 कार्तिक आर्यन की निजी जिंदगी की बात करें तो उनका नाम कई अभिनेत्रियों के साथ जुड़ चुका है. वहीं कार्तिक भी अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई खुलासे करते रहते हैं. उन्होंने 'द कपिल शर्मा शो' में बताया था कि उनकी पहली गर्लफ्रेंड उन्होंने 10वीं क्लास में बनाई थी, जब वो सिर्फ 16 साल के थे. उन्होंने यह भी बताया कि वह वेलेंटाइन डे वाले दिन अपने घरवालों से छुपकर गर्लफ्रेंड से रेस्टोरेंट में मिलते थे. फिलहाल कार्तिक किसके पंचनामे में उलझे हैं, यह कहना मुश्किल है.

‘भूल भुलैया’ के सीक्वल से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने की तैयारी

अगले साल कार्तिक आर्यन प्रियदर्शन की सुपरहिट फिल्म ‘भूल भुलैया’ के सीक्वल से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने की तैयारी में है. इसका पोस्टर भी आउट हो चुका है और लोग कार्तिक के इस नए अवतार को काफी पसंद कर रहे हैं. चूंकि भूल भूलैया और अक्षय कुमार की छाप अभी तक लोगों के दिलों दिमाग पर है, इसलिए सभी को इस फिल्म का बेसब्री से इंतज़ार है. देखना दिलचस्प होगा कि कार्तिक उन उम्मीदों पर खरा उतर पाते हैं कि नहीं. फिलहाल के लिए हमारी तरफ से कार्तिक को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement