अगर आप भी हैरी पॉटर (Harry Potter) के फैन हैं तो आपके लिए खुशखबरी है. एक बार फिर हॉगवर्ट्स की जादुई दुनिया आपका स्वागत करने वाली है. हैरी पॉटर की 20वीं एनिवर्सरी पर रीयूनियन होने वाला है. सोमवार को HBO max पर हैरी पॉटर रीयूनियन स्पेशल रिटर्न टू हॉगवर्ट्स का फर्स्ट लुक टीजर रिलीज किया गया है.
प्लेटफॉर्म नंबर पौने दस से जाएगी ट्रेन
50 सेकंड के इस टीजर में अलग-अलग एक्टर्स के नाम पर ठीक वैसे ही लेटर्स दिखाए गए हैं जैसे हॉगवर्ट्स के छात्रों को भेजे गए थे. एक्टर्स उन पत्रों को खोलते हुए नजर आ रहे हैं. टीजर में बहुत सारे लोगों को हॉगवर्ट्स एक्सप्रेस पर चढ़ते हुए दिखाया गया है. ये वही ट्रेन है जो लंदन के किंग्स क्रॉस स्टेशन से हॉगवर्ट्स के पास हॉग्समीड स्टेशन तक जाती है. जी हां, वही प्लेटफार्म नंबर पौने दस.
कौन-कौन होगा रीयूनियन में शामिल
टीजर की एक स्लाइड में फिल्म के कलाकारों के नाम भी दिए गए हैं. इस लिस्ट में डेनियल रैडक्लिफ, एम्मा वाटसन (Emma Watson), रूपर्ट ग्रिंट (Rupert Grint), टॉम फेल्टन (Tom Felton), हेलेना बोनहम कार्टर (Helena Bonham Carter), गैरी ओल्डमैन (Gary Oldman), राल्फ फिएनेस (Ralph Fiennes) और क्रिस कोलंबस (Chris Columbus) के नाम शामिल हैं.
2011 के बाद एकबार फिर आएंगे फिल्म के सितारे साथ
गौरतलब है कि फिल्म की लॉन्चिंग को 20 साल पूरे हुए हैं और इसी खुशी में ये रियूनियन एक सेलिब्रेशन के तौर पर रखा गया है. इस रियूनियन को न्यू ईयर यानि 1 जनवरी 2022 को एचबीओ मैक्स पर प्रसारित किया जाएगा. बता दें, हैरी पॉटर की आखिरी फिल्म 2011 में आई थी, जिसमें इन सभी सितारों को साथ में देखा गया था. अब एक बार फिर ये सभी साथ में आएंगे.
टीजर के रिलीज होने के दिन ही 7 लाख से ज्यादा इसे देख चुके हैं. रिलीज के बाद से ही फैंस लगातार अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं. एक फैन ने कमेंट करते हुए लिखा, “ये सदी का सबसे अच्छा रीयूनियन होगा.” एक अन्य ने लिखा, “इसका कबसे इंतजार था, अब फाइनली ये पूरा होने वाला है.”
क्या है हैरी पॉटर का प्लॉट?
दरअसल, हैरी पॉटर सीरीज हैरी पॉटर नाम के एक लड़के की कहानी है, जिसके माता-पिता डार्क लॉर्ड वोल्डेमॉर्ट से उसकी रक्षा करते हुए मर गए थे. जैसे-जैसे हैरी पॉटर बड़ा होता है, उसे पता चलता है कि वह भी एक जादूगर है और हॉगवर्ट्स नाम के एक स्कूल में यह पढ़ाया भी जाता है. हैरी को हॉगवर्ट्स नाम के इस स्कूल में आमंत्रित किया जाता है, जो स्कॉटिश हाइलैंड्स में कहीं स्थित होता है.