टीवी की दो पॉपुलर एक्ट्रेस हिना खान और शिल्पा शिंदे के बीच जुबानी जंग एक बार फिर शुरू हो गई है. दरअसल शिल्पा शिंदे ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में कहा था कि उन्होंने साल 2016 में 'भाबीजी घर पर हैं' के प्रोड्यूसर संजय कोहली के खिलाफ यौन उत्पीड़न का झूठा मामला दर्ज कराया था. शिल्पा ने कहा कि उस समय उनकी पेमेंट बाकी थी इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया.
शिल्पा के इस बयान के बाद हिना खान ने सोशल मीडिया पर इसे गलत बताते हुए कहा कि ऐसे झूठे आरोप असली पीड़ितों के लिए नुकसानदायक होते हैं. इसके जवाब में शिल्पा ने हिना पर निशाना साधते हुए उनके कैंसर और परिवार में हुई मौत का जिक्र किया. अब शिल्पा के इस बयान पर हिना ने एक बार फिर अपना रिएक्शन दिया है.
हिना बोलीं- झूठे आरोप किसी की जिंदगी बर्बाद कर सकते हैं
अपने नए व्लॉग में हिना खान अपने मंगेतर रॉकी जायसवाल, रुबीना दिलैक और अभिनव शुक्ला के साथ नजर आईं. बातचीत के दौरान हिना ने कहा कि यौन उत्पीड़न जैसा आरोप कोई छोटी बात नहीं है. उन्होंने कहा, 'अगर उस आदमी ने आत्महत्या कर ली होती तो क्या होता? ऐसे झूठे आरोपों के बाद असली पीड़ितों पर भी लोग भरोसा करना बंद कर देंगे. अगर किसी निर्माता के साथ समझौता भी हो गया था, तब भी उसी शो में दोबारा काम करना मुझे समझ नहीं आता.'
हिना ने कहा- शिल्पा को लगा होगा लोग तारीफ करेंगे
हिना ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि शिल्पा ने 8-10 साल बाद यह बात क्यों कबूली. उनके मुताबिक, शायद शिल्पा को लगा होगा कि लोग उनकी ईमानदारी की तारीफ करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
हिना ने कहा, 'उन्होंने सोचा होगा कि सच बोलने पर लोग तालियां बजाएंगे, लेकिन इसका उल्टा असर हुआ. उन्हें यह भी सोचना चाहिए था कि ऐसे बयान के बाद कितने लोग कानून का गलत इस्तेमाल करने की कोशिश करेंगे.'
मेरे कैंसर तक का मजाक उड़ाया
हिना ने यह भी आरोप लगाया कि शिल्पा ने जवाब देते हुए उनके कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का मजाक उड़ाया. हिना ने कहा, 'मैंने 10 साल में कभी शिल्पा के बारे में कुछ नहीं कहा. लेकिन उन्होंने मेरे कैंसर तक को पब्लिसिटी का जरिया बता दिया. उन्होंने कहा कि मेरे पास बीमारी और परिवार में हुई मौत जैसी चीजें हैं, फिर भी मैं उनका नाम लेकर प्रचार कर रही हूं. यह बेहद दुखद है.'
रॉकी बोले- ऐसे लोग असली पीड़ितों का नुकसान करते हैं
रॉकी जायसवाल ने भी इस मामले पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि झूठे यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने वाले लोग असली पीड़ितों के लिए मुश्किलें बढ़ा देते हैं. रॉकी ने कहा कि अगर कोई कानून का गलत इस्तेमाल करता है तो भविष्य में सच बोलने वाले लोगों पर भी शक किया जाने लगता है. उन्होंने शिल्पा के व्यवहार की आलोचना करते हुए कहा कि किसी की निजी जिंदगी या बीमारी पर टिप्पणी करना गलत है.
क्या था पूरा मामला?
हाल ही में कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में शिल्पा शिंदे ने स्वीकार किया था कि उन्होंने 'भाबीजी घर पर हैं' छोड़ने के दौरान निर्माता संजय कोहली पर लगाया गया यौन उत्पीड़न का आरोप झूठा था. उनका कहना था कि उन्हें अपनी बकाया रकम दिलाने का कोई दूसरा रास्ता नहीं दिख रहा था. बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और उन्हें पेमेंट मिल गई. इस बयान के बाद हिना खान ने सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट लिखकर कहा था कि किसी विवाद में जीतने के लिए किसी पुरुष पर झूठा यौन उत्पीड़न का आरोप लगाना शर्मनाक है.
बिग बॉस 11 से चली आ रही है दोनों की तकरार
हिना खान और शिल्पा शिंदे के बीच लड़ाई नई नहीं है. दोनों 'बिग बॉस 11' में साथ नजर आई थीं. पूरे सीजन में दोनों के बीच कई बार तीखी बहस देखने को मिली थी. शो के फिनाले में शिल्पा शिंदे ने हिना खान को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी.