Advertisement

Honey Singh Divorce: स्कूल में शुरू हुई थी लव स्टोरी, 10 सालों तक एक-दूसरे को किया डेट, फिर की शादी, अब हनी सिंह का शालिनी संग टूटा रिश्ता

हनी सिंह और शालिनी की शादी 2011 में हुई थी. दोनों की लव स्टोरी स्कूल में शुरू हुई थी और उन्होंने करीब 10 सालों तक एक-दूसरे को डेट किया था. अब दोनों के बीच तलाक हो गया है. कोर्ट ने दोनों को अलग रहने की मंजूरी मंगलवार को दे दी. 

शालिनी तलवार और हनी सिंह (फाइल फोटो)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 07 नवंबर 2023,
  • अपडेटेड 8:46 PM IST
  • कोर्ट ने हनी और शालिनी को अलग रहने की दी मंजूरी
  • हनी पर मारपीट करने के लगाए थे आरोप 

यो यो हनी सिंह के नाम से प्रख्यात मशहूर रैपर हिरदेश सिंह उर्फ हनी सिंह एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं. हनी सिंह और उनकी पत्नी 12 साल बाद एक दूसरे से अलग हो गए हैं. तीस हजारी अदालत स्थित प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय परमजीत सिंह ने हनी सिंह और उनकी पत्नी के बीच ढाई साल पुराने मुकदमे को समाप्त करते हुए दोनों पक्षों के तलाक को मंगलवार को मंजूरी दे दी. 

हनी सिंह ने कहा- साथ रहने का अब कोई औचित्य नहीं
हनी सिंह पर उनकी पत्नी शालिनी तलवार ने घरेलू हिंसा सहित कई आरोप लगाए थे. कोर्ट ने तलाक को मंजूरी देने से पहले हनी सिंह से आखिरी बार पूछा कि क्या वह अब भी अपनी पत्नी के साथ रहने की कोशिश करना चाहते हैं? इस पर हनी सिंह ने जवाब दिया कि अब साथ रहने का कोई भी औचित्य नहीं है. अब साथ रहना नामुमकिन है. हनी की इस बात पर शालिनी ने भी हामी भरी. इसके बाद कोर्ट ने दोनों पक्ष को अलग रहने की रजामंदी दे दी. कपल के बीच किन शर्तों को लेकर तलाक फाइनल हुआ, इसे बंद लिफाफे में सील रखा गया है. बता दें, पिछले साल सितंबर में हुई सुनवाई के बाद हनी सिंह ने समझौते के फैसले के तहत अपनी पत्नी शालिनी को एक करोड़ रुपए का डिमांड ड्राफ्ट भी सौंपा था. 

हनी सिंह पर घरेलू हिंसा सहित लगाए थे कई आरोप 
रैपर हनी सिंह पर साल 2021 में उनकी पत्नी शालिनी तलवार ने घरेलू हिंसा के आरोप लगाए थे. इस दौरान उनकी फैमिली पर भी उनकी पत्नी ने कई आरोप लगाए थे, जिसमें मानसिक और शारीरिक तौर पर प्रताड़ित करने की बात कही गई थी. इसके अलावा शालिनी का कहना था कि हनी सिंह ने उन्हें चीट किया है और पैसों को लेकर भी उनके साथ फ्रॉड किया गया है. लेकिन हनी सिंह ने शालिनी के सभी आरोपों को झूठ बताकर खारिज कर दिया था. 

अवैध संबंध की भी कही थी बात
शालिनी ने आरोप लगाते हुए कहा था कि शादी को इतने साल हो गए हैं, लेकिन बदले में उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से सिर्फ प्रताड़ित ही किया गया है. इंटरनेशनल टूर पर जाने के बहाने हनी कई महिलाओं के साथ अवैध शारीरिक संबंध भी बनाते हैं. हनी ने उनके साथ जानवरों की तरह बर्ताव किया है और यही कारण है कि वह उनसे अलग होना चाहती हैं. बता दें कि पिछले कुछ समय से हनी सिंह का नाम मॉडल टीना ठडानी से जोड़ा जा रहा है. 

ऐसी रही लव स्टोरी
बता दें कि, हनी सिंह और शालिनी तलवार बचपन से एक-दूसरे को जानते थे. स्कूल से ही दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे थे. हालांकि, लंबे समय तक डेटिंग के बाद कपल ने शादी करने का फैसला लिया. साल 2011 में दोनों ने एक गुरुद्वारे में शादी की. हालांकि, शादी की खबर भी किसी को पता नहीं चली. उनकी शालिनी संग अफेयर की खबरें आने लगी थी. इसके बाद खुद रैप हनी सिंह ने एक रिएलिटी शो के दौरान शादी की बात का खुलासा किया था. उन्होंने बताया था कि वो शादीशुदा हैं और उनकी शादी को तीन साल हो चुके हैं. हालांकि, दोनों के बीच सबकुछ अच्छा चल रहा था, लेकिन 2021 में दोनों की कहानी ने नया मोड़ ले लिया और शालिनी ने हनी सिंह पर मारपीट के आरोप लगा दिए. अब 2023 में दोनों के तलाक को अदालत ने मंजूरी दे दी है.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement