कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना एक बार फिर अपने फेमस शो India’s Got Latent के दूसरे सीजन के साथ धमाकेदार वापसी कर चुके हैं. इस बार शो का पहला एपिसोड ही इतना चर्चा में आ गया कि सोशल मीडिया से लेकर ओटीटी प्लेटफॉर्म तक हर जगह इसकी ही बातें हो रही हैं. शो का पहला एपिसोड Netflix और यूट्यूब पर रिलीज हुआ है.
सीजन 2 के पहले ही एपिसोड में इस बार जजों की कुर्सी पर नजर आईं बॉलीवुड अभिनेत्री Alia Bhatt और एक्ट्रेस Sharvari Wagh. दोनों की मौजूदगी को लेकर जहां एक तरफ फैंस में उत्साह दिखा, वहीं कुछ दर्शकों ने सोशल मीडिया पर शो के पुराने 'अनफिल्टर्ड और बेबाक' अंदाज के बदलने की आलोचना भी की. कुछ लोगों का कहना था कि बड़े सितारों की एंट्री से शो का असली मजा थोड़ा कम हो गया है.
कौन हैं सुकृत देव
हालांकि आलोचनाओं के बीच भी कंटेस्टेंट्स ने पूरा रंग जमा दिया. कई प्रतिभागियों ने अपनी कॉमिक टाइमिंग और परफॉर्मेंस से दर्शकों को खूब हंसाया, लेकिन इनमें से एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में रहा सुकृत देव (Sukrut Deo). महाराष्ट्र से ताल्लुक रखने वाले सुकृत एक थिएटर कलाकार, एक्टर, कवि और कॉमेडियन हैं. वह पिछले 7 सालों से मराठी थिएटर से जुड़े हुए हैं और कुछ मराठी टीवी शोज में छोटे रोल भी कर चुके हैं.
वायरल ड्रंक एक्ट गाइ के नाम से हो रहे ट्रेंड
इस एपिसोड में सुकृत का ड्रंक एक्ट परफॉर्मेंस सबसे अलग और यादगार साबित हुआ. उन्होंने इतनी नैचुरल एक्टिंग की कि न सिर्फ जज बल्कि दर्शक भी उनकी तारीफ करने लगे. उनकी परफॉर्मेंस के दौरान कई बार पूरा स्टूडियो हंसी से गूंज उठा. इसी एक्ट की वजह से वह सोशल मीडिया पर वायरल ड्रंक एक्ट गाइ के नाम से ट्रेंड करने लगे हैं.
भुवन बाम और समय रैना के बड़े फैन हैं सुकृत
सुकृत का एक और खास पल तब आया जब उन्होंने बताया कि वह कॉमेडियन भुवन बाम और समय रैना के बड़े फैन हैं. इसी दौरान शो में एक मजेदार मोड़ आया जब समय रैना ने अचानक फोन पर भुवन बाम से वीडियो कॉल करवाकर सुकृत की उनसे बातचीत करवाई. यह पल सुकृत के लिए किसी सपने के पूरे होने जैसा था और वह बेहद भावुक हो गए.
मंच पर ही रो पड़े सुकृत
परफॉर्मेंस के अंत में जब सुकृत ने अपना किरदार तोड़कर असली आवाज में अपना परिचय दिया, तो पूरा माहौल बदल गया. उन्होंने बताया कि थिएटर में सालों की मेहनत और स्ट्रगल के बाद यह मंच उनके लिए बहुत खास है. उनकी ईमानदारी और भावुकता ने जजों का दिल जीत लिया. अंत में एक्ट्रेस शरवरी ने उन्हें गले लगाया, जिसके बाद सुकृत अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए और मंच पर ही रो पड़े. सभी पांचों जजों ने उनकी परफॉर्मेंस को 10 में से 10 नंबर दिए, जो इस एपिसोड का सबसे बड़ा हाईलाइट बन गया. सोशल मीडिया पर भी लोग लगातार उनके वीडियो क्लिप शेयर कर रहे हैं और उनकी तारीफ कर रहे हैं.