कंगना रनौत की फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' दिल्ली में टैक्स फ्री हो गई है. फिल्म की लीड एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत इन दिनों अपनी टीम के साथ देशभर में फिल्म का प्रमोशन कर रही हैं. भुवनेश्वर और रायपुर में स्क्रीनिंग के बाद कंगना ने मंगलवार को दिल्ली में फिल्म की स्क्रीनिंग रखी थी. स्क्रीनिंग में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी शिरकत की. इस दौरान कंगना रनौत और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मिलकर कई रियल-लाइफ हीरोज को सम्मानित किया. फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'भारत भाग्य विधाता' को दिल्ली में टैक्स फ्री करने का ऐलान किया.
पुलिसकर्मी, नर्स और सफाईकर्मियों को किया सम्मानित
फिल्म की टीम देशभर में विशेष स्क्रीनिंग आयोजित कर रही है. इन आयोजनों में पुलिसकर्मियों, नर्सों, वार्ड बॉय, सफाई कर्मचारियों, सुरक्षा गार्ड और अन्य फ्रंटलाइन वर्कर्स को आमंत्रित किया जा रहा है. दिल्ली कार्यक्रम में भी निशी पाठक, पुष्पा, सुमन, मेनका, नम्रता यादव, नीति शर्मा, बीके खुराना और शशि लाल समेत कई लोगों को 'भारत भाग्य विधाता' बैज देकर सम्मानित किया गया.
फिल्म टैक्स फ्री कैसे होती है?
भारत में किसी फिल्म को टैक्स फ्री घोषित करने का अधिकार राज्य सरकारों के पास होता है. जब किसी फिल्म को सामाजिक, ऐतिहासिक, शैक्षणिक या राष्ट्रहित से जुड़ा माना जाता है, तब राज्य सरकार उस पर लगने वाले एंटरटेनमेंट टैक्स या राज्य स्तर के करों में छूट दे सकती है. इससे टिकट की कीमत कुछ हद तक कम हो जाती है और ज्यादा दर्शक फिल्म देखने के लिए प्रेरित होते हैं.
मान लीजिए किसी फिल्म की बेस टिकट कीमत 170 रुपये है और उस पर कुल 30 रुपये टैक्स लग रहा है. तो टिकट की कुल कीमत 200 रुपये हो जाती है. अगर फिल्म टैक्स फ्री हो जाती है और पूरा टैक्स हटा दिया जाता है, तो टिकट की कीमत करीब 170 रुपये रह जाएगी. यानी दर्शक को एक टिकट पर 30 रुपये की बचत होगी.
कब रिलीज होगी फिल्म?
'भारत भाग्य विधाता' को पेन स्टूडियोज, मणिकर्णिका फिल्म्स और परमहंस क्रिएशंस ने मिलकर प्रोड्यूस किया है. फिल्म को डॉ. जयंतीलाल गड़ा प्रस्तुत कर रहे हैं. यह फिल्म 12 जून 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. हाल ही में फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज किया गया था जिसे दर्शकों ने कूब पसंद किया.