Advertisement

RSS-BJP की विचारधारा अपनाना चाहती हैं कंगना रनौत, बोलीं- 'मैं कन्वर्ट क्यों नहीं हो सकती?...'

कंगना ने कहा कि जब भी वह हिंदू समाज या महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रखती हैं तो कुछ लोग उनके पुराने जीवन की बातें उठाकर उन्हें घेरने की कोशिश करते हैं.

Kangana Ranaut
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 03 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 4:44 PM IST

हाल ही में 'जनरेशन गटर' कमेंट को लेकर विवादों में घिरीं एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयान की वजह से चर्चा में हैं. इस बार उन्होंने कहा है कि वह पहले खुद को एक मॉडरेट हिंदू मानती थीं, लेकिन अब वह कन्वर्ट होकर जागृत हिंदू बनना चाहती हैं. इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में कंगना ने कहा कि उन्हें अक्सर ताना दिया जाता है कि वह कब से 'संघी' बन गईं, लेकिन अब वह खुलकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा की विचारधारा को अपनाना चाहती हैं.

मैं RSS और BJP की विचारधारा अपनाना चाहती हूं
वीडियो में कंगना ने कहा कि लोग उनसे पूछते हैं कि वह कब से 'संघी' बन गईं. इस पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा, 'मैं संघी बनना चाहती हूं. मैं RSS और BJP की विचारधारा में कन्वर्ट होना चाहती हूं, जिसे मैं जागृत हिंदू की विचारधारा मानती हूं. इसमें गलत क्या है?' उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने विचार बदलने और नई सोच अपनाने का अधिकार है, इसलिए उनके लिए भी यह रास्ता खुला होना चाहिए.

पुरानी जिंदगी को लेकर मुझे निशाना बनाया जाता है
कंगना ने कहा कि जब भी वह हिंदू समाज या महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रखती हैं तो कुछ लोग उनके पुराने जीवन की बातें उठाकर उन्हें घेरने की कोशिश करते हैं. उनके मुताबिक, लोग कहते हैं कि वह पहले पार्टियां करती थीं और अलग तरह की जिंदगी जीती थीं, इसलिए अब उनके विचारों पर सवाल उठाए जाते हैं.

 

उन्होंने कहा कि वह अपने अतीत का बचाव नहीं करना चाहतीं, लेकिन यह भी याद रखना चाहिए कि उन्होंने अपने फिल्मी करियर के दौरान समान वेतन, भाई-भतीजावाद और आइटम नंबर जैसे मुद्दों पर खुलकर आवाज उठाई थी.

'जनरेशन गटर' बयान पर भी मचा था विवाद
इससे पहले कंगना रनौत ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे कुछ युवाओं के वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें जनरेशन गटर कहा था. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कहा था कि वीडियो में दिखाई दे रही भाषा और व्यवहार उन्हें बेहद आपत्तिजनक लगा. उन्होंने यह भी सवाल उठाया था कि ऐसी सोच और व्यवहार वाली पीढ़ी को किस तरह की परवरिश मिल रही है.

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
कंगना के दोनों बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए हैं. एक ओर उनके समर्थक इसे उनके व्यक्तिगत विचार और वैचारिक बदलाव का अधिकार बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई यूजर्स ने उनके बयानों को लेकर आलोचना की है. ताजा वीडियो पर तो कंगना के फैंस उन्हें जमकर सपोर्ट कर रहे हैं.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement