नेटफ्लिक्स के इवेंट में कपिल शर्मा ने उड़ाया 'गैंगस्टर' का मजाक, लाइव स्ट्रीमिंग का एहसास होते ही रुके

कपिल शर्मा हाल ही में 'किस किसको प्यार करूं 2' में नजर आए थे. जल्द ही वे 'दादी की शादी' में दिखाई देंगे. इसके अलावा वे नेटफ्लिक्स पर 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' को भी होस्ट कर रहे हैं.

Kapil Sharma
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 04 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 2:40 PM IST

मुंबई में मंगलवार शाम नेटफ्लिक्स के 'व्हाट्स नेक्स्ट' इवेंट के दौरान कपिल शर्मा के मजाकिया अंदाज ने गंभीर मोड़ ले लिया. मंच पर बातचीत के दौरान कपिल ने हाल ही में सेलेब्स को मिल रहीं गैंगस्टर धमकियों को लेकर हल्का-सा मजाक किया लेकिन जैसे ही उन्हें एहसास हुआ कि कार्यक्रम लाइव स्ट्रीम हो रहा है, उन्होंने तुरंत बात संभालने की कोशिश की. यह वाकया उस समय चर्चा में आया है, जब कपिल के कनाडा स्थित कैफे पर बीते महीनों में लगातार फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं.

'हमारी नजर आप पर थी…'
इवेंट में कपिल शर्मा के साथ नेटफ्लिक्स इंडिया की CEO मोनिका शेरगिल भी मंच पर थीं. कपिल के साथ लंबे समय से जुड़ाव की बात करते हुए मोनिका ने मजाकिया अंदाज में कहा, हमारी नजर, इंडिया की नजर तो बहुत समय से आप पर है कपिल. उम्मीद है 11 मुल्कों की पुलिस की नजर आप पर न हो. इस पर ऑडियंस ठहाके लगाने लगी. माहौल हल्का था, लेकिन कपिल के जवाब ने सबका ध्यान खींच लिया.

एक-दो मुल्कों के गैंगस्टर भी लगे हैं आजकल
हंसते हुए कपिल शर्मा ने कहा, एक-दो मुल्कों के गैंगस्टर भी लगे हुए हैं आजकल. यह बात सीधे तौर पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके गिरोह की ओर इशारा मानी गई. हालांकि, कुछ ही सेकेंड में कपिल को एहसास हुआ कि मामला संवेदनशील है. उन्होंने हंसते हुए कैमरा पर्सन्स से कहा कि इस हिस्से को काट दिया जाए. तभी उन्हें पता चला कि इवेंट तो लाइव जा रहा है, जिस पर उन्होंने मजाक में पूछा कि अब कितना रिकॉर्ड करेंगे?

कनाडा में कपिल के कैफे पर 4 महीने में 3 फायरिंग
दरअसल, कपिल शर्मा और उनकी पत्नी गिन्नी चतरथ ने साल 2025 में कनाडा के सरे (Surrey) में कप्स कैफे नाम से एक रेस्टोरेंट खोला था. जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर महज चार महीनों में इस कैफे पर तीन बार फायरिंग हुई. इन हमलों की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े गोल्डी ढिल्लों और कुलदीप सिद्धू उर्फ कुलवीर सिद्धू ने सोशल मीडिया पर ली थी. उन्होंने आम जनता को कैफे से दूर रहने की चेतावनी भी दी थी.

दिल्ली पुलिस की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार
इन घटनाओं में किसी के घायल होने की खबर नहीं आई, लेकिन संपत्ति को नुकसान जरूर हुआ. नवंबर में दिल्ली पुलिस ने अगस्त की फायरिंग के एक कथित मास्टरमाइंड बंधु मान सिंह सेखों को गिरफ्तार किया, जो गोल्डी ढिल्लों गैंग से जुड़ा बताया गया.

प्रोफेशनल फ्रंट पर व्यस्त कपिल
वर्कफ्रंट की बात करें तो कपिल शर्मा हाल ही में 'किस किसको प्यार करूं 2' में नजर आए थे. जल्द ही वे 'दादी की शादी' में दिखाई देंगे. इसके अलावा वे नेटफ्लिक्स पर 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' को भी होस्ट कर रहे हैं.

Read more!

RECOMMENDED