Advertisement

सैफ को खून से लथपथ देख सड़क पर नाइट टी-शर्ट में भागी थीं करीना, तैमूर ने पूछा था- अब्बा मर जाएंगे क्या?

करीना और सैफ ने शो में हमले के बाद परिवार पर पड़े असर, बच्चों के रिएक्शन और उस रात के हालात के बारे में खुलकर बात की. करीना ने बताया कि इस घटना के बाद वह करीब छह महीने तक ठीक से सो नहीं पाईं.

Kareena Kapoor
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 3:16 PM IST
  • टी-शर्ट में सड़क पर दौड़ी थीं करीना
  • छह महीने तक ठीक से सो नहीं पाईं करीना

एक्ट्रेस करीना कपूर खान ने जनवरी 2025 की उस डरावनी रात को याद किया है, जब उनके पति सैफ अली खान पर घर में घुसे एक हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया था. सैफ खून से लथपथ थे. घबराहट में करीना ने न कपड़े बदलने की सुध ली और न ही किसी गाड़ी का इंतजार किया. वह रात की टी-शर्ट पहनकर ही सड़क पर दौड़ पड़ीं और ऑटो रिक्शा रोकने के लिए चिल्लाने लगीं. इस घटना का जिक्र उन्होंने करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण' के नए एपिसोड में किया.

करीना और सैफ ने शो में हमले के बाद परिवार पर पड़े असर, बच्चों के रिएक्शन और उस रात के हालात के बारे में खुलकर बात की. करीना ने बताया कि इस घटना के बाद वह करीब छह महीने तक ठीक से सो नहीं पाईं.

टी-शर्ट में सड़क पर दौड़ी थीं करीना
करीना ने बताया कि सैफ को घायल हालत में देखकर वह उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए घर से बाहर भागीं. उस समय उन्हें अपने कपड़ों की भी परवाह नहीं थी. उन्होंने कहा, 'मैं अपनी रात वाली टी-शर्ट में थी. सड़क पर चिल्ला रही थी- रुको, रुको. मुझे पायजामा पहनने तक का समय नहीं मिला. मैं सड़क पर दौड़ रही थी. ऐसा लग रहा था जैसे किसी फिल्म का सीन हो. सैफ के शरीर से खून बह रहा था और मैं पागलों की तरह ऑटो रिक्शा ढूंढ रही थी.'

करीना ने बताया कि वह पहली बार इस घटना के बारे में पब्लिकली बात कर रही हैं. सैफ ने इस दौरान मजाक में कहा कि करीना की टी-शर्ट बहुत छोटी थी और अगर उस समय किसी ने उनका वीडियो बना लिया होता तो वह काफी अलग वीडियो होता.

 

तैमूर ने पूछा- अब्बा मर जाएंगे क्या?
करीना ने उस पल को भी याद किया जब उन्होंने लिफ्ट में सैफ को गंभीर रूप से घायल देखा. उनका बेटा तैमूर भी उस समय वहीं मौजूद था. पिता की हालत देखकर उसने पूछा, 'अब्बा, क्या आप मरने वाले हैं?' करीना ने बताया, 'जब मैंने लिफ्ट में सैफ को देखा तो उनसे कहा- ऐसा मत करो. तैमूर ने भी उन्हें देखकर यही सवाल किया. सैफ ने मुझे इशारे से समझाया कि उन्हें अस्पताल ले जाओ.' सैफ ने बताया कि उनके गले पर चाकू के गहरे घाव थे और टूटे हुए चाकू का एक टुकड़ा उनकी पीठ में फंस गया था. उनकी रीढ़ की हड्डी पर भी चोट आई. करीना ने बताया कि चाकू एक मिलीमीटर और अंदर चला जाता तो चोट जानलेवा हो सकती थी.

सर्जरी के बाद रो पड़े इब्राहिम
सैफ ने बताया कि ऑपरेशन के बाद जब उन्हें होश आया तो परिवार के लोग उनके पास मौजूद थे. सैफ के बताया, 'इब्राहिम बहुत परेशान था. मैंने उसे आमतौर पर इस तरह अपनी भावनाएं जाहिर करते नहीं देखा. वह रो रहा था और बहुत गुस्से में था. वह हमलावर को पकड़ना चाहता था.' करण जौहर ने बताया कि सैफ के अस्पताल से बाहर आने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें और साजिश की थ्योरी सामने आई थीं. करीना ने इन्हें अजीब बताया.

घर में ड्राइवर क्यों नहीं था?
हमले के बाद यह सवाल भी उठा था कि घर में ड्राइवर मौजूद क्यों नहीं था. इस पर सैफ ने बताया कि ड्राइवर शाम को अपने परिवार के पास घर चला जाता है, इसलिए उस समय वह मौजूद नहीं था. करीना ने बताया कि सैफ को उनके बेटे और हरि अस्पताल लेकर गए थे. करण ने हैरानी जताते हुए कहा कि नौ साल के बच्चे के सामने अपने घायल पिता को अस्पताल ले जाने की कितनी मुश्किल स्थिति रही होगी. आखिरकार सैफ को ऑटो रिक्शा से लीलावती अस्पताल पहुंचाया गया.

छह महीने तक ठीक से सो नहीं पाईं करीना
करीना ने बताया कि सैफ उस मुश्किल समय में भी काफी शांत थे और फोन पर लोगों से बात कर रहे थे. लेकिन वह खुद अंदर से पूरी तरह टूट गई थीं. घटना के बाद करीब छह महीने तक उन्हें ठीक से नींद नहीं आई. उन्होंने कहा कि यह उनके परिवार के लिए सबसे बुरा अनुभव था.

16 जनवरी 2025 को घर में घुसा था हमलावर
यह घटना 16 जनवरी 2025 की रात करीब 2 बजे मुंबई स्थित सैफ और करीना के घर पर हुई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, घर में घुसे हमलावर ने एक करोड़ रुपए की मांग की थी और वह उनके छोटे बेटे जेह के कमरे तक पहुंच गया था. बेटे को बचाने के लिए सैफ ने हमलावर का सामना किया. इस दौरान उन पर चाकू से कई वार किए गए. गर्दन और पीठ पर गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब छह घंटे तक उनकी सर्जरी चली. हमले के पांच दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement