साल 2021 की शुरुआत में कार्तिक आर्यन और करण जौहर के बीच कुछ अनबन की खबरें आई थीं. खबर थी कि करण और कार्तिक के बीच किसी बात को लेकर बात नहीं बनी जिस वजह से करण ने उन्हें फिल्म दोस्ताना 2 से बाहर निकाल दिया. जबकि कार्तिक फिल्म की 50 फीसदी शूटिंग पूरी कर चुके थे. धर्मा प्रोडक्शन कई बार इस बात को बोल चुका कि फिल्म में कार्तिक आर्यन की जगह कोई और एक्टर होगा और कार्तिक आगे से धर्मा प्रोडक्शन की किसूी भी फिल्म में काम नहीं करेंगे.हालांकि इसकी वजह अभी तक सामने नहीं आई थी.
लोग बात का बतंगड़ बनाते हैं- कार्तिक
मगर अब हाल ही में इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक इंटरव्यू में जब कार्तिक से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने इस मामले पर खुलकर अपनी बात रखी. कार्तिक से सवाल किया गया कि फिल्मी बैकग्राउंड का ना होने की वजह से क्या इंडस्ट्री में लोगों से खटपट होने का असर उनके काम पर पड़ा? इस बात के जवाब में कार्तिक ने कहा कि वो सिर्फ अपने काम पर फोकस करते हैं और अभी उनके पास काफी काम हैं. वहीं अपने खिलाफ लॉबिंग की बात पर कार्तिक ने कहा, 'होता क्या है कि लोग आपकी बात का 'बतंगड़' बनाते हैं. इससे ज्यादा कुछ नहीं है. किसी के पास इतना समय नहीं है इतना सोचने के लिए. हर कोई सिर्फ काम करना चाहता है, अच्छा काम करो. इसके अलावा, चीजें सिर्फ अफवाहें हैं.'
फैमिली को होती है परेशानी
कार्तिक ने इससे पहले कहा था कि उनकी प्रोफेशनल लाइफ में चल रही कंट्रोवर्सीज की वजह से उनके परिवार वाले परेशान होते हैं. पिछले साल नवंबर में आरजे सिद्धार्थ कन्नन के साथ बात करते हुए कार्तिक ने कहा, “कई बार जब चीजें बहुत ज्यादा बढ़ जाती हैं, तो एक प्वाइंट पर ये आपको परेशान करने लगती हैं कि ऐसा क्यों हो रहा है? लेकिन उसके बाद, मुझे अपने परिवार के लिए बुरा लगता है क्योंकि वे इस दुनिया के नहीं हैं. चूंकि मैं इस इंडस्ट्री से हूं, मैंने देखा है कि कुछ भी मायने नहीं रखता है. आपको बस अपने काम पर ध्यान देने की जरूरत है. लेकिन कई बार इन सब चीजों से आपकी फैमिली परेशान होती है. बस यही एक चीज है जिससे मैं कभी-कभी चिंतित हो जाता हूं. इसके अलावा, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता."
कार्तिक की आने वाली फिल्में
बात अगर कार्तिक की आने वाली फिल्मों की करें तो कार्तिक आर्यन बहुत जल्द साल 2007 में आई फिल्म भूल भूलैया के सीक्वल भूल भूलैया 2 में नजर आएंगे. यह एक हॉरर कॉमेडी फिल्म थी जिसमें अक्षय कुमार और विद्या बालन लीड किरदार में नजर आए थे. इस फिल्म में हमें कार्तिक और कियारा आडवाणी की जोड़ी देखने को मिलेगी. इनके अलावा फिल्म में राजपाल यादव और तब्बू भी अहम भूमिका में होंगे. फिल्म 20 मई को रिलीज होगी. इसके अलावा कार्तिक के खाते में 'शहजादा' और 'कैप्टन इंडिया' जैसी फिल्में भी हैं.