Advertisement

KK Birth Anniversary: देश और दुनिया के करोड़ों लोगों के दिलों में छोड़ गए अपनी छाप... केके ने कभी नहीं ली कोई म्यूजिक ट्रेनिंग, कुछ ऐसी है कहानी

KK Birth Anniversary: कृष्णकुमार कुन्नाथ यानी केके म्यूजिक इंडस्ट्री के सबसे पॉपुलर सिंगर्स में से एक हैं. आज उन्हें सभी याद कर रहे हैं. बता दें, केके ने कभी भी सिंगिंग की ट्रेनिंग नहीं ली. वे हमेशा अपने दिल से गाते रहे और लोगों के दिलों में इसी तरह उन्होंने जगह बना ली. केके आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन वे हमेशा अपने गानों के साथ हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे.

कृष्णकुमार कुन्नाथ
अपूर्वा सिंह
  • नई दिल्ली,
  • 23 अगस्त 2022,
  • अपडेटेड 12:03 AM IST
  • केके ने कभी नहीं ली कोई म्यूजिक ट्रेनिंग 
  • एक ही लड़की को किया डेट फिर उससे की शादी 

स्कूल के दिनों में दिल टूटने पर घर आकर छुपकर ‘तड़प तड़प के इस दिल से’ सुनना हो या फेयरवेल पर दोस्तों के साथ भरी हुई आवाज में अलविदा कहते हुए ‘यारों दोस्ती बड़ी ही हसीन है’ गाना हो, 90 के दशक में पैदा हुए लगभग हर बच्चे ने दोस्ती में, मोहब्बत में, रुसवाई में, बेवफाई में यहां तक कि जुदाई में केके को सुना. केके यानी कृष्णकुमार कुन्नाथ. 23 अगस्त 1968 को जन्मे केके को आज सभी याद कर रहे हैं. 

सन् 1999 से 2022 तक केके गाते रहे और हम सभी उनके साथ गुनगुनाते रहे. फिर चाहे वो ‘पल ये हैं प्यार के पल’ हो, ‘यारों दोस्ती बड़ी ही हसीन’ हो, ‘तू ही मेरी शब है’ हो, ‘अलविदा’ हो, ‘खुदा जाने’ हो, ‘आंखों में तेरी’ हो, ‘बीते लम्हे’ हो या कोई भी उम्र हो या फिर कोई भी मूड… हमने केके को सुना. 

हालांकि, एक मलयालम परिवार से निकलकर देश और दुनिया के करोड़ों लोगों के दिलों में अपनी छाप छोड़ जाने के पीछे लंबा संघर्ष रहा. उनकी शादी से लेकर उनकी पहली नौकरी तक चलिए डालते हैं उनकी जिंदगी पर एक नजर....

मलयाली परिवार से था ताल्लुक 

कृष्णकुमार कुन्नाथ के रूप में जन्मे केके म्यूजिक इंडस्ट्री के सबसे महान गायकों में से एक हैं. केके ने हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, मराठी और बंगाली में कई हिट ट्रैक रिकॉर्ड किए. केके एक मलयाली  परिवार में जन्मे थे. हालांकि, माता-पता सीएस मेनन और कुनाथ कनकवल्ली ने केके का पालन-पोषण दिल्ली में किया. केक की स्कूली शिक्षा माउंट सेंट मैरी स्कूल हुई, जिसके बाद वे ग्रेजुएशन के लिए दिल्ली युनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज में गए. 

केके ने कभी नहीं ली कोई म्यूजिक ट्रेनिंग 

केके की संगीत यात्रा काफी पहले शुरू हो गई थी. वह अपनी मां के गाए हुए रिकार्डेड मलयालम गाने सुनते थे. हालांकि आपको जानकर हैरानी होगी कि केके ने सिंगिंग की कभी कोई औपचारिक ट्रेनिंग नहीं ली. उन्हें सिंगिंग से प्यार था और इसका एहसास उन्हें स्कूल के एक प्रदर्शन के दौरान ही हो गया था. 

एक ही लड़की को किया डेट फिर उससे की शादी 

बता दें, ग्लैमर की दुनिया में ऐसे बहुत कम कलाकार होते हैं, जिनका नाम कभी किसी के साथ नहीं जोड़ा गया हो, केके उन्हीं में से एक थे. केके ने अपने पूरे जीवन में केवल एक ही लड़की लक्ष्मी कृष्णा को डेट किया और फिर उनसे शादी कर ली. केके की मुलाकात ज्योति से क्लास 6 में हुई थी और तब से वे एक साथ थे. केके और ज्योति ने 1991 में शादी की.  

केके के प्यार के बारे में इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि 2017 के आज तक शो में प्यार दीवाना होता है गाया था, इस दौरान केके ने बताया कि ये वही गाना है जिसे गाकर उन्होंने ज्योति को लुभाया था. 

सिंगर बनने से पहले की थी सेल्समैन 

ज्योति से शादी करने से पहले, केके को एक नौकरी ढूंढनी थी और उस वक्त उन्होंने एक सेल्समैन की नौकरी की थी. लेकिन ज्योति से शादी के तुरंत बाद, केके ने उस नौकरी को छोड़ दिया था. अपने पिता और पत्नी के सहयोग से ही केके ने सिंगिंग में अपनी किस्मत आजमाई थी. उन्होंने एक कीबोर्ड खरीदा और शिबानी कश्यप और सैबल बसु के साथ जिंगल बनाना शुरू कर दिया. हालांकि वे इससे भी खुद नहीं थे. नतीजतन, उन्होंने दिल्ली की सुख-सुविधाओं को छोड़ दिया और सपनों के शहर, मुंबई के लिए रवाना हो गए. इसी शहर से उनकी किस्मत चमकी और केके ने एक के बाद एक हिट गाने दिए.     

रोमांटिक गाने से लेकर मोटीवेट करने वाले गाने तक केके की सुरीली आवाज लाखों लोगों तक पहुंची. हालांकि सिंगर ने हमेशा खुद को मीडिया की चकाचौंध से दूर रखा था. लेकिन उनके गानों ने उनकी अलग पहचान बनाई. 31 मई, 2022 को, 53 साल के सिंगर ने अपने दोस्तों, परिवार और लाखों प्रशंसकों को चौंकाते हुए दुनिया को अलविदा कह दिया. हालांकि, अपने गानों से खुद को सदियों तक जिंदा रखने का इंतजाम कर गए. 

आप सबकी यादों में हमेशा जिंदा रहेंगे केके! 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement