Advertisement

Panchayat Amma ji: 35 में टूट गए सारे दांत, फिर 54 में शुरू किया एक्टिंग करियर, अब Panchayat-3 में दिल जीत रही हैं Abha Sharma

35 साल की मामूली उम्र में एक बीमारी के कारण आभा के सारे दांत टूट गए थे. वह 54 साल की उम्र तक एक्टिंग भी नहीं कर सकी थीं. लेकिन 74 साल की उम्र में वह देश की बेहद लोकप्रिय वेब सीरीज में एक किरदार भी निभा रही हैं और लोगों की चहेती भी बन गई हैं. 

gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 12 जून 2024,
  • अपडेटेड 9:27 PM IST
  • अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम हो रही है पंचायत-3
  • सीरीज में अम्मा जी का किरदार निभाती हैं आभा

"22 तक पढ़ाई, 25 पर नौकरी, 26 पर छोकरी, 30 पर बच्चे, 60 पर रिटायरमेंट और फिर मौत का इंतजार...."
ये जवानी है दीवानी में रणबीर कपूर का यह डायलॉग एक आम इंसान की जिन्दगी को बहुत आसान शब्दों में परिभाषित करता है. लेकिन अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम हो रही सीरीज पंचायत-3 में अम्मा जी का किरदार निभाने वाली आभा शर्मा ने साबित किया है कि अगर इंसान जीवन में कुछ ठान ले तो जीवन की कोई निरंतरता, कोई अड़चन उसे सपनों को साकार करने से नहीं रोक सकती. 35 साल की मामूली उम्र में एक बीमारी के कारण आभा के सारे दांत टूट गए थे. वह 54 साल की उम्र तक एक्टिंग भी नहीं कर सकी थीं. लेकिन 74 साल की उम्र में वह देश की बेहद लोकप्रिय वेब सीरीज में एक किरदार भी निभा रही हैं और लोगों की चहेती भी बन गई हैं. 

मां के कारण नहीं चुना एक्टिंग में करियर 
आभा हमेशा से एक अभिनेता बनना चाहती थीं लेकिन मां का समर्थन न होने के कारण वह इस पेशे से बहुत लंबे समय तक नहीं जुड़ सकीं. इंडियन एक्सप्रेस के साथ खास बातचीत में 75 साल की आभा शर्मा ने अपने जीवन के उतार-चढ़ाव के कई किस्से सुनाए. आभा बताती हैं, "मैं बचपन से ही एक्टर बनना चाहती थी. लेकिन, मेरी मां को फिल्म इंडस्ट्री मंजूर नहीं थी. उन्हें यह पेशा पसंद नहीं था. और मैं उनकी इच्छा के खिलाफ नहीं जाना चाहती थी. हालांकि मेरे परिवार में लोग अच्छे-खासे पढ़े लिखे थे, लेकिन वे थोड़े रूढ़िवादी थे. मेरी मां के निधन के बाद मैंने एक बार फिर एक्टिंग करना शुरू कर दिया. इस बार मुझे मेरे भाई-बहनों का समर्थन मिला." 

इस वजह से कभी नहीं की शादी 
आभा अपने परिवार में सबसे छोटी थीं. उनकी एक बड़ी बहन और भाई थे जो अब इस दुनिया में नहीं हैं. पिता की मृत्यु के बाद बीमार मां का ख्याल रखने की जिम्मेदारी आभा पर आ गई. इस वजह से उन्होंने कभी शादी नहीं की. हमेशा से एक कलाकार बनने की चाहत रखने वाली आभा ने जेजे स्कूल ऑफ आर्ट्स से डिप्लोमा हासिल किया और 1979 में वह एक अध्यापिका बन गईं. 

आभा के लिए जीवन का संघर्ष यहीं खत्म नहीं हुआ. महज 35 की उम्र में मसूड़ों में इन्फेक्शन की वजह से उनके सारे दांत टूट गए. इसके बावजूद उन्होंने काम करना जारी रखा. फिर 45 की उम्र में एक बीमारी के कारण उनके हाथ-पैरों में कंपन शुरू हो गया. जीवन के निरंतर कठिन होने के बावजूद आभा ने कभी मायूसी को हावी नहीं होने दिया. सबसे खास बात यह कि वह कभी एक अदाकारा बनने का अपना सपना नहीं भूलीं. फिर 1991 में एक दिन उन्होंने बतौर अध्यापिका अपनी नौकरी छोड़ने का फैसला किया. 

...फिर भरी सपनों ने उड़ान 
साल 2008 में आभा ने आखिरकार लखनऊ में थिएटर करना शुरू कर दिया. सपनों का पीछा करते हुए आभा को भाई-बहन का समर्थन भी मिला, हालांकि उस वक्त उन्हें बहुत कम ड्रामों में अभिनय करने का मौका मिलता था. साल 2009 में आभा ने बैंक ऑफ बड़ौदा के एक एडवर्टाइजमेंट के लिए ऑडीशन दिया. यह उनका पहला ऑडीशन था. वह पहले ही ऑडीशन में सफल रहीं, जिसके बाद उन्हें मुंबई में ऐड शूट करने का मौका मिला. 

आभा अपने पहले एक्टिंग अनुभव के बारे में बताती हैं, "मुझे अपना पहला रोल इतनी आसानी से मिल गया कि मैं अभी भी उस पर काम नहीं कर पा रही थी. मैं उम्मीद कर रही थी कि 'मैं मुंबई तो जा रही हूं पर डायरेक्टर बोलेगा इससे काम नहीं होगा.' मैं काफी घबराई हुई और डरी हुई थी. मुझे जो विज्ञापन ऑफर किया गया था वह काफी बड़ा था. इतना बड़ा सेट देखकर डर गई थी. जो आदमी मेरे बगल में बैठा था, वह भी विज्ञापन का हिस्सा था. उसने मुझसे कहा, 'मैं नया हूं, मेरे साथ को-ऑपरेट करें.' मैंने कहा, 'मैं तुमसे भी नई हूं, आप भी मेरे साथ सहयोग करें.' लेकिन, जब मैंने अपना शॉट दिया, तो डायरेक्टर ने मुझसे कहा, 'मां जी, आप बहुत अच्छा कर रही हैं.' यह सुनकर मेरा सारा डर दूर हो गया." 

फिर फिल्मों में शुरू हुआ सफर 
इसके बाद आभा को कई फिल्मों में एक्टिंग के ऑफर आए, जिनमें से एक परिणीति चोपड़ा और अर्जुन कपूर की 'इशकज़ादे' थी. थिएटर में आभा के साथी अनुराग शुक्ला शिवा ने कोविड के बाद उन्हें पंचायत के लिए एक ऑडीशन टेप रिकॉर्ड करने के लिए राजी किया. इसी टेप ने आभा को पंचायत में अम्मा जी का रोल दिला दिया. आभा बताती हैं कि उस समय वह वेब सीरीज का मतलब नहीं जानती थीं लेकिन पंचायत के सेट पर पहुंचने के बाद वह सीरीज को लेकर बहुत उत्साहित हो गईं. 

54 साल की उम्र में अपना एक्टिंग करियर शुरू करने वाली आभा कहती हैं, "अगर आप किसी चीज को लेकर जुनून रखते हैं, तो उसका पीछा करें. मैं आशा करती हूं कि भगवान हर कलाकार की उसी तरह मदद करें जैसे मेरी की." 
आभा शर्मा अब जल्द ही संजय मिश्रा और महिमा चौधरी की फिल्म 'दुर्गा प्रसाद की दूसरी शादी' में दिखाई देंगी. वह 'कुंभ' नाम के एक और प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं, जो अभी रिलीज होनी बाकी है. 
 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement