मिर्जापुर अब बड़े पर्दे पर भौकाल मचाने के लिए तैयार है. गुड्डू पंडित और कालीन भइया की कहानी को आगे बढ़ाने वाली फिल्म मिर्जापुर: द मूवी 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. रिलीज से पहले फिल्म को लेकर एक दिलचस्प जानकारी सामने आई है. केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड यानी CBFC ने फिल्म में कई बदलाव करवाए हैं.
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, सेंसर बोर्ड ने फिल्म को पास करने से पहले गाली-गलौज और इंटीमेट कंटेंट में कट और बदलाव करने के निर्देश दिए. हालांकि, फिल्म के हिंसक और खून-खराबे वाले किसी भी सीन पर कैंची नहीं चली है. बदलावों के बाद फिल्म को A सर्टिफिकेट दिया गया है.
10 जगह गालियों पर चली कैंची, डायलॉग भी बदले
रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में चार जगह इस्तेमाल किए गए अपशब्दों को म्यूट करने के लिए कहा गया है. वहीं, छह जगह गाली वाले शब्दों को हटाकर उनकी जगह दूसरे डायलॉग इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए. इसके अलावा एक डायलॉग में इस्तेमाल किए गए गले से लग कर शब्दों में भी बदलाव किया गया है. फिल्म के पहले हिस्से में एक आपत्तिजनक शब्द को बदलकर कमर किया गया है. इंटरवल के बाद लंठ शब्द में भी बदलाव करने को कहा गया है. इसके अलावा कास्ट से जुड़े कुछ रेफरेंस में भी परिवर्तन किए गए हैं.
दो सीन्स में करीब आधा इंटीमेट कंटेंट कम हुआ
फिल्म के इंटीमेट सीन्स पर भी सेंसर बोर्ड ने बदलाव करवाए हैं. रिपोर्ट के अनुसार, दो अलग-अलग सीन्स में इंटीमेट विजुअल्स और साउंड को कम करने के निर्देश दिए गए. इनमें एक सीन फिल्म के पहले हाफ में है, जबकि दूसरा इंटरवल के बाद आता है. कुल मिलाकर करीब 35 सेकंड का इंटीमेट कंटेंट हटाया गया है. रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि इन दोनों हिस्सों में इंटीमेट कंटेंट को लगभग 50 फीसदी तक कम किया गया है.
हिंसा के सीन्स को नहीं छुआ
मिर्जापुर की पहचान ही इसकी हिंसा, गाली-गलौज और क्राइम से जुड़े कंटेंट के लिए रही है. ऐसे में फिल्म के हिंसक सीन्स को लेकर भी दर्शकों की नजर थी. हालांकि, CBFC ने फिल्म से एक भी हिंसा या खून-खराबे वाला सीन हटाने का निर्देश नहीं दिया. गालियों और इंटीमेट कंटेंट में बदलाव के बाद फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट मिल गया है. ‘A’ सर्टिफिकेट का मतलब है कि फिल्म सिर्फ वयस्क दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
3 घंटे 17 मिनट की होगी फिल्म
सेंसर सर्टिफिकेट के मुताबिक, मिर्जापुर: द मूवी की लंबाई 197.19 मिनट है. यानी दर्शकों को करीब 3 घंटे 17 मिनट 19 सेकंड लंबी फिल्म देखने को मिलेगी. फिल्म में सीरीज की कहानी से जुड़े कई पुराने और लोकप्रिय किरदार नजर आएंगे. पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, श्वेता त्रिपाठी और रवि किशन समेत कई कलाकार फिल्म का हिस्सा हैं.
4 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी मिर्जापुर: द मूवी
ओटीटी पर तीन सीजन के जरिए दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल करने के बाद अब ‘मिर्जापुर’ का सिनेमाई वर्जन सामने आने वाला है. फिल्म में क्राइम, हिंसा, गाली-गलौज और ड्रामा का वही अंदाज देखने को मिलेगा, जिसके लिए यह फ्रेंचाइजी जानी जाती है.
ये भी पढ़ें