Mirzapur The Movie: गद्दी का खेला फिर होगा शुरू... 4 सितंबर को आ रही थिएटर में मिर्जापुर: द मूवी, जानें कब रिलीज होगा इसका टीजर

फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स ने टीजर को लेकर एक बड़ा अपडेट शेयर किया है. उन्होंने घोषणा की है कि फिल्म का टीजर 25 जून को रिलीज हो जाएगा. फिलहाल टीजर लॉन्च से ठीक एक दिन पहले जारी किए गए नए पोस्टर ने दर्शकों की उत्सुकता को काफी हद तक बढ़ा दिया है.

Mirzapur Teaser Launch Update
अमृता सिन्हा
  • नई दिल्ली,
  • 24 जून 2026,
  • अपडेटेड 2:21 PM IST

वेब सीरीज मिर्जापुर ने अपनी दमदार कहानी, यादगार किरदारों और सत्ता की लड़ाई से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी. एक बार फिर यही खेला देखने को मिलने वाला है, लेकिन इस बार बड़े पर्दे पर ये अनुभव और मजेदार होगा. अब इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी पूरी हो चुकी है. मेकर्स जल्द ही 'मिर्जापुर: द मूवी' लेकर आ रहे हैं, जिसका इंतजार फैंस लंबे समय से कर रहे हैं.

पोस्टर में दिखी गद्दी और बंदूकों की झलक
चुकी मिर्जापुर की सीरीज गद्दी और पावर के खेल के इर्दगिद घूमती थी. इस बार फिल्म के मेकर्स ने जो इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर किया है, उसमें भी एक गद्दी दिखाई दे रही है, जिसके दोनों ओर बंदूकें रखी हुई हैं. पोस्टर का यह लुक देखते ही फैंस को मिर्जापुर की वही पुरानी दुनिया याद आ रही है, जहां सत्ता, बदला, दुश्मनी और वर्चस्व की लड़ाई हर मोड़ पर जबरदस्त तरीके से दिखाई गई थी. पोस्टर देख कर ये साफ संकेत मिल रहा है कि इस बार भी कहानी का केंद्र सत्ता की गद्दी और उस पर कब्जे की जंग ही रहने वाली है. जोकी फ्रेंचाइजी के फैंस के लिए बोनस जैसा होगा. हालांकि अभी से सोशल मीडिया पर पोस्टर सामने आते ही फैंस ने अपनी उत्सुकता जाहिर करनी शुरू कर दी है.

क्या होगी मुन्ना भैया की वापसी?
फिल्म की सबसे ज्यादा चर्चा मुन्ना भैया के किरदार को लेकर हो रही है. क्या मुन्ना भैया वापिस आएंगे? सीरीज में यह किरदार दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रहा था. ऐसे में कई फैंस जानना चाहते हैं कि क्या फिल्म में भी मुन्ना भैया नजर आएंगे. तो इसका जवाब हां हो सकता है. दरअसल मेकर्स ने फिल्म का पोस्टर दिब्येंदु के साथ शेयर किया, जिन्होंने सीरीज में मुन्ना भैया का किरदार निभाया था. जिससे ये कयास लगाए जा रहे हैं कि फिल्म में इस किरदार की भी वापसी हो सकती है. हालांकि इस पोस्ट के अलावा अभी तक मेकर्स की ओर से मुन्ना भैया की वापसी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. इसलिए फिलहाल यह केवल अटकलों और फैन थ्योरी तक ही सीमित रखा जा सकता है. टीजर या आगामी प्रमोशनल सामग्री में इस बारे में कोई संकेत मिल सकता है.

किसने बनाई है फिल्म?
'मिर्जापुर: द मूवी' का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है. फिल्म को एक्सल एंटरटेंमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है. वहीं कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं.

मेकर्स के अनुसार 'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. अब फैंस की निगाहें 25 जून को आने वाले टीजर पर टिकी हैं, जिससे फिल्म की कहानी, किरदारों और सत्ता की इस नई जंग की पहली झलक देखने को मिलेगी. एक बार फिर मिर्जापुर की गद्दी के लिए खेला शुरू होने वाला है और दर्शक यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि इस बार ताज किसके सिर सजेगा.
 

ये भी पढ़ें

 

Read more!

RECOMMENDED