Advertisement

32 साल बाद थियेटर में फिर रिलीज हो रही 'मोहरा', दिव्या की मौत के बाद रवीना हुई थी फाइनल, शूटिंग में हो गई थीं बेहोश

'मोहरा' की कामयाबी में उसके संगीत का बड़ा रोल था. विजू शाह के संगीत से सजे इस फिल्म के गाने आज भी लोकप्रिय हैं. 'तू चीज बड़ी है मस्त-मस्त' को उदित नारायण और कविता कृष्णमूर्ति ने गाया था.

Mohra
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 27 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 3:35 PM IST
  • 4K वर्जन में दिखेगी 90 के दशक की हिट फिल्म
  • दिव्या भारती थीं पहली पसंद

1994 में आई अक्षय कुमार, रवीना टंडन और सुनील शेट्टी की फिल्म 'मोहरा' का गाना 'तू चीज बड़ी है मस्त-मस्त' आज भी पार्टियों और शादियों में सुनाई देता है. अब इसी फिल्म को बड़े पर्दे पर दोबारा देखने का मौका मिलने जा रहा है. रिलीज के 32 साल बाद 'मोहरा' सिनेमाघरों में लौट रही है. फिल्म का 4K रीमास्टर्ड वर्जन 6 नवंबर 2026 को रिलीज होगा. खास बात यह है कि इसके ठीक एक दिन पहले यानी 5 नवंबर को रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म 'रामायण' भी सिनेमाघरों में आएगी.

4K वर्जन में दिखेगी 90 के दशक की हिट फिल्म
फिल्म की दोबारा रिलीज का ऐलान प्रोडक्शन कंपनी त्रिमूर्ति फिल्म्स ने किया है. मेकर्स ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर इसका टीजर भी जारी किया है. फिल्म को नई तकनीक के साथ 4K फॉर्मेट में पेश किया जाएगा, जिससे दर्शक इसके एक्शन और गानों को बेहतर क्वालिटी में देख सकेंगे. राजीव राय के निर्देशन में बनी 'मोहरा' पहली बार 1 जुलाई 1994 को रिलीज हुई थी. 

बदले की कहानी में फंसा था सुनील शेट्टी का किरदार
मोहरा की कहानी विशाल अग्निहोत्री (सुनील शेट्टी) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पत्नी की हत्या का बदला लेना चाहता है. पत्रकार रोमा सिंह (रवीना टंडन) उसकी रिहाई में मदद करती है. इसके बाद विशाल की मुलाकात ताकतवर कारोबारी जिंदल (नसीरुद्दीन शाह) से होती है, जो अपराधियों को खत्म करने के लिए उसका इस्तेमाल करता है. इस बीच इंस्पेक्टर अमर सक्सेना (अक्षय कुमार) हत्याओं की जांच शुरू करता है. धीरे-धीरे कहानी में साजिश, धोखे और बदले की परतें खुलने लगती हैं. फिल्म में परेश रावल, गुलशन ग्रोवर, रजा मुराद, सदाशिव अमरापुरकर और कुलभूषण खरबंदा जैसे कलाकार भी नजर आए थे.

'तू चीज बड़ी है' और 'टिप टिप' ने बढ़ाई थी लोकप्रियता
'मोहरा' की कामयाबी में उसके संगीत का बड़ा रोल था. विजू शाह के संगीत से सजे इस फिल्म के गाने आज भी लोकप्रिय हैं. 'तू चीज बड़ी है मस्त-मस्त' को उदित नारायण और कविता कृष्णमूर्ति ने गाया था. वहीं, 'टिप टिप बरसा पानी' में अलका याग्निक और उदित नारायण की आवाज सुनाई दी थी.

इसके अलावा 'ना कजरे की धार', 'सुबह से लेकर' और 'काश कहीं ऐसा होता' जैसे गाने भी पसंद किए गए. फिल्म के गीत आनंद बख्शी, इंदीवर और समीर ने लिखे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के साउंडट्रैक की 80 लाख से ज्यादा यूनिट बिकी थीं.

दिव्या भारती थीं पहली पसंद
'मोहरा' से जुड़े कुछ किस्से भी दिलचस्प हैं. फिल्म में पहले दिव्या भारती को लीड रोल के लिए चुना गया था. दिव्या भारती की मौत के बाद रवीना टंडन को यह रोल मिला. ऐश्वर्या राय बच्चन के नाम पर भी विचार किया गया था, लेकिन उस समय वह मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में बिजी थीं. रवीना शुरुआत में फिल्म करने को लेकर हिचक रही थीं, क्योंकि उन्हें लगा था कि एक्शन से भरपूर कहानी में अभिनेत्री के लिए ज्यादा करने को नहीं होगा. बाद में फिल्म के गानों और उनके किरदार को खूब पसंद किया गया.

1994 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल थी मोहरा
'मोहरा' 1994 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल थी और उस साल की कमाई के मामले में दूसरे स्थान पर रही थी. फिल्म के गाने 'तू चीज बड़ी है मस्त-मस्त' की शूटिंग के दौरान रवीना टंडन बेहोश हो गई थीं. वह एक साथ दो फिल्मों की शूटिंग कर रही थीं. उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण गाने की शूटिंग करीब दो घंटे तक रोकनी पड़ी थी.

जिम में आया था 'मोहरा' की कहानी का आइडिया
'मोहरा' की कहानी तैयार होने के पीछे भी एक दिलचस्प किस्सा है. गुलशन राय और शब्बीर बॉक्सवाला सुनील शेट्टी के जिम में कसरत करने जाया करते थे. एक दिन जिम में ही शब्बीर बॉक्सवाला के दिमाग में फिल्म की कहानी का विचार आया. उन्होंने यह आइडिया गुलशन राय को बताया. इसके बाद दोनों ने मिलकर इसे एक एक्शन थ्रिलर की कहानी का रूप देना शुरू किया.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement