मुंबई में जुहू इलाके में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर 5 राउंड फायरिंग हुई. वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए. इस हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए. हालांकि उनको हल्की चोटें आई हैं. हमले के बाद टाइगर श्रॉफ की पहली तस्वीर सामने आई है. इस तस्वीर में टाइगर की बॉडी पर कई जगह बैंडेज लगे हुए हैं. हालांकि वो सुरक्षित हैं और आराम से बैठे हुए हैं.
टाइगर श्रॉफ का कहां-कहा चोट लगी है?
हमले के बाद देर रात टाइगर श्रॉफ की पहली तस्वीर सामने आई. इस तस्वीरे में टाइगर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के साथ दिखाई दे रहे हैं. इसमें टाइगर की बॉडी पर कई जगह बैंडेज और पट्टी की गई है. हालांकि इसमें वो पूरी तरह से सुरक्षित लग रहे हैं. तस्वीर में टाइगर के सीने पर पट्टी लगी हुई है. इसके साथ हाथ में ऊपर के हिस्से यानी कंधे के पास भी पट्टी की गई है. इसके साथ ही हाथ में उनके दाहिने हाथ की कोहनी से कलाई तक बैंडेज बांधी हुई है.
टाइगर से मिले डिप्टी सीएम शिंदे-
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना. इसके बाद डिप्टी सीएम ने बताया कि एक्टर के दाएं हाथ पर बारूद से जलने के निशान हैं. एक्टर और उनका परिवार घटना से चिंतित हैं. परिवार ने शिंदे को बताया कि उनकी किसी से दुश्मनी या विवाद नहीं है.
किसी को बख्शा नहीं जाएगा- डिप्टी सीएम
शिंदे ने कहा कि मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार एक्टर के परिवार के साथ है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. किसी को बख्शा नहीं जाएगा.
डिप्टी सीएम ने कहा कि मुंबई में किसी भी गिरोह को गुंडागर्दी की इजाजत नहीं दी जाएगी. उन्होंने कहा कि सीएम फडणवीस ने इस घटना को गंभीरता से लिया है. उन्होंने बॉलीवुड से अपील की है कि अगर किसी तरह की धमकी भरे कॉल आते हैं तो फौरन इसकी जानकारी पुलिस को दें. डिप्टी सीएम ने कहा कि मुंबई में 1990 में गैंगवॉर पर लगाम लगाई गई थी. अब उसे दोबारा शुरू नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार और पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी.
ये भी पढ़ें: