Advertisement

Ramayana Social Media Review: 'रामायण' के पहले 10 मिनट ने ही दर्शक को बनाया मुरीद, पुष्पक विमान का एक्शन सीक्वेंस बड़े पर्दे पर शानदार, जानिए फ़िल्म देख चुके लोगों ने क्या कहा

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' भारतीय महाकाव्य पर आधारित दो पार्ट में तैयार की गई फिल्म है. इसे नमित मल्होत्रा और यश ने प्रोड्यूस किया है.

Ranbir Kapoor and Yash in Ramayana
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 12:47 PM IST

नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. फिल्म देखने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दर्शकों ने अपने रिव्यू शेयर किए हैं. किसी को फिल्म का भव्य सेटअप, विजुअल इफेक्ट्स और कलाकारों की एक्टिंग पसंद आई, तो किसी ने इसके VFX की तुलना 'आदिपुरुष' से कर दी. रणबीर कपूर के राम और यश के रावण अवतार की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है.

फिल्म को लेकर शुरुआती प्रतिक्रियाएं मिली-जुली हैं. कई दर्शकों ने इसे बड़े पर्दे पर देखने लायक शानदार अनुभव बताया है. वहीं, कुछ लोगों का मानना है कि राम और सीता के बीच भावनात्मक जुड़ाव को और बेहतर तरीके से दिखाया जा सकता था. फिल्म के संगीत और बैकग्राउंड स्कोर को भी दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है.

किसी ने कहा- फिल्म उम्मीदों पर खरी उतरी
X पर एक दर्शक ने फिल्म की तारीफ करते हुए इसे 'एपिक' बताया. यूजरने लिखा- फिल्म ने हमारी उम्मीदों को पूरा किया है. फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स, भव्यता, भावनाओं और कलाकारों के अभिनय की तारीफ की जानी चाहिए.

वहीं, हिंदी वर्जन देखने वाले एक दूसरे दर्शक ने इसे 'सिनेमैटिक एक्सपीरियंस और विजुअल मास्टरी' बताया. उसके मुताबिक, फिल्म में जानी-पहचानी कहानी को जिस अंदाज में पेश किया गया है, वह देखने लायक है.

 

हालांकि, हर कोई फिल्म से प्रभावित नहीं हुआ. कुछ दर्शकों ने इसके VFX पर सवाल उठाए. एक यूजर ने लिखा कि दुख की बात है कि 'आदिपुरुष' के विजुअल इफेक्ट्स 'रामायण' से कहीं बेहतर थे. एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि फिल्म देखने के बाद उसे एहसास हुआ कि 'आदिपुरुष' को जरूरत से ज्यादा कम आंका गया था.

रणबीर और साई पल्लवी को मिली तारीफ
फिल्म में रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में कास्ट किए जाने को लेकर रिलीज से पहले काफी चर्चा हुई थी. सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इस फैसले पर सवाल भी उठाए थे. हालांकि, फिल्म देखने के बाद कई दर्शकों ने उनके अभिनय की तारीफ की है.

एक यूजर ने लिखा कि रणबीर की परफॉर्मेंस उन सभी लोगों को चुप करा देगी, जिन्होंने उनकी कास्टिंग पर सवाल उठाए थे. दर्शक ने साई पल्लवी को सीता के किरदार के लिए सही चुनाव बताया.

 

एक अन्य दर्शक ने रणबीर, साई पल्लवी और रवि दुबे की कास्टिंग को उनकी भूमिकाओं के लिए बिल्कुल सही बताया.

यश के रावण अवतार और हंस जिमर के म्यूजिक की चर्चा
फिल्म में यश ने रावण का किरदार निभाया है. उनके लुक और अभिनय को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता थी. फिल्म देखने के बाद एक यूजर ने उनकी परफॉर्मेंस की तारीफ करते हुए लिखा- 'व्हाट ए परफॉर्मेंस बाय यश एज रावण. मैग्निफिसेंट, मार्वलस.' फिल्म के म्यूजिक की जिम्मेदारी हंस जिमर और एआर रहमान ने संभाली है. दर्शकों ने इसके बैकग्राउंड स्कोर को खास तौर पर पसंद किया.

हालांकि, इसी दर्शक ने फिल्म की लंबाई पर भी सवाल उठाया. करीब 3 घंटे 15 मिनट की फिल्म के कुछ हिस्से उसे लंबे और धीमे लगे. उसके मुताबिक, फिल्म में बड़े पर्दे पर दिखाने लायक भव्य दृश्य हैं, लेकिन कुछ जगहों पर इसकी रफ्तार कम हो जाती है.

दो हिस्सों में बनेगी 'रामायण', दूसरे पार्ट का भी इंतजार
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' भारतीय महाकाव्य पर आधारित दो हिस्सों में तैयार की गई फिल्म है. इसे नमित मल्होत्रा और यश ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं. वहीं, रवि दुबे लक्ष्मण और अरुण गोविल राजा दशरथ के किरदार में नजर आ रहे हैं.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement