Raveena Tandon: 'उस रात घर में घुस आया था अनजान शख्स', रवीना टंडन ने याद किया 2024 का वो खौफनाक हादसा

रवीना टंडन ने साल 2024 में मुंबई के बांद्रा इलाके में हुए अपने साथ के एक भयानक रोड रेज और मॉब लिंचिंग जैसे हालात के अनुभव पर दोबारा बात करते हुए कई खुलासे किए. रवीना के अनुसार, वह रात केवल एक साधारण विवाद नहीं, बल्कि पैसे ऐंठने की एक सोची-समझी साजिश थी.

Raveena Tandon
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:42 AM IST

सोचिए, रात का समय हो और घर के अंदर बच्चे मौजूद हों और बाहर अचानक शोर-शराबा शुरू हो जाए. देखते ही देखते भीड़ गुस्से में घर के बाहर जमा हो जाए और माहौल इतना तनावपूर्ण बन जाए कि डर का एहसास हर तरफ फैल जाए. कुछ ऐसा ही अनुभव एक्ट्रेस रवीना टंडन ने शेयर किया साल 2024 का, जिसे वह आज भी एक डरावने हादसे की तरह याद करती हैं.

रवीना ने हाल ही में  ईटाइम्स से बात करते हुए उस घटना को याद करते हुए बताया कि वह रात सिर्फ एक विवादित रात नहीं था, बल्कि उन्हें लगा कि सब कुछ किसी सोची-समझी साजिश का हिस्सा था. उनके मुताबिक, उस रात हालात इतने बिगड़ गए थे कि एक शख्स जबरन उनके घर के अंदर तक घुस आया था.

अगर CCTV नहीं होता, तो सच सामने नहीं आता
रवीना का कहना है कि उस पूरी घटना का सच सामने लाने में CCTV कैमरों ने सबसे बड़ी भूमिका निभाई. उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो ऐसे फैलाए गए, जिनमें घटना को अलग तरीके से दिखाने की कोशिश हुई.

अभिनेत्री के मुताबिक, पुलिस जांच में भी बाद में साफ हो गया कि यह मामला सिर्फ विवाद का नहीं था, बल्कि कथित तौर पर पैसे ऐंठने की योजना जैसा लग रहा था. उन्होंने कहा कि उस वक्त उनके बच्चे घर में अकेले थे, इसलिए उन्हें खुद सामने आना पड़ा.

वायरल वीडियो और टक्कर का दावा
उस समय सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था. दावा किया गया कि रवीना की कार ने एक महिला को टक्कर मारी थी और विरोध करने पर अभिनेत्री ने बदसलूकी की. लेकिन बाद में सामने आए CCTV फुटेज में तस्वीर कुछ और ही दिखाई दी. फुटेज के मुताबिक, कुछ महिलाएं कार के बेहद करीब थीं, लेकिन गाड़ी से किसी को टक्कर लगने की बात साबित नहीं हुई. हालांकि, इसके बावजूद माहौल बिगड़ गया और भीड़ उग्र हो गई.

ड्राइवर को बचाने के लिए खुद बाहर आईं रवीना
रवीना ने बताया कि उनका ड्राइवर अकेला था और कुछ लोग घर के बाहर रिकॉर्डिंग कर रहे थे. जब ड्राइवर ने उनके फोन को नीचे करने की कोशिश की, तो एक महिला ने उस पर गंभीर आरोप लगाने शुरू कर दिए और पुलिस बुलाकर रेप और छेड़छाड़ का केस कराने की धमकी देने लगी. उन्हें डर था कि कहीं उनका ड्राइवर किसी झूठे मामले में न फंस जाए. यही वजह थी कि वह खुद बात करने बाहर निकल गईं.

30 लोगों की भीड़ और एक मुश्किल फैसला
रवीना के मुताबिक, जैसे ही वह बाहर पहुंचीं, करीब 30 लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया. इस बीच उनका ड्राइवर उन्हें सुरक्षित अंदर ले आया, लेकिन खुद बाहर रह गया और भीड़ ने उसकी पिटाई शुरू कर दी. ऐसे में रवीना ने हिम्मत दिखाई, गेट खोला और अपने ड्राइवर को अंदर खींच लाई. उन्होंने कहा कि भीड़ धमकी दे रही थी कि अगर ड्राइवर को बाहर नहीं सौंपा गया, तो उसकी लाश मिलेगी.

जब घर में घुस आया एक शख्स
सबसे चौंकाने वाला पल तब आया, जब हंगामे के बीच एक आदमी उनके घर के अंदर घुस आया. उस वक्त घर में सिर्फ रवीना और उनकी दो मेड थीं. अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने खुद उसकी कॉलर पकड़ी और उसे बाहर निकाल दिया.

सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
इस घटना को याद करते हुए रवीना ने कहा कि मुंबई का बांद्रा इलाका अब पहले जैसा सुरक्षित नहीं लगता. उन्होंने हाल के दिनों में मशहूर लोगों के घरों के आसपास हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए चिंता जताई कि अब सेलिब्रिटीज को लगातार निशाना बनाया जा रहा है.

ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED