देशभर में परीक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को अब सुपरस्टार सलमान खान का भी सपोर्ट भी मिल गया है. लंबे समय तक इस मुद्दे पर चुप रहने के बाद सलमान ने पहली बार खुलकर छात्रों के पक्ष में अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण था और इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए. सलमान ने उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनेगी और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जरूरी कदम उठाएगी.
पेपर लीक जैसी घटनाएं देश के भविष्य के साथ खिलवाड़
सलमान खान ने बुधवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्कूल के दिनों की एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लंबा पोस्ट लिखा. उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं और यह बेहद गंभीर मुद्दा है. उन्होंने छात्रों की एकजुटता की तारीफ करते हुए कहा कि बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग के लिए उनका आगे आना सराहनीय है. साथ ही उन्होंने उन माता-पिता का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने इस आंदोलन में अपने बच्चों का साथ दिया.
घायल छात्रों के साथ खड़े हैं सलमान खान
सलमान ने अपने पोस्ट में जंतर-मंतर और 'चलो संसद' मार्च के दौरान हुई हिंसा पर भी दुख जताया. उन्होंने लिखा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण था, लेकिन इसे हिंसक मोड़ लेना बेहद दुखद है. उन्होंने घायल छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़े हैं.
यह छात्रों और शिक्षा व्यवस्था का मामला है...
सलमान खान ने साफ कहा कि यह आंदोलन सिर्फ छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का मुद्दा है. इसे किसी भी तरह का राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस आंदोलन का पूरा श्रेय उन छात्रों को मिलना चाहिए जिन्होंने अपने भविष्य और बेहतर शिक्षा के लिए आवाज उठाई है. सलमान ने भरोसा जताया कि सरकार भी छात्रों की भावनाओं को समझेगी और सकारात्मक फैसले लेकर शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी.
भारत बने दुनिया का एजुकेशन हब
अपने पोस्ट के आखिर में सलमान ने शिक्षा को लेकर अपनी बड़ी इच्छा भी जाहिर की. उन्होंने लिखा कि उनकी ख्वाहिश है कि शिक्षा ही देश का नया ट्रेंड और फैशन बने. हर साल पढ़ाई को लेकर युवाओं का उत्साह बढ़े और ऐसा समय आए जब दूसरे देशों के छात्र भी भारत में पढ़ाई करने के लिए आएं. उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया का एजुकेशन हब बनते देखना उनका सपना है.
कई सितारे पहले ही कर चुके हैं समर्थन
सलमान खान से पहले भी फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार छात्रों के समर्थन में सामने आ चुके हैं. सोनाक्षी सिन्हा, अदिति राव हैदरी, दुलकर सलमान, पूजा भट्ट, इम्तियाज अली और नसीरुद्दीन शाह जैसे कलाकार परीक्षा सुधार की मांग का समर्थन कर चुके हैं. वहीं शबाना आजमी और प्रकाश राज दिल्ली के जंतर-मंतर में हुए प्रदर्शन में भी शामिल हुए थे.
बता दें, दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जून से कॉकरोच जनता पार्टी NEET पेपर लीक के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है. 21 जुलाई को नेता विपक्ष राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता दिल्ली में पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठ गए थे.