सोशल मीडिया पर इन दिनों AI के जरिए तैयार किए जा रहे फर्जी वीडियो एक नई चिंता बनते जा रहे हैं. अब एक्ट्रेस शालिनी पांडे भी ऐसे ही एक मामले की शिकार हुई हैं. सोशल मीडिया पर उनका एक कथित अश्लील वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में शालिनी जैसी दिखने वाली महिला नजर आ रही है. हालांकि, एक्ट्रेस ने साफ कर दिया है कि यह वीडियो उनका नहीं है और इसे AI की मदद से बनाया गया फर्जी वीडियो बताया है.
शालिनी ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर इस मामले पर पहली बार खुलकर बात की. उन्होंने लोगों से वीडियो को आगे शेयर न करने की अपील की है. साथ ही कहा कि अगर किसी को यह वीडियो दिखाई देता है तो उसे डाउनलोड या फॉरवर्ड करने के बजाय तुरंत रिपोर्ट करना चाहिए.
शालिनी बोलीं- वीडियो पूरी तरह फर्जी है
शालिनी ने अपने बयान में कहा कि उनके नाम से एक फर्जी AI जनरेटेड वीडियो ऑनलाइन फैलाया जा रहा है. यह वीडियो पूरी तरह बनाया हुआ है और इसमें वह नहीं हैं. उन्होंने टेक्नोलॉजी के इस तरह इस्तेमाल पर चिंता जताते हुए कहा कि इसका इस्तेमाल लोगों को परेशान करने और खासकर महिलाओं को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है.
एक्ट्रेस ने कहा कि इस तरह के कंटेंट को सामान्य नहीं माना जाना चाहिए. उन्होंने लोगों से जिम्मेदारी दिखाने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे वीडियो को जितना ज्यादा शेयर किया जाएगा, उसकी पहुंच उतनी ही बढ़ेगी.
शेयर, फॉरवर्ड या डाउनलोड न करें
शालिनी ने लोगों से खास तौर पर कहा कि अगर उनके नाम से वायरल हो रहा यह वीडियो कहीं नजर आए तो उसे आगे न बढ़ाएं. उन्होंने लिखा कि वीडियो को शेयर, फॉरवर्ड या डाउनलोड करने के बजाय रिपोर्ट करें.
एक्ट्रेस ने लोगों से अपील की कि वे ऐसे मामलों में संवेदनशीलता और समझदारी दिखाएं. उनका कहना है कि किसी फर्जी वीडियो को आगे बढ़ाने के बजाय उसकी शिकायत करना ही सही कदम है.
महिलाओं को निशाना बनाने पर जताई चिंता
शालिनी ने अपने बयान में खास तौर पर महिलाओं को निशाना बनाने वाले ऐसे कंटेंट की आलोचना की. उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किसी को नुकसान पहुंचाने या उसकी पहचान का गलत इस्तेमाल करने के लिए नहीं किया जाना चाहिए. इस मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले हर वीडियो को सच मान लेना कितना खतरनाक हो सकता है.
अर्जुन रेड्डी से किया था डेब्यू
शालिनी पांडे ने साल 2017 में तेलुगु फिल्म अर्जुन रेड्डी से एक्टिंग डेब्यू किया था. इसके बाद वह जयेशभाई जोरदार और महाराज जैसी फिल्मों में नजर आईं. हाल ही में वह वरुण शर्मा और पुलकित सम्राट के साथ फिल्म ‘राहु केतु’ में भी दिखाई दी हैं.
ये भी पढ़ें