Advertisement

Nani On Pan India Tag: 'जवान और पठान हिंदी फिल्में हैं, तो हमारी फिल्में पैन इंडिया क्यों?'- द पैराडाइज की रिलीज से पहले नानी का बड़ा बयान

साउथ सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता नानी (Nani) अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द पैराडाइज' (The Paradise) को लेकर सुर्खियों में हैं, जो 24 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है. रिलीज से ठीक पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नानी ने फिल्मों को मिलने वाले 'पैन इंडिया' (Pan India) टैग को लेकर अपनी असहमति जाहिर की है और बोला हमारी फिल्मों को ही ये टैग क्यों?

नानी की राय पैन इंडिया टैग पर
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 18 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 7:14 AM IST

साउथ स्टार नानी की अपकमिंग फिल्म 'द पैराडाइज' 24 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म रिलीज से पहले ही अपने प्रमोशन को लेकर चर्चा में है, क्योंकि मेकर्स ने इसका कोई थिएट्रिकल ट्रेलर रिलीज न करने का फैसला किया है. इसी बीच नानी ने फिल्मों को दिए जाने वाले 'पैन इंडिया' टैग को लेकर अपनी राय रखी है.

नानी को क्यों पसंद नहीं 'पैन इंडिया' टैग?
एक प्रेस मीट के दौरान नानी से जब फिल्मों के 'पैन इंडिया' कहलाने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि वह अपनी फिल्मों के साथ यह टैग नहीं चाहते. उनका कहना है कि अगर कोई हिंदी फिल्म देश के अलग-अलग हिस्सों में अच्छा प्रदर्शन करती है, तो उसे हिंदी फिल्म ही कहा जाता है. वहीं, साउथ की कोई फिल्म दूसरी भाषाओं में सफल होती है तो उसे तुरंत 'पैन इंडिया' फिल्म कहा जाने लगता है. नानी ने अपनी बात समझाने के लिए 'जवान' और 'पठान' का उदाहरण भी दिया. उन्होंने कहा कि अगर ये हिंदी फिल्में तमिल, तेलुगु या दूसरी भाषाओं में अच्छा प्रदर्शन करती हैं, तब भी इन्हें हिंदी फिल्म ही कहा जाता है. नानी ने सवाल उठाया कि यही नियम साउथ की फिल्मों के लिए क्यों नहीं अपनाया जाता. उनके मुताबिक, वह समझ नहीं पाते कि 'पैन इंडिया' शब्द खासतौर पर साउथ की फिल्मों के लिए ही क्यों इस्तेमाल किया जाता है.

हर भाषा के दर्शकों तक पहुंचना चाहते हैं
नानी ने यह भी साफ किया कि वह अपनी फिल्मों को सिर्फ किसी एक भाषा या क्षेत्र तक सीमित नहीं रखना चाहते. उनका मकसद है कि उनकी फिल्में तमिल, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ समेत अलग-अलग भाषाओं के दर्शकों तक पहुंचें. हालांकि, वह अपनी फिल्मों को 'पैन इंडिया' कहे जाने के पक्ष में नहीं हैं. उन्होंने कहा कि लोग इस शब्द का इस्तेमाल करना चाहें तो वह उन्हें रोक नहीं सकते, लेकिन एक कलाकार के तौर पर वह सिर्फ अपनी बात रख सकते हैं और इस टैग से उनकी फिल्मों को दूर रखने की गुजारिश कर सकते हैं.

बिना ट्रेलर के रिलीज होगी 'द पैराडाइज'
नानी की फिल्म 'द पैराडाइज' 24 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और फिल्म का कोई थिएट्रिकल ट्रेलर रिलीज नहीं किया जाएगा. नानी ने बताया था कि फिल्म का कुछ शूटिंग काम बाकी है और टीम फिलहाल इसका फाइनल आउटपुट पूरा करने पर ध्यान दे रही है. उनके मुताबिक, इस समय ट्रेलर तैयार करने पर डायरेक्टर, म्यूजिक कंपोजर और टीम के दूसरे अहम सदस्यों का ध्यान बचे हुए काम से हट सकता है. इसलिए टीम ने ट्रेलर रिलीज न करने का फैसला लिया है. नानी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह फैसला फिल्म की हाइप या संभावित ओपनिंग को देखते हुए नहीं लिया गया है.

रिलीज से पहले चर्चा में आई फिल्म
'द पैराडाइज' को लेकर नानी का 'पैन इंडिया' टैग पर बयान अब फिल्म की चर्चा का एक अहम हिस्सा बन गया है. फिल्म 24 सितंबर को रिलीज होगी और नानी की इस बात ने एक बार फिर फिल्मों को अलग-अलग नामों और टैग के साथ पहचानने के तरीके पर चर्चा शुरू कर दी है.
 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement