यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' ने बॉक्स ऑफिस पर 5 दिन पूरे कर लिए हैं. फिल्म ने शुरुआती दिन रिकॉर्ड कमाई के साथ शानदार शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद हर दिन कलेक्शन में गिरावट देखने को मिली. इसके बावजूद फिल्म ने भारत में 214.10 करोड़ की नेट कमाई कर ली है.
ट्रेड ट्रैकर Sacnilk के मुताबिक, रविवार यानी पांचवें दिन फिल्म ने भारत में करीब 23 करोड़ नेट कमाए. इसके साथ ही 'टॉक्सिक' ने सूर्या की 'करुप्पु' और विजय की 'जना नायकन' की लाइफटाइम इंडिया नेट कमाई को पीछे छोड़ दिया है.
पहले दिन ही 101 करोड़ की बंपर ओपनिंग
टॉक्सिक' ने बुधवार को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी. यश की स्टार पावर और फिल्म को लेकर बने जबरदस्त बज के बीच इसे शानदार ओपनिंग मिली. फिल्म ने पहले ही दिन भारत में 101.10 करोड़ नेट का कलेक्शन किया. इतनी बड़ी शुरुआत के बाद माना जा रहा था कि फिल्म आने वाले दिनों में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है. हालांकि दूसरे दिन ही फिल्म की कमाई में करीब 62.8% की बड़ी गिरावट आ गई. गुरुवार को फिल्म ने 37.65 करोड़ कमाए.
दूसरे दिन से लगातार गिरा कलेक्शन
शुक्रवार को 'टॉक्सिक' का कलेक्शन और नीचे आया. फिल्म ने इस दिन करीब 27.20 करोड़ की कमाई की. शनिवार को कमाई घटकर 25.15 करोड़ रह गई. रविवार को फिल्म ने करीब 23 करोड़ कमाए. यानी पांचवें दिन भी कलेक्शन में गिरावट जारी रही. हालांकि शनिवार के मुकाबले रविवार की गिरावट सिर्फ करीब 8.5% रही, जो थोड़ी राहत की बात है. रविवार को फिल्म की ओवरऑल थिएटर ऑक्यूपेंसी करीब 25.3% रही. इस दिन फिल्म को देशभर में 16,241 शोज मिले.
हिंदी में सबसे ज्यादा शो, कन्नड़ में ऑक्यूपेंसी बेहतर
टॉक्सिक को सबसे ज्यादा शोज हिंदी में मिले. रविवार को हिंदी वर्जन के 11,734 शोज हुए और इससे करीब 14.50 करोड़ की कमाई हुई. हिंदी वर्जन की ऑक्यूपेंसी करीब 24% रही. वहीं कन्नड़ वर्जन ने कम शोज के बावजूद बेहतर ऑक्यूपेंसी दर्ज की. कन्नड़ में 1,297 शोज से फिल्म ने करीब 6.40 करोड़ कमाए और ऑक्यूपेंसी 50% रही. तेलुगु वर्जन ने 1.40 करोड़, तमिल ने 60 लाख और मलयालम वर्जन ने करीब 10 लाख का कलेक्शन किया.
करुप्पु और जना नायकन की लाइफटाइम कमाई पीछे
टॉक्सिक ने पांचवें दिन तक भारत में 214.10 करोड़ नेट कमाकर सूर्या की करुप्पु और विजय की जना नायकन को पीछे छोड़ दिया है. करुप्पु की लाइफटाइम इंडिया नेट कमाई करीब 198.18 करोड़, जबकि जना नायकन ने करीब 198.22 करोड़ कमाए थे. हालांकि यश की पिछली ब्लॉकबस्टर KGF चैप्टर 2 से टॉक्सिक अभी काफी पीछे है. KGF-2 ने रिलीज के सिर्फ 5 दिनों में भारत में करीब 430.15 करोड़ नेट कमा लिए थे.
फिल्म में यश के साथ बड़ी स्टारकास्ट
टॉक्सिक का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है. फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत, हुमा कुरैशी और अक्षय ओबेरॉय अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. शानदार ओपनिंग के बावजूद फिल्म के कलेक्शन में लगातार गिरावट यह देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म 250 करोड़ और उसके बाद 300 करोड़ के आंकड़े तक कितनी तेजी से पहुंचती है.
ये भी पढ़ें