Advertisement

Daler Mehndi Controversy: अब मिका सिंह ने 35 लाख के भुगतान पर उठाया सवाल, दलेर मेहंदी विवाद में आया नया मोड़, मंत्री ने रखा अपना पक्ष, जानें क्या है पूरा मामला

उत्तराखंड में दलेर मेहंदी के कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा उन पर नशे में होने और लिप-सिंक करने के आरोप के बाद विवाद बढ़ गया है. भाई मिका सिंह ने दलेर की हालिया सर्जरी का हवाला देते हुए उनका बचाव किया और मंत्री को 35 लाख के भुगतान का सबूत शेयर करने को कहा है.

Daler Mehndi
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 21 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:55 PM IST

सिंगर दलेर मेहंदी के उत्तराखंड में हुए एक कार्यक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया है. कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी के गाने के तरीके पर सवाल उठाए थे और उन पर नशे में होने का आरोप लगाया था. अब उनके भाई और सिंगर मिका सिंह ने दलेर मेहंदी का बचाव किया है. मिका का कहना है कि उनके भाई की हाल ही में बड़ी सर्जरी हुई है और इसी वजह से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी. उन्होंने दलेर मेहंदी के शराब पीने की बात साबित करने की चुनौती देते हुए कहा कि अगर कोई ऐसा साबित कर दे, तो वह गाना छोड़ देंगे. इसके बाद मिका सिंह ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का एक वीडियो शेयर कर एक्स पर ये भी बोला कि 35 लाख रुपए के भुगतान का फोटो अपलोड कर दीजिए ताकि लोगों को भी पता चले. 

क्या है पूरा विवाद
उत्तराखंड में हुए कार्यक्रम के वीडियो सामने आने के बाद विवाद शुरू हुआ था. वायरल क्लिप में सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचकर दलेर मेहंदी के प्रदर्शन पर नाराजगी जताते दिखाई दिए. उन्होंने आरोप लगाया कि दलेर मेहंदी ठीक से नहीं गा रहे थे और नशे में थे. इसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं. कुछ लोगों ने उनका मजाक उड़ाया, तो कुछ ने दलेर मेहंदी के समर्थन में अपनी बात रखी. अब मिका सिंह के बयान और भुगतान से जुड़ा सवाल उठाने के बाद यह मामला फिर चर्चा में है.

'दलेर मेहंदी की हाल ही में हुई है बड़ी सर्जरी'- मिका सिंह
मिका सिंह ने वायरल वीडियो के बाद दलेर मेहंदी का पक्ष रखते हुए कहा कि उनके भाई करीब तीन दशक से म्यूजिक इंडस्ट्री में हैं और उन्होंने हमेशा अपने काम के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई है. मिका के मुताबिक, कलाकार कई बार अपनी तबीयत खराब होने के बावजूद पहले से तय कार्यक्रमों में पहुंचते हैं. उन्होंने बताया कि अगर किसी कलाकार को तेज बुखार भी हो, लेकिन उसने कार्यक्रम के लिए हामी भर दी है, तो वह अपनी जिम्मेदारी निभाने की कोशिश करता है. मिका का मानना है कि दलेर मेहंदी ने भी अपनी खराब सेहत के बावजूद इसी वजह से कार्यक्रम किया होगा.

मैं गाना छोड़ दूंगा- मिका सिंह
मिका सिंह ने माना कि कार्यक्रम के लिए पैसे देने के बाद मंत्री को प्रदर्शन पसंद नहीं आने पर सवाल उठाने का अधिकार है. लेकिन उन्होंने दलेर मेहंदी पर शराब पीकर गाने का आरोप लगाने को गलत बताया. मिका ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर कोई एक व्यक्ति भी यह साबित कर दे कि उसने दलेर मेहंदी को शराब पीते देखा है, तो वह गाना छोड़ देंगे. उन्होंने अपने भाई के शराब पीने की बात को सिरे से खारिज किया.

सुबोध उनियाल ने बताया, दलेर मेहंदी के प्रदर्शन पर क्यों जताई नाराजगी
विवाद के बाद कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भी अपना पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि दलेर मेहंदी एक बड़ा नाम हैं और इसी वजह से उन्हें कार्यक्रम में बुलाया गया था. हालांकि, कार्यक्रम के दौरान उन्हें लगा कि दलेर मेहंदी लाइव गाने के बजाय लिप-सिंक कर रहे हैं. उनियाल के मुताबिक, वह स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के साथ मेला कमेटी के सदस्य भी हैं. ऐसे में लोगों की ओर से उन पर इस बात को लेकर सवाल उठाने का दबाव था. उन्होंने एंकर से कहा कि लोग दलेर मेहंदी को सुनने आए हैं, उनकी टीम को नहीं. इसलिए दलेर मेहंदी को खुद गाना चाहिए. बाद में एंकर ने उन्हें बताया कि सभी संगीतकारों को निर्देश दिए गए थे कि वे केवल हाथों से एक्शन करते रहें और गाना चलता रहे.

मिका सिंह ने सुबोध उनियाल को टैग कर मांगा भुगतान का हिसाब
विवाद के बीच मिका सिंह ने सोशल मीडिया पर सुबोध उनियाल को टैग करते हुए उनसे कार्यक्रम के भुगतान को लेकर सवाल किया. उन्होंने पूछा कि क्या 35 लाख रुपये नकद दिए गए थे या चेक से भुगतान हुआ था. मिका ने उनसे भुगतान की रसीदें सार्वजनिक करने की अपील भी की, ताकि लोगों को पूरे मामले की सच्चाई पता चल सके. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'सर, आपने 35 लाख रुपए कैश में दिए थे या चेक से? अगर आपके पास पेमेंट की रसीदें हैं, तो कृपया उन्हें जनता के सामने रखें, ताकि सभी को सच पता चल सके. धन्यवाद!'
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement