Advertisement

पहलाज निहलानी नहीं रहे, 76 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन, आज 3 बजे अंतिम संस्कार

CBFC के पूर्व चेयरमैन और जाने-माने फिल्म निर्माता पहलाज निहलानी का निधन हो गया है. बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और लिवर से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे थे.

Pahlaj Nihalani Dies at 76
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 04 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:58 PM IST
  • CBFC के पूर्व चेयरमैन पहलाज निहलानी का निधन
  • हार्ट अटैक से 76 साल में हुआ निधन

फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के पूर्व चेयरमैन और जाने-माने फिल्म निर्माता पहलाज निहलानी का निधन हो गया है. बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और लिवर से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे थे. उनके निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर है. इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है. निधन के समय उनकी उम्र 76 वर्ष थी.

फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति
पहलाज निहलानी का निधन फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है. उनके अचानक निधन की खबर से पूरा बॉलीवुड और उनके फैंस गहरे सदमे में हैं. सोशल मीडिया पर बी-टाउन सितारे और प्रशंसक उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं. पहलाज निहलानी ने अपने करियर में कई चर्चित फिल्मों का निर्माण किया था, जिनमें 'आंखें', 'रंगीला राजा', 'अंदाज' और 'तलाश' जैसी फिल्में शामिल हैं. उनकी अचानक हुई मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है.

गोविंदा और चंकी पांडे को दिया बड़ा ब्रेक
फिल्म निर्माता पहलाज निहलानी का हिंदी सिनेमा में लंबा और प्रभावशाली करियर रहा है. उन्होंने कई बड़े सितारों के करियर को नई दिशा दी. साल 1986 में फिल्म ‘इल्जाम’ के जरिए उन्होंने गोविंदा को लॉन्च किया, जबकि ‘आग ही आग’ से चंकी पांडे को इंडस्ट्री में मौका दिया. बाद में गोविंदा और चंकी पांडे के साथ उन्होंने सुपरहिट फिल्म ‘आंखें’ (1993) भी बनाई, जो उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रही. बतौर निर्माता पहलाज ने ‘शोला और शबनम’, ‘अंदाज’, ‘पाप की दुनिया’, ‘तलाश’ और ‘रंगीला राजा’ जैसी कई चर्चित फिल्में भी दीं. उनकी आखिरी प्रोडक्शन फिल्म ‘रंगीला राजा’ थी, जो बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर सकी.

सेंसर बोर्ड कार्यकाल विवादों में रहा, कई बड़े फैसलों पर उठे सवाल
पहलाज निहलानी 2015 से 2017 तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के अध्यक्ष रहे. उनके कार्यकाल के दौरान फिल्मों की सेंसरशिप और सर्टिफिकेशन को लेकर कई विवाद सामने आए. फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ की सेंसरशिप को लेकर हुआ विवाद काफी सुर्खियों में रहा, जिसने फिल्म इंडस्ट्री और बोर्ड के बीच तीखी बहस छेड़ दी थी. विवादों के चलते 2017 में उन्हें पद से हटा दिया गया और उनकी जगह प्रसून जोशी को CBFC का अध्यक्ष बनाया गया. पद छोड़ने के बाद उन्होंने फिल्म ‘जूली 2’ में बतौर प्रोड्यूसर और डिस्ट्रीब्यूटर काम किया. इसके अलावा वह 1980 से 2009 तक ‘मोशन पिक्चर्स एंड टीवी प्रोग्राम प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन’ (AMPTPP) के अध्यक्ष भी रहे.

इनपुट-सना फरज़ीन 

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement