Advertisement

रवि किशन के बयान क्यों बन जाते हैं रील मटेरियल, सोशल मीडिया पर डांस-एक्सप्रेशंस से आई मीम्स की बाढ़

सोशल मीडिया पर रवि किशन के पॉडकास्ट इंटरव्यू भी खूब शेयर किए जा रहे हैं. इनमें वह जिंदगी, सफलता और पैसे को लेकर अपने अंदाज में बातें करते नजर आते हैं. उनके जवाबों की गंभीरता से ज्यादा लोगों का ध्यान उनके बोलने के स्टाइल और एक्सप्रेशन पर जाता है.

Ravi Kishan
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 03 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 2:06 PM IST
  • रवि किशन ने सोशल मीडिया पर मचाई धूम
  • इन वायरल पलों ने बना दिया मीम सुपरस्टार

आजकल इंस्टाग्राम खोलिए और कुछ देर रील्स स्क्रॉल कीजिए... हर पांच में से दो वीडियो में रवि किशन जरूर मिल जाएंगे. कहीं उनका अनोखा डांस वायरल है, कहीं संसद की ओर भागते हुए उनका अंदाज लोगों को हंसा रहा है, तो कहीं उनके चेहरे के एक्सप्रेशन पर मीम्स की बारिश हो रही है. इन दिनों एक्टर से सांसद बने रवि किशन इंटरनेट के नए मीम किंग बन चुके हैं.

नेटफ्लिक्स की फिल्म 'मां-बहन' के प्रमोशन के दौरान रवि किशन का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ. मंच पर उनसे डांस करने के लिए कहा गया तो उन्होंने पूरे जोश के साथ ऐसा डांस किया, जिसमें बड़े-बड़े बॉडी मूवमेंट और जोरदार अंदाज में सिर हिलाना शामिल था. उनकी यह परफॉर्मेंस देखकर माधुरी दीक्षित भी अपनी हंसी नहीं रोक पाईं. बस फिर क्या था, सोशल मीडिया यूजर्स को नया मीम टेम्पलेट मिल गया. यहां देखिए उनका डांस.

 

 

हालांकि यह पहली बार नहीं है जब रवि किशन अपने अंदाज की वजह से इंटरनेट पर छाए हों. उनके पुराने भोजपुरी फिल्मों के सीन, मजेदार चेहरे के हावभाव और इंटरव्यू के कई वीडियो पहले भी वायरल हो चुके हैं. एक वीडियो में वह संसद भवन की ओर तेजी से भागते दिखाई देते हैं. जब पत्रकारों ने सवाल पूछा तो उन्होंने जल्दबाजी में ऐसा जवाब दिया, जिसमें जल्दी और लेट जैसे शब्द एक साथ बोल दिए. इस छोटी सी जुबान फिसलने वाली क्लिप पर भी मीम्स की बाढ़ आ गई. देखिए ये मजेदार क्लिप...

 

सोशल मीडिया पर रवि किशन के पॉडकास्ट इंटरव्यू भी खूब शेयर किए जा रहे हैं. इनमें वह जिंदगी, सफलता और पैसे को लेकर अपने अंदाज में बातें करते नजर आते हैं. उनके जवाबों की गंभीरता से ज्यादा लोगों का ध्यान उनके बोलने के स्टाइल और एक्सप्रेशन पर जाता है. यही वजह है कि इन इंटरव्यू की छोटी-छोटी क्लिप्स भी लाखों बार देखी जा रही हैं.

 

 

एक और वीडियो, जिसे अभिनेता और सांसद मनोज तिवारी ने शेयर किया था, इंटरनेट पर खूब वायरल हुआ. वीडियो में मनोज तिवारी बोल रहे होते हैं, लेकिन कैमरे की ओर रवि किशन का एक अलग ही एक्सप्रेशन लोगों की नजरों में आ जाता है. देखते ही देखते यह एक्सप्रेशन GIF और मीम का हिस्सा बन गया. वहीं उनका एक पुराना अंग्रेजी बोलने वाला वीडियो भी दोबारा वायरल हो रहा है, जिस पर लोग मजेदार रिएक्शन दे रहे हैं.

 

रवि किशन का जन्म उत्तर प्रदेश के जौनपुर में रविंद्र श्यामनारायण शुक्ल के रूप में हुआ था. उन्होंने भोजपुरी और हिंदी सिनेमा दोनों में अपनी अलग पहचान बनाई. 'तेरे नाम', 'मुक्काबाज' और 'लापता लेडीज' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को सराहा गया. इसके अलावा वह 'बिग बॉस' और 'झलक दिखला जा' जैसे रियलिटी शो का भी हिस्सा रह चुके हैं. साल 2017 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) जॉइन की और बाद में गोरखपुर से सांसद चुने गए.

दिलचस्प बात यह है कि सोशल मीडिया पर लोग रवि किशन का मजाक उड़ाने से ज्यादा उनके बेफिक्र अंदाज का आनंद ले रहे हैं. उनके एक्सप्रेशन, डांस और बोलने का तरीका अब रील क्रिएटर्स के लिए नया कंटेंट बन चुका है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement