Advertisement

शाहिद कपूर की फिल्म 'O Romeo' पर रिलीज से पहले लटकी तलवार, इस कारण बॉम्बे हाई कोर्ट के चक्कर लगा रहे मेकर्स

जानें किस कारण कानूनी पछड़े में पड़ी शाहिद कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'O Romeo'.

O' Romeo
gnttv.com
  • मुंबई ,
  • 11 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:49 PM IST

शाहिद कपूर की फिल्म 'O Romeo' इस हफ्ते 13 फरवरी को रिलीज होने वाली है. रिलीज से ठीक पहले फिल्म को लेकर कानूनी विवाद सामने आया है. हुसैन उस्तारा की बेटी सनोबर शेख ने बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. उनका दावा है कि फिल्म कथित तौर पर उनके पिता पर आधारित है, इसलिए उन्होंने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है.

हाई कोर्ट में क्या मांग रखी गई
सनोबर शेख ने अपने वकील डीवी सरोज के जरिए याचिका दायर की है. इसमें रिलीज पर रोक के साथ कोर्ट कमिश्नर या किसी स्वतंत्र अधिकारी को नियुक्त करने की मांग की गई है, जो फिल्म पर रिपोर्ट पेश करे. इस मामले की सुनवाई जस्टिस मिलिंद जाधव की बेंच के सामने गुरुवार को तय किया गया है.

सेशंस कोर्ट पहले ही खारिज कर चुका है याचिका
पिछले हफ्ते मुंबई सेशंस कोर्ट ने इसी तरह की मांग को खारिज कर दिया था. अदालत ने कहा कि फिल्म को पहले ही वैधानिक प्राधिकरण से सर्टिफिकेट मिल चुका है. अदालत ने यह भी कहा कि प्रमाणित फिल्मों पर रोक लगाने जैसे आदेश बेहद सावधानी से ही दिए जाने चाहिए.

अदालत की शुरुआती टिप्पणियां
न्यायाधीश एचसी शेंडे ने कहा कि फिल्म निर्माताओं ने पहले ही डिस्क्लेमर दिया है कि कहानी और किरदार काल्पनिक हैं. अदालत ने यह भी माना कि शुरुआती स्तर पर ऐसा कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं दिखता कि फिल्म का किरदार सीधे किसी मृत व्यक्ति से जुड़ा है. आदेश में यह भी दर्ज है कि सनोबर शेख और फिल्म निर्माताओं के बीच कानूनी नोटिस के दौरान आर्थिक मुआवजे की मांग भी उठाई गई थी.

देरी और प्री-स्क्रीनिंग पर अदालत की राय
अदालत ने यह भी कहा कि याचिकाकर्ता फिल्म की जानकारी पहले से रखती थीं, फिर भी उन्होंने रिलीज के ठीक पहले अदालत का रुख किया. न्यायालय ने टिप्पणी की कि कानून उन लोगों का साथ नहीं देता जो अपने अधिकारों पर लंबे समय तक चुप रहते हैं. प्री-स्क्रीनिंग की मांग पर भी अदालत ने मना करते हुए कहा कि इस तरह के जांच के लिए अलग संस्थान मौजूद है.  

(रिपोर्ट- विद्या)


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement