यश की फिल्म टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है. इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के पहले दिन भारत में 101.10 करोड़ नेट कमाए. इसके साथ ही यश पहले ऐसे भारतीय एक्टर बन गए हैं, जिनकी दो फिल्मों ने भारत में पहले दिन 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है. इससे पहले उनकी फिल्म KGF: Chapter 2 ने भी 100 करोड़ से ज्यादा की ओपनिंग ली थी.
फिल्म ने पहले दिन 24,579 शो के साथ यह कमाई की. भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन करीब 120.75 करोड़ रहा, जबकि दुनियाभर में फिल्म की कमाई 140.75 करोड़ से ज्यादा हो चुकी है.
हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा कमाए
टॉक्सिक को हिंदी, कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम में रिलीज किया गया है. पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई हिंदी वर्जन से हुई. हिंदी में फिल्म ने करीब 55 करोड़ कमाए. इसके बाद कन्नड़ वर्जन ने 23.30 करोड़, तेलुगु ने 16 करोड़, तमिल ने 5.50 करोड़ और मलयालम वर्जन ने 1.30 करोड़ का कलेक्शन किया. सभी भाषाओं की कमाई जोड़कर फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 101.10 करोड़ पहुंचा.
रिलीज से पहले ही बुक हो चुके थे 18 लाख से ज्यादा टिकट
फिल्म की ओपनिंग का अंदाजा एडवांस बुकिंग से भी लगाया जा सकता है. रिलीज से पहले ही टॉक्सिक की एडवांस बुकिंग से करीब 73.43 करोड़ की कमाई हो चुकी थी. इस दौरान 18.48 लाख से ज्यादा टिकट बिके थे.
गीतू मोहनदास ने डायरेक्ट की है फिल्म
टॉक्सिक का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है. फिल्म की कहानी आजादी के बाद के गोवा की पृष्ठभूमि में दिखाई गई है. इसमें यश एक गैंगस्टर के रोल में नजर आते हैं, जो अपराध की दुनिया के बीच अपने रिश्तों, वफादारी और नैतिकता से जूझता है. फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म में यश डबल रोल में दिखाई दे रहे हैं.
कमाई शानदार, लेकिन रिव्यू मिले-जुले
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआत भले ही जबरदस्त रही हो, लेकिन क्रिटिक्स की राय पूरी तरह एक जैसी नहीं है. कुछ समीक्षाओं में फिल्म की कहानी और एक्शन की तारीफ हुई, वहीं कुछ रिव्यू में इसे जरूरत से ज्यादा हिंसा और लंबे एक्शन सीक्वेंस वाली फिल्म बताया गया.
यश के नाम हुआ बड़ा बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड
टॉक्सिक की 101.10 करोड़ की ओपनिंग ने यश को एक खास रिकॉर्ड दिला दिया है. अब उनकी दो फिल्मों ने भारत में पहले दिन 100 करोड़ से ज्यादा कमाए हैं. इससे पहले KGF: Chapter 2 भी इस क्लब में शामिल थी. यानी टॉक्सिक सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी शुरुआत करने वाली फिल्म नहीं बनी, बल्कि यश के करियर में भी एक नया रिकॉर्ड जोड़ दिया.
ये भी पढ़ें: