सबसे छोटी अधिकारी... विशेष पहल के तहत 8वीं की छात्रा बनी SP

बिहार के बगहा में बच्चों को करियर के प्रति प्रेरित करने के लिए प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी ने एक सराहनीय पहल की है. कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की 8वीं कक्षा की छात्रा अमृता, जो भविष्य में आईपीएस (IPS) बनना चाहती है, उसे एक दिन के लिए 'सांकेतिक एसपी' बनने का मौका दिया गया.

Class 8th student become SP
gnttv.com
  • बगहा,
  • 14 मई 2026,
  • अपडेटेड 4:04 PM IST

बड़े सपने देखने की कोई उम्र नहीं होती. अगर हौसला मजबूत हो और सही दिशा मिल जाए, तो छोटी-सी शुरुआत भी जिंदगी बदलने वाली बन सकती है. ऐसा ही प्रेरणादायक नजारा बिहार के बगहा पुलिस कार्यालय में देखने को मिला, जहां एक छात्रा के सपने को कुछ समय के लिए हकीकत का रूप दिया गया.

आईपीएस बनने का सपना, मिला खास मौका
बगहा प्रखंड-एक के कस्तूरबा आवासीय विद्यालय, परसा में पढ़ने वाली आठवीं कक्षा की छात्रा अमृता का सपना है कि वह आगे चलकर आईपीएस अधिकारी बने. अपने इसी सपने की तरफ एक छोटा लेकिन यादगार कदम बढ़ाते हुए उसे बगहा का 'सांकेतिक एसपी' बनने का अवसर दिया गया.

यह मौका प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी की ओर से एक विशेष पहल के तहत दिया गया, ताकि बच्चों को अपने लक्ष्य के प्रति प्रेरित किया जा सके और वे बड़े पदों की जिम्मेदारियों को करीब से समझ सकें.

पुलिस कार्यालय में सुनी लोगों की शिकायतें
कार्यक्रम के दौरान अमृता ने पुलिस कार्यालय पहुंचने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना. फरियाद लेकर पहुंचे लोगों की बातों को ध्यान से समझा और एक-एक शिकायत की जानकारी ली. इतना ही नहीं, उसने मामलों के समाधान को लेकर सुझाव भी साझा किए, ताकि संबंधित पुलिस अधिकारी उन पर जल्दी कार्रवाई कर सकें. इस दौरान अमृता ने यह भी जाना कि पुलिस विभाग किस तरह लोगों की शिकायतें सुनता है और प्रशासनिक स्तर पर समस्याओं के समाधान के लिए कैसे काम किया जाता है.

जिम्मेदारियों को करीब से समझने का मिला मौका
एक दिन के इस खास अनुभव ने अमृता को पुलिस सेवा की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर दिया. जनसुनवाई की प्रक्रिया, अधिकारियों की जिम्मेदारियां और लोगों की उम्मीदों को समझते हुए उसने प्रशासनिक व्यवस्था के कई पहलुओं को देखा.

यह अनुभव उसके लिए सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपने सपने को और मजबूत करने वाला पल साबित हुआ. इससे उसके अंदर आत्मविश्वास भी बढ़ा और अपने लक्ष्य को पाने का जज़्बा भी मजबूत हुआ.

बच्चों को प्रेरित करने की अनोखी पहल
प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी ने बताया कि इस पहल का मकसद बच्चों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करना है. उनका कहना है कि अगर बच्चों को सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले, तो वे भविष्य में समाज और देश के लिए बेहतर उदाहरण बन सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि छात्राओं को प्रशासनिक और पुलिस सेवाओं के प्रति जागरूक करने के लिए आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि बच्चे अपने करियर को लेकर गंभीर और प्रेरित हो सकें.

इलाके में हो रही पहल की सराहना
बगहा पुलिस की इस पहल की स्थानीय स्तर पर खूब चर्चा हो रही है. लोगों का मानना है कि इस तरह के प्रयास बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने का काम करते हैं. साथ ही, उन्हें अपने सपनों को लेकर और ज्यादा मेहनत करने की प्रेरणा भी मिलती है.अमृता की यह छोटी-सी शुरुआत अब कई दूसरे बच्चों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा बनती नजर आ रही है.

(रिपोर्ट- अभिषेक पांडे)

ये भी पढ़े

 

Read more!

RECOMMENDED