Advertisement

कलयुग का श्रवण कुमार! मां की सलामती के लिए 12 ज्योतिर्लिंगों की दौड़ लगा रहा 20 साल का युवक, 8 महीने में 9 हजार किमी दौड़ा, अब तक 7 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन किए

मोनू ने बताया कि कुछ साल पहले उनकी मां की तबीयत काफी खराब रहने लगी थी. कई साल तक उनका इलाज चला, लेकिन हर एक-दो महीने में उनकी सेहत फिर बिगड़ जाती थी. परिवार को बार-बार अस्पताल और इलाज के चक्कर लगाने पड़ते थे.

Monu Bithorawala
संदीप कुलश्रेष्ठ
  • उज्जैन,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 4:16 PM IST

मां की जिंदगी बचाने के लिए एक बेटे ने ऐसी मन्नत मांगी, जिसे पूरा करने के लिए वह पिछले आठ महीने से लगातार दौड़ रहा है. न कोई गाड़ी, न कोई आराम और न ही मुश्किलों की परवाह. बिहार के पटना के रहने वाले 20 साल के मोनू बिथोराबाला उर्फ 'ब्लैक पैंथर' ने देश के 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन दौड़कर करने का संकल्प लिया है. 15 मार्च 2026 को झारखंड के बाबा बैद्यनाथ धाम से शुरू हुई उनकी यात्रा अब तक 9 हजार किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर चुकी है. गुरुवार को मोनू उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने आठवें ज्योतिर्लिंग बाबा महाकाल के दर्शन किए. उनकी यात्रा पूरी होने में अभी करीब नौ महीने और लगेंगे.

मोनू की इस अनोखी यात्रा के पीछे मां के प्रति उनका प्यार और एक पुरानी मन्नत है. उनके इस संकल्प को देखकर लोग उन्हें कलयुग का श्रवण कुमार भी कह रहे हैं.

मां की तबीयत के लिए मांगी थी मन्नत
मोनू ने बताया कि कुछ साल पहले उनकी मां की तबीयत काफी खराब रहने लगी थी. कई साल तक उनका इलाज चला, लेकिन हर एक-दो महीने में उनकी सेहत फिर बिगड़ जाती थी. परिवार को बार-बार अस्पताल और इलाज के चक्कर लगाने पड़ते थे. एक समय ऐसा भी आया, जब मोनू को लगा कि कहीं वह अपनी मां को खो न दें. इसी चिंता में उन्होंने अपने गांव से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित बाबा सिद्धेश्वर मंदिर में जाकर भगवान शिव से प्रार्थना की और मां की अच्छी सेहत के लिए मन्नत मांगी.

मोनू के मुताबिक, इसके बाद करीब एक साल तक उनकी मां की तबीयत खराब नहीं हुई. मां की सेहत में सुधार देखकर उन्होंने भगवान शिव के प्रति आभार जताने के लिए देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन दौड़कर करने का संकल्प लिया.

15 मार्च से शुरू की यात्रा, अब तक 9 हजार किमी दौड़े
मोनू ने 15 मार्च 2026 को झारखंड के बाबा बैद्यनाथ धाम से अपनी यात्रा शुरू की थी. पिछले आठ महीनों में वह 9 हजार किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर चुके हैं और सात ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं. गुरुवार को वह उज्जैन पहुंचे. यहां इंदौर रोड स्थित शनि मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन किए. यह उनकी यात्रा का आठवां ज्योतिर्लिंग है. मोनू ने बताया कि अभी उन्हें चार अन्य ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने हैं. इस पूरी यात्रा को पूरा करने में करीब नौ महीने और लग सकते हैं.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो
मोनू अपनी यात्रा के दौरान होने वाले अनुभवों और रास्ते की जानकारी सोशल मीडिया पर भी साझा करते रहते हैं. उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर दौड़ते हुए यात्रा करने के कई वीडियो सामने आए हैं. लोग उनके इस संकल्प की तारीफ कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement