उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के रवि टम्टा ने एक नया आविष्कार कर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है. छोटे से शहर अल्मोड़ा में रहकर रवि ने सिंगल सीटर फ्लाइंग कार का अविष्कार किया है. इसको बनाने में रवि को पूरे एक साल का समय लगा.
फ्लाइंग कार का टेस्ट-
सिंगल सीटर फ्लाइंग कार में रवि ने अल्मोड़ा के मैदान पर उड़ान भरी. रवि ने इस कार को ड्रोन तकनीक में सुधार करते हुए ईजाद किया है. रवि ने अपने स्टार्टअप Hapida Sky Private Limited के तहत विकसित इस फ्लाइंग कार को HAPIDA SKYNEX Prototype का नाम दिया है. रवि ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे भारत के पहले Personal Flying Vehicle की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. यानी पहाड़ के युवा ने देश की पहली फ्लाइंग कार का परीक्षण किया है.
सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल-
रवि टम्टा के हुनर की हर तरफ चर्चा है, सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है. इस उपलब्धि पर रवि टम्टा कहते हैं कि आज मेरे जीवन का एक बहुत बड़ा दिन है. मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी और गर्व हो रहा है कि HAPIDA SKYNEX की पहली सफल उड़ान उनके वर्षों के शोध, संघर्ष, प्रयोग और लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है.
पहले भी बना चुके हैं कई चीजें-
रवि टम्टा इससे पहले भी अपने आविष्कारों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं. वर्ष 2019 में उन्होंने एक इलेक्ट्रोलाइट पंप मशीन विकसित करने का दावा किया था, जिसके बारे में उनका कहना था कि इससे इलेक्ट्रिक वाहनों को बेहद कम समय में चार्ज किया जा सकता है. उस समय उन्होंने हल्द्वानी में इसका प्रदर्शन भी किया था और दावा किया था कि यह तकनीक पारंपरिक चार्जिंग के मुकाबले काफी तेज और कम लागत वाली हो सकती है. इसके अलावा रवि ने पहले मोबाइल चार्ज करने वाले जूते और शुरुआती स्तर के हेलीकॉप्टर मॉडल जैसे प्रयोग भी किए थे. उन्होंने वनकर्मियों के लिए जीपीएस वाली खास स्टिक भी बनाई थी.
(संजय सिंह की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: