खालसा साजना दिवस के लिए 1763 सिख श्रद्धालुओं को मिला वीजा, 10 अप्रैल को पाकिस्तान रवाना होगा जत्था

SGPC के सचिव बलविंदर सिंह काला ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष जत्थे के लिए कुल 1795 पासपोर्ट पाकिस्तान दूतावास, दिल्ली को भेजे गए थे. इनमें से 1763 श्रद्धालुओं को वीजा जारी कर दिया गया है.

1763 Sikh pilgrims got visa
gnttv.com
  • अमृतसर,
  • 08 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:50 PM IST

खालसा साजना दिवस यानी बैसाखी के पावन अवसर पर पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के जत्थे की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने इस यात्रा को लेकर जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

SGPC के सचिव बलविंदर सिंह काला ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष जत्थे के लिए कुल 1795 पासपोर्ट पाकिस्तान दूतावास, दिल्ली को भेजे गए थे. इनमें से 1763 श्रद्धालुओं को वीजा जारी कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि वीजा लगे पासपोर्ट SGPC कार्यालय पहुंच चुके हैं और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे कार्यालय समय के दौरान अपने पासपोर्ट प्राप्त कर लें.

10 अप्रैल को रवाना होगा जत्था
यह जत्था 10 अप्रैल को सुबह 8 बजे SGPC कार्यालय से पूरे धार्मिक उत्साह के साथ पाकिस्तान के लिए रवाना होगा. श्रद्धालुओं को अटारी-वाघा सीमा के रास्ते विशेष बसों के जरिए भेजा जाएगा. इस दौरान सुरक्षा और सुविधा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. SGPC ने सभी श्रद्धालुओं से विशेष अपील करते हुए कहा है कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, इसलिए इसे पिकनिक या पर्यटन के रूप में न लें. यात्रा के दौरान पंथक मर्यादा, अनुशासन और संयम बनाए रखना बेहद जरूरी है.

सुरक्षा और सुविधा के भी पुख्ता इंतजाम
इसके साथ ही श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि पाकिस्तान में किसी भी प्रकार की विवादित गतिविधि या बयानबाजी से बचें, ताकि सिख समुदाय की छवि पर कोई आंच न आए और भविष्य में वीज़ा प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो. दूतावास द्वारा 32 वीजा रद्द किए जाने पर SGPC ने सुझाव दिया कि जिन श्रद्धालुओं के दस्तावेजों में कमी रह गई है, वे दूतावास से संपर्क कर अपनी त्रुटियों को सुधारें. SGPC ने कहा कि पाकिस्तान स्थित गुरु धामों के दर्शन हर सिख के लिए गहरी आस्था का विषय हैं और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को यह अवसर मिलना चाहिए.

रिपोर्टर: अमित शर्मा

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED