बिहार बोर्ड परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट का रिजल्ट जारी कर दिया है. इस बार कटिहार जिले के हरिशंकर नायक स्कूल के छात्र पीयूष कुमार ने आर्ट्स में टॉप कर जिले का नाम रोशन किया है. पीयूष ने कुल 463 अंक हासिल किए हैं, जो 92.6 प्रतिशत है.
पान की दुकान चलाते हैं पिता
पीयूष कुमार एक साधारण परिवार से आते हैं. उनके पिता सुभाष गुप्ता पान की दुकान चलाते हैं. आर्थिक परिस्थितियां साधारण होने के बावजूद पीयूष ने अपनी मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल की. पीयूष के अनुसार, वे रोजाना अपने पिता की दुकान में समय देते थे और इसके साथ ही पढ़ाई के लिए अलग से समय निकालकर तैयारी करते थे.
टीचर बनना चाहते हैं पीयूष
पीयूष का सपना शिक्षक बनना है. वह आगे चलकर गांवों और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले उन बच्चों को शिक्षित करना चाहते हैं, जो आज भी शिक्षा से वंचित हैं. उनका मानना है कि सरकार की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, इसके बावजूद कई बच्चे पढ़ाई से दूर हैं. ऐसे बच्चों तक शिक्षा पहुंचाना ही उनका लक्ष्य है.
बेटे की उपलब्धि पर पिता को गर्व
पीयूष अपनी सफलता का श्रेय अपने कोचिंग संस्थान और शिक्षकों को देते हैं. वहीं उनके पिता बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि वे अपने बेटे की आगे की पढ़ाई में हर संभव सहयोग करेंगे. पीयूष को पढ़ाने वाले कोचिंग संस्थान के शिक्षक ने बताया कि वह शुरू से ही मेधावी छात्र रहा है. पीयूष ने पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ पढ़ाई में जो सफलता हासिल की है, वह काबिले-तारीफ है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पीयूष स्टेट टॉपर बनने से चूक गया, लेकिन भविष्य में उससे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है.
रिपोर्ट- बिपुल राहुल