महाराष्ट्र के चंद्रपुर में महिलाओं ने अपनी एकजुटता, मेहनत और सांस्कृतिक प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने इतिहास रच दिया. जिले की 2432 महिलाओं ने एक साथ पारंपरिक लोकनृत्य लावणी प्रस्तुत कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया. इस ऐतिहासिक प्रस्तुति में महिलाओं ने मात्र 20 मिनट के भीतर 20 अलग-अलग लावणियां पेश कीं और पहले के 1326 प्रतिभागियों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.
यह भव्य आयोजन चंद्रपुर के चांदा क्लब मैदान में किया गया, जहां पूरे जिले और आसपास के क्षेत्रों से महिलाएं और युवतियां शामिल हुईं. सभी प्रतिभागियों ने पारंपरिक मराठी वेशभूषा में मंच पर एक साथ प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक रंग बिखेर दिए. कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद दर्शकों ने भी महिलाओं के उत्साह और समर्पण की जमकर सराहना की.
एक साल की कड़ी तैयारी
इस रिकॉर्ड को बनाने के लिए पिछले एक वर्ष से लगातार तैयारी की जा रही थी. चंद्रपुर शहर सहित जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रशिक्षण शिविर लगाए गए. नृत्य को बेहतर बनाने के लिए विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की नियुक्ति की गई और हैदराबाद से भी विशेष ट्रेनर बुलाए गए थे. 20 मिनट में 20 लावणियां, वह भी एक साथ और पूर्ण पारंपरिक परिधान में प्रस्तुत करना आसान नहीं था, लेकिन महिलाओं की लगन और अनुशासन ने इस चुनौती को सफल बना दिया.
गिनीज प्रतिनिधि ने की आधिकारिक घोषणा
कार्यक्रम में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की प्रतिनिधि सोनिया उशिरागोची विशेष रूप से मौजूद रहीं. प्रस्तुति पूरी होने के बाद उन्होंने मंच से इस उपलब्धि की आधिकारिक घोषणा की, जिसके बाद पूरे मैदान में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया. आयोजकों के अनुसार, यह उपलब्धि सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि महिलाओं की एकता, परंपरा और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है. चंद्रपुर की महिलाओं ने इस अनोखे उपक्रम के जरिए न केवल जिले, बल्कि पूरे महाराष्ट्र और देश का नाम रोशन किया है.
रिपोर्टर: विकास राजुरकर
ये भी पढ़ें: