Advertisement

दिल्ली में बनेंगे 500 हाईटेक शौचालय, EFC ने मंजूर किए ₹266.26 करोड़... सोलर पैनल से लेकर सैनिटरी पैड मशीन तक होंगे खास इंतजाम!

दिल्ली में आम लोगों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं देने के लिए रेखा गुप्ता सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. राजधानी के अलग-अलग इलाकों में पहले चरण के तहत 500 आधुनिक सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक बनाए जाएंगे.

Modern Public Toilet
सुशांत मेहरा
  • दिल्ली ,
  • 14 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:58 PM IST

दिल्ली में आम लोगों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं देने के लिए रेखा गुप्ता सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. राजधानी के अलग-अलग इलाकों में पहले चरण के तहत 500 आधुनिक सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक बनाए जाएंगे. इस परियोजना के लिए दिल्ली सरकार की व्यय वित्त समिति (EFC) ने 266.26 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है. इनका निर्माण पर्यटन विभाग के जरिए कराया जाएगा.

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे शौचालय
सरकार की योजना सिर्फ शौचालय बनाने तक सीमित नहीं है. इन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि आम लोगों के साथ पर्यटकों को भी बेहतर अनुभव मिल सके. हर ब्लॉक में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय होंगे. बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए रैंप और सुगम प्रवेश की व्यवस्था होगी. इसके अलावा केयरटेकर रूम और चौकीदार के लिए अलग जगह भी बनाई जाएगी.

महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड की सुविधा
महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शौचालयों में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाई जाएगी. इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण के लिए सैनिटरी पैड इनसिनरेटर की सुविधा भी होगी. इससे महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर जरूरी सुविधा आसानी से मिल सकेगी.

वीडियो वॉल और दुकान की भी होगी सुविधा
इन शौचालय ब्लॉक्स में एक दुकान के लिए भी जगह रखी जाएगी. यहां स्नैक्स, पेय पदार्थ और रोजमर्रा की जरूरी चीजें उपलब्ध कराई जा सकेंगी. पर्यटकों और लोगों को आसपास के क्षेत्रों, पर्यटन स्थलों और अन्य जरूरी जानकारी देने के लिए आउटडोर वीडियो वॉल डिस्प्ले भी लगाए जाएंगे.

सोलर पैनल और CCTV से बढ़ेगी सुरक्षा
शौचालयों में सोलर पैनल, CCTV कैमरे और मैकेनिकल वेंटिलेशन सिस्टम जैसी सुविधाएं होंगी. इससे इन्हें सुरक्षित और ऊर्जा-कुशल बनाने पर जोर दिया जाएगा. परियोजना में शौचालय के साथ बागवानी और फर्नीचर का काम भी शामिल है.

मार्केट और हाईवे पर ज्यादा शौचालय
पहले चरण में 200 शौचालय मार्केट क्षेत्रों, 97 हाईवे, 57 कमर्शियल और इंडस्ट्रियल इलाकों और 50 पर्यटन स्थलों के आसपास बनाए जाएंगे. वहीं 9 शौचालय बड़े पार्कों आदि के पास बनाए जाएंगे. क्षेत्रवार देखें तो दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में सबसे ज्यादा 93 शौचालय प्रस्तावित हैं. इसके बाद उत्तर-पश्चिम में 90, पश्चिम में 72 और दक्षिण दिल्ली में 51 शौचालय बनाए जाएंगे. परियोजना के दूसरे चरण में 500 और आधुनिक सार्वजनिक शौचालय बनाने की योजना है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement