हरियाणा के फरीदाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर दिव्यांगजनों के लिए खास पहल की गई. 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 500 दिव्यांगजनों को निशुल्क ई-स्कूटी देने का कार्यक्रम आयोजित किया गया. इनमें से 200 दिव्यांगजनों को गुरुवार को ई-स्कूटी वितरित की गई, जबकि बाकी 300 लोगों को अगले 15 से 20 दिनों में स्कूटी दी जाएगी. कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए और उन्होंने अपने हाथों से लाभार्थियों को ई-स्कूटी की चाबी सौंपी.
दिव्यांगों के लिए आसान होगी आवाजाही
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी रोजमर्रा की परेशानियों को कम करना है. उन्होंने कहा कि ई-स्कूटी मिलने से स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्रों के साथ नौकरी और दूसरे कामों के लिए बाहर जाने वाले दिव्यांगजनों को काफी सुविधा मिलेगी. उन्हें आने-जाने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री और बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा समेत शहर के कई गणमान्य लोग और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे.
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर कई कार्यक्रम
कृष्ण पाल गुर्जर ने पत्रकारों से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है. प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर पूरे दिन रक्तदान शिविर समेत कई सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. शाम को कई घरों में दीप जलाने का कार्यक्रम भी रखा गया है.
ई-स्कूटी मिलने पर चेहरे पर आई खुशी
निशुल्क ई-स्कूटी मिलने के बाद दिव्यांग लाभार्थियों में खुशी देखने को मिली. सुनीता राव ने बताया कि उनके दिव्यांग बेटे दीपक राव को स्कूटी मिली है, जिससे अब उसके लिए बाहर आना-जाना आसान होगा. एक दिव्यांग खिलाड़ी ने कहा कि स्कूटी मिलने से वह आसानी से स्टेडियम जाकर अपनी प्रैक्टिस कर सकेंगे. सोनी ने बताया कि उनका बेटा जन्म से दिव्यांग है और उसे स्कूल व ट्यूशन जाने में परेशानी होती थी. वहीं सुखबीर यादव ने बताया कि उन्होंने करीब दो महीने पहले ई-स्कूटी के लिए आवेदन किया था. वेरिफिकेशन के बाद अब उन्हें स्कूटी मिल गई है, जिससे उनकी आवाजाही आसान होगी.
ये भी पढ़ें: