तकनीक के इस दौर में अब कई ऐसी सुविधाएं सामने आ रही हैं, जिनके बारे में पहले सोचना भी मुश्किल था. जिस तरह लोग ATM मशीन से पैसे निकालते हैं, अब उसी तरह गैस सिलेंडर भी लिया जा सकता है. भारत गैस ने दिल्ली-NCR में अपनी पहली LPG वेंडिंग मशीन यानी 'गैस ATM' शुरू की है, जो उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी सुविधा बनकर सामने आई है.
गैस की किल्लत से राहत का नया उपाय
सेंट्रल पार्क रिजॉर्ट्स में कार्यरत अमित खटाना ने इस मशीन की कार्यप्रणाली को समझाते हुए बताया कि यह पहल गैस की कमी की समस्या को दूर करने और लोगों को आसान सुविधा देने की दिशा में एक अहम कदम है. उनका कहना है कि यह सिस्टम खास तौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जिन्हें अचानक गैस की जरूरत पड़ जाती है.
कैसे काम करता है 'गैस ATM'?
इस मशीन से सिलेंडर लेने की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और बेहद आसान है. सबसे पहले उपभोक्ता को मशीन में अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करना होता है. इसके बाद मोबाइल पर एक OTP आता है, जिसे मशीन में डालकर वेरिफिकेशन पूरा किया जाता है.
वेरिफिकेशन के बाद मशीन की ऊपरी खिड़की खुलती है, जहां उपभोक्ता को अपना खाली सिलेंडर रखना होता है. यहां सिलेंडर का वजन और स्कैनिंग की जाती है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद मशीन पर ही डिजिटल पेमेंट का विकल्प मिलता है. जैसे ही भुगतान सफल होता है, मशीन की नीचे वाली खिड़की खुलती है और नया भरा हुआ 10 किलो का सिलेंडर मिल जाता है.
सिर्फ 2-3 मिनट में पूरी प्रक्रिया
इस पूरी प्रक्रिया में महज 2 से 3 मिनट का समय लगता है, जिससे यह सेवा बेहद तेज और सुविधाजनक बन जाती है. खास बात यह है कि यह मशीन 24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहती है, जिससे इमरजेंसी के समय भी गैस आसानी से मिल सकती है.
स्मार्ट सिस्टम और सेफ्टी फीचर्स
इस गैस ATM में स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम भी लगाया गया है. जैसे ही मशीन में सिलेंडरों की संख्या तीन से कम होती है, भारत गैस को अपने आप सूचना मिल जाती है और करीब 15 मिनट के भीतर इसे फिर से भर दिया जाता है. फिलहाल इसमें 10 किलो के 'कंपोजिट' सिलेंडर उपलब्ध हैं, जो पारंपरिक सिलेंडरों की तुलना में हल्के और ज्यादा सुरक्षित माने जाते हैं.
भविष्य की सुविधा का नया मॉडल
यह 'गैस ATM' आने वाले समय में गैस वितरण के तरीके को पूरी तरह बदल सकता है. इससे न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि उपभोक्ताओं को ज्यादा सुविधा और भरोसेमंद सेवा भी मिल सकेगी.
(रिपोर्ट- नीरज वशिष्ठ)
ये भी पढ़ें