इंदिरापुरम स्कूल में ‘Together We Rise’ कार्यक्रम, विशेष बच्चों ने दिखाई प्रतिभा और आत्मविश्वास की उड़ान

गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित Well Being Special School में आयोजित ‘Together We Rise’ कार्यक्रम हौसलों, आत्मविश्वास और उम्मीदों का प्रेरणादायक मंच बनकर उभरा.

Together We Rise
gnttv.com
  • इंदिरापुरम ,
  • 13 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:05 PM IST

गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित Well Being Special School में आयोजित ‘Together We Rise’ कार्यक्रम हौसलों, आत्मविश्वास और उम्मीदों का प्रेरणादायक मंच बनकर उभरा. इस खास आयोजन में उन बच्चों को केंद्र में रखा गया, जो ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर, स्पीच डिले, एडीएचडी, लर्निंग डिसेबिलिटी और अन्य विकासात्मक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. सही मार्गदर्शन और प्रशिक्षण के जरिए ये बच्चे अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.

कार्यक्रम की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई. बच्चों ने डांस, म्यूजिक और कविता पाठ जैसी रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. डांस परफॉर्मेंस में उनकी ताल और लय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं संगीत और कविता के जरिए बच्चों ने अपनी भावनाओं को बेहद खूबसूरती से व्यक्त किया. कई बच्चों ने छोटी-छोटी प्रस्तुतियां दीं, जिनमें उनके संघर्ष और मेहनत की झलक साफ दिखाई दी. हर प्रस्तुति के बाद तालियों की गूंज ने बच्चों का आत्मविश्वास और बढ़ाया.

अभिभावकों की भागीदारी भी बेहद खास
इस आयोजन में अभिभावकों की भागीदारी भी बेहद खास रही. उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और स्कूल के प्रयासों की सराहना की. कार्यक्रम ने अभिभावकों को भी यह भरोसा दिलाया कि सही दिशा और सहयोग मिलने पर उनके बच्चे किसी से कम नहीं हैं. स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की भूमिका भी सराहनीय रही. विशेषज्ञ शिक्षकों ने बच्चों को उनकी क्षमता के अनुसार प्रशिक्षित किया. स्कूल का सुरक्षित वातावरण, साफ-सफाई और थेरेपी आधारित शिक्षा प्रणाली बच्चों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है. नियमित मूल्यांकन और व्यक्तिगत ध्यान से बच्चों में आत्मविश्वास और सामाजिक व्यवहार में सुधार देखने को मिल रहा है.

‘Together We Rise’ केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक मजबूत संदेश है कि विशेष बच्चे भी समाज का अभिन्न हिस्सा हैं. सही अवसर मिलने पर वे भी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं और समाज को प्रेरित कर सकते हैं.

रिपोर्टर: मयंक गौर

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED