Covid Cases in India: देश में कोरोना संक्रमण (Coronavirus) के मामलों में एक बार फिर से कमी देखने को मिल रही है. भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 27,254 नए कोरोना केस आए. इससे एक दिन पहले 28,591 नए केस आए थे. वहीं पिछले 24 घंटे 219 कोरोना संक्रमितों की जान चली गई. 37,687 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं यानी कि 10,652 एक्टिव केस कम हो गए.
केरल में 20 हजार नए मामले
केरल में पिछले 24 घंटे में कोविड के 20,240 नए मामले आए जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 43 लाख 75 हजार 431 हो गई. वहीं संक्रमण से और 67 लोगों की मौत होने से मृतक की संख्या बढ़कर 22,551 हो गई है. 24 घंटे के दौरान 1 लाख 15 हजार 575 नमूनों की जांच के बाद संक्रमण दर 17.51 फीसदी दर्ज की गई. स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर कुल 41 लाख 30 हजार 65 हो गई है और उपचाराधीन रोगियों की संख्या 2,22,255 है.
छह राज्यों में हुए 100 फीसदी टीकाकरण
कोरोना वायरस से बचाव के लिए अब देश के छह राज्यों में 100 फीसदी टीकाकरण हो चुका है. पिछले महीने हिमाचल प्रदेश को सबसे पहले यह कामयाबी मिली थी, लेकिन अब इस सूची में पांच और राज्यों के नाम शामिल हो चुके हैं. इन सभी छह राज्यों में एक खुराक का 100 फीसदी टीकाकरण पूरा हो चुका है. अब यहां सिर्फ दूसरी खुराक आबादी को देना बाकी है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के अलावा दादर व नागर हवेली, गोवा, सिक्किम, लद्दाख और लक्षद्वीप को पहली खुराक का 100 फीसदी टीकाकरण करने में कामयाबी मिली है.
दिल्ली में 0.04 प्रतिशत कोरोना संक्रमण दर
राजधानी दिल्ली में रविवार को कोविड -19 की चपेट में आकर किसी मरीज की मौत नहीं हुई है. जबकि, संक्रमण के 22 नए मामले सामने आए हैं. जिसके बाद संक्रमण दर 0.04 प्रतिशत रही है. दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक इस महीने 7 सितंबर को कोविड-19 के कारण सिर्फ एक मौत हुई थी. दिल्ली में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 25,083 है.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 5 राज्यों से कोरोना के 90.24% नए मामले सामने आए हैं. जिसमें सबसे अधिक केरल से 74.26% नए केस हैं. केरल 20,240 नए मामलों के साथ टॉप में बना हुआ है. जबकि तमिलनाडु में 1,608, आंध्र प्रदेश में 1,190, कर्नाटक में 803 और पश्चिम बंगाल में 751 नए केस दर्ज किए गए हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में दैनिक संक्रमण की दर 2.26 प्रतिशत दर्ज की गई जो पिछले 14 दिन से तीन प्रतिशत से कम और पिछले 97 दिन से अब तक पांच प्रतिशत से कम है. वहीं, साप्ताहिक संक्रमण दर 2.11 प्रतिशत है.