Advertisement

Nuh Employment Fair: नूंह में लगे रोजगार मेले में 564 युवाओं को मिली नौकरियां, 154 को मिला सरकारी विभागों में अप्रेंटिसशिप करने का मौका

हरियाणा के नूंह में शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज में आयोजित रोजगार मेले में 1200 से अधिक युवाओं ने इंटरव्यू दिया. इनमें से 564 युवाओं का विभिन्न निजी कंपनियों में नौकरी के लिए चयन हुआ, जबकि 154 अभ्यर्थियों को सरकारी विभागों में एक साल की अप्रेंटिसशिप के लिए चुना गया.

हरियाणा का रोजगार मेला
gnttv.com
  • नूंह ,
  • 09 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:56 PM IST

हरियाणा के नूंह जिले में युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर देने के लिए शुक्रवार को जिला स्तरीय रोजगार मेले सह उद्यमिता रोजगार सम्मेलन का आयोजन किया गया. जिला प्रशासन के सहयोग से उद्यमिता विभाग की पहल पर यह मेला शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज परिसर में लगा. इसमें पॉलिटेक्निक कॉलेज और आईटीआई में पढ़ने वाले छात्रों ने हिस्सा लिया. विभिन्न कंपनियों के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के इंटरव्यू लिए, जिसके बाद 564 युवाओं का कंपनियों में नौकरी के लिए चयन हुआ. वहीं, 154 अभ्यर्थियों को सरकारी विभागों में एक साल की अप्रेंटिसशिप के लिए चुना गया.

करीब 1900 युवाओं ने कराया था पंजीकरण
मेले से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, रोजगार मेले के लिए करीब 50 कंपनियों को आमंत्रित किया गया था. इनमें से 30 कंपनियों के अधिकारी पहुंचे. रोजगार पाने के लिए लगभग 1900 युवाओं ने पंजीकरण कराया था, जबकि करीब 1200 से 1300 युवा मेले में पहुंचे और उन्होंने इंटरव्यू दिए. चयन प्रक्रिया के बाद 564 युवाओं को कंपनियों में रोजगार मिला, जबकि 154 अभ्यर्थियों का सरकारी विभागों में एक साल की अप्रेंटिसशिप के लिए चयन किया गया. अधिकारियों ने कहा कि जिन युवाओं को इस बार अवसर नहीं मिल पाया है, वे अपने कौशल में सुधार करें. उन्हें आगे फिर से मौका जरूर मिलेगा.

पहली बार मेवात में लगा रोजगार मेला- सुरेंद्र पिंटू
भाजपा के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पिंटू ने बताया कि मेले में कई कंपनियों ने हिस्सा लिया और नूंह के आईटीआई व पॉलिटेक्निक कॉलेजों के छात्रों का अलग-अलग ट्रेड में चयन हुआ. उन्होंने कहा कि सरकार की विशेष पहल पर पहली बार पिछड़े मेवात क्षेत्र में ही रोजगार मेले का आयोजन किया गया है. इससे पहले जिले के युवाओं को ऐसे मेलों में शामिल होने के लिए बाहर जाना पड़ता था. सुरेंद्र पिंटू के मुताबिक, मेवात में प्रतिभाशाली युवा हैं और सरकार चाहती है कि उन्हें अपने क्षेत्र में ही रोजगार मिले. उन्होंने बताया कि रोजका मेव आईएमटी और उजिना के आसपास छोटी-छोटी इंडस्ट्री शुरू होने वाली हैं, जिससे बेरोजगारी की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी. उन्होंने यह भी बताया कि मेले में मंत्री गौरव गौतम को आना था, लेकिन किसी कारणवश वे नहीं पहुंच सके. उनका संदेश प्राप्त हुआ.

रोजका मेव की कंपनी में 30 अभ्यर्थियों का चयन
रोजगार मेले में शामिल एक कंपनी के अधिकारी मनोज वर्मा ने बताया कि उनकी कंपनी रोजका मेव स्थित नई आईएमटी में है. कंपनी में आईटीआई योग्यता वाले 50 पद हाल ही में स्वीकृत किए गए थे. इन पदों के लिए हुए इंटरव्यू में करीब 30 अभ्यर्थियों का चयन कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी उनकी कंपनी ऐसे रोजगार मेलों में भाग लेकर युवाओं को नौकरी के अवसर देती रहेगी.

युवतियों को भी मिला रोजगार
मेले में पहुंची मेवात की एक युवती ने बताया कि कई लड़कियों को भी रोजगार मिला है. एक फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं. युवतियों ने कहा कि नौकरी मिलने से उनका भविष्य उज्ज्वल होगा. उनका मानना है कि लड़कियां पढ़-लिखकर आगे बढ़ेंगी, तभी समाज भी आगे बढ़ेगा.
 

(रिपोर्ट- कासिम खान)

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement