उत्तर प्रदेश में बीजेपी भी चुनावी मोड में है, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज दिल्ली में मोदी वैन को हरी झंडी दिखाई. ये वैन यूपी के कौशांबी में कोरोना टीकाकरण को बढ़ावा देने में मदद करेगी. साथ ही जनता को प्रधानमंत्री मोदी के भाषण भी दिखाएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात अक्टूबर, 2001 को पहली बार मुख्यमंत्री बने थे. इसकी जिम्मेदारी बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के कौशांबी से लोकसभा सांसद विनोद सोनकर संभालेंगे.
कौशांबी की पांच विधानसभाओं में पांच वैन घूमेंगी
कौशांबी की पांच विधानसभाओं में पांच वैन घूमेंगी. इस मौके पर सांसद विनोद सोनकर ने बताया कि इस वैन में 32 इंच का टेलीवीजन लगा है और ये पूरी तरह हाईस्पीड इंटरनेट सर्विस से लैस है. वैन पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण करेगी और उनकी रैलियों के अलाव भाषणों को भी जनता के सामने लाएगी.
कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करेगी मोदी वैन
इसके अलवा सांसद विनोद सोनकर ने बताया कि मोदी वैन सुदूर गांव में कोविड-19 के प्रति लोगों को जागरूक और टीकाकरण के लिए प्रेरित करेगी साथ ही गांवों को स्वच्छ रखने, जल संचय करने के लिए भी लोगों को प्रेरित करेगी. इतना ही नहीं वैन के जरिए केंद्र की विभिन्न योजनाओं के लिए लोगों का पंजीकरण भी किया जाएगा.
केंद्र सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाएगी वैन
वैन केंद्र सरकार की कई योजनाओं के तहत मजदूरों और विभिन्न वर्गों के लोगों के पंजीकरण में मदद करेगी. वैन विधवा पेंशन, विकलांगता पेंशन और पीएम किसान सम्मान निधि के तहत शत-प्रतिशत पंजीकरण में मदद करेगी. ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के बारे में भी बताया जाएगा. बात दें, पीएम नरेंद्र मोदी सात अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे. इसके बाद उन्हें लगातार दो बार सीएम पद के लिए चुना गया. 13 साल सीएम रहने के बाद वे 2014 में प्रधानमंत्री बनें, तब से वह इसी पद पर हैं. इस तरह उन्होंने सत्ता में 20 साल पूरे किए.