Advertisement

महाराष्ट्र में बन रहा देश का पहला AI वाला बर्डिंग पार्क, अब स्मार्ट कैमरे रखेंगे फ्लेमिंगो पर नजर... जानिए क्या होगा खास

महाराष्ट्र सरकार मुंबई और नवी मुंबई के बीच स्थित ठाणे क्रीक फ्लेमिंगो सेंचुरी को और बेहतर बनाने जा रही है. यहां 45 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक इको-नेचर पार्क बनाया जाएगा.

AI Powered bird sanctuary
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 22 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:59 AM IST

अगर आपको पक्षियों को देखना और प्रकृति के बीच घूमना पसंद है, तो आपके लिए अच्छी खबर है. महाराष्ट्र सरकार ने ठाणे क्रीक फ्लेमिंगो सेंचुरी में 45 करोड़ रुपये की लागत से इको-नेचर पार्क बनाने की मंजूरी दी है. खास बात ये है कि, यहां भारत का पहला AI आधारित बर्ड मॉनिटरिंग सेंटर बनाया जाएगा, जहां स्मार्ट तकनीक की मदद से पक्षियों की पहचान और उन पर नजर रखी जाएगी. इससे पक्षियों के संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.

दरअसल, महाराष्ट्र सरकार मुंबई और नवी मुंबई के बीच स्थित ठाणे क्रीक फ्लेमिंगो सेंचुरी को और बेहतर बनाने जा रही है. यहां 45 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक इको-नेचर पार्क बनाया जाएगा. यह देश का पहला ऐसा बर्डिंग पार्क होगा, जहां AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से पक्षियों की पहचान और निगरानी की जाएगी.

AI तकनीक से होगी पक्षियों की निगरानी
इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत AI आधारित बर्ड डिटेक्शन और मॉनिटरिंग सेंटर होगा. अभी तक पक्षियों की जानकारी जुटाने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जाती थी, लेकिन अब स्मार्ट कैमरे और AI तकनीक यह काम करेंगे. करीब 1.5 किलोमीटर क्षेत्र में AI कैमरे लगाए जाएंगे. ये कैमरे पक्षियों की अलग-अलग प्रजातियों की पहचान करेंगे और उनके आने-जाने पर नजर रखेंगे. इससे वैज्ञानिकों को पक्षियों के बारे में ज्यादा सही जानकारी मिलेगी. वहीं, यहां आने वाले लोग भी स्क्रीन और डिजिटल डिस्प्ले के जरिए पक्षियों के बारे में आसानी से जान सकेंगे.

पर्यटकों को मिलेंगी कई सुविधाएं
इस इको-नेचर पार्क में घूमने के लिए नेचर ट्रेल, बर्ड वॉचिंग की खास जगहें, जानकारी देने वाली प्रदर्शनी और इंटरप्रिटेशन सेंटर बनाए जाएंगे. इसका मकसद लोगों को प्रकृति और पक्षियों के बारे में जागरूक करना है. यह जगह छात्रों, शोधकर्ताओं और प्रकृति प्रेमियों के लिए भी काफी उपयोगी होगी.

क्यों खास है ठाणे क्रीक फ्लेमिंगो सेंचुरी
ठाणे क्रीक फ्लेमिंगो सेंचुरी को साल 2015-16 में संरक्षित अभयारण्य घोषित किया गया था. यह भारत का पहला फ्लेमिंगो पार्क है. यह सेंट्रल एशियन फ्लाईवे का हिस्सा भी है, जहां हर साल यूरोप, मध्य एशिया और दूसरे देशों से हजारों प्रवासी पक्षी आते हैं. सर्दियों में यहां बड़ी संख्या में ग्रेटर फ्लेमिंगो और लेसर फ्लेमिंगो दिखाई देते हैं. इनके अलावा यहां 200 से ज्यादा पक्षियों की प्रजातियां भी पाई जाती हैं.

मुंबई में बढ़ेगा प्रकृति पर्यटन
अभी ठाणे क्रीक फ्लेमिंगो सेंचुरी फ्लेमिंगो बोट सफारी और बर्ड वॉचिंग के लिए काफी मशहूर है. नया इको-नेचर पार्क बनने के बाद यह जगह पर्यटकों के लिए और भी आकर्षक बन जाएगी. यहां लोग आधुनिक तकनीक की मदद से पक्षियों को करीब से देख सकेंगे और प्रकृति के बारे में नई बातें जान सकेंगे. इससे मुंबई के आसपास इको-टूरिज्म को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement