Advertisement

Happy Birthday Hardik Pandya: कभी बैट खरीदने के नहीं थे पैसे, हार्दिक के जीवन में भरपूर रहा उतार-चढ़ाव

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या आज अपना 28वां जन्मदिन मना रहे हैं. 11 अक्टूबर 1993 को गुजराज के सूरत में जन्मे पांड्या टीम इंडिया के अहम सदस्य हैं. अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, दमदार गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग के दम पर हार्दिक ने अपनी टीम को कई मैच जितवाए हैं.

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हैं हार्दिक पांड्या ( फाइल फोटो)
अनिरुद्ध गोपाल
  • नई दिल्ली,
  • 11 अक्टूबर 2021,
  • अपडेटेड 7:24 AM IST
  • हार्दिक पांड्या आज अपना 28वां जन्मदिन मना रहे हैं
  • ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ टी20 मुकाबले से अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का आज जन्मदिन है. वो आज अपना 28वां जन्मदिन मना रहे हैं. जनवरी साल 2016 में उन्होंने ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ टी20 मुकाबले से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की. हार्दिक ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, दमदार गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग के दम पर हार्दिक ने अपनी टीम को कई मैच जितवाए हैं.

टीम इंडिया के प्रमुख खिलाड़ियों में से एक हार्दिक आज भले ही करोड़ों की संपत्ति के मालिक हों, लेकिन एक समय ऐसा था जब उनके पास बैट खरीदने तक के पैसे नहीं थे.11 अक्टूबर 1993 को पैदा हुए हार्दिक और उनके भाई क्रुणाल के पास रणजी टीम में शामिल होने तक केवल एक ही बैट था, जो उन्हें बड़ौदा के सीनियर खिलाड़ी इरफान पठान ने दिया था. उस समय पांड्या के पास एक क्रिकेट किट खरीदने तक के पैसे नहीं थे.

मैगी खा कर मैदान पर करते थे प्रैक्टिस
बता दें कि हार्दिक पांड्या के साथ कुणाल भी बेहतरीन क्रिकेट खेलते थे.उनके पिता हिमांशु पांड्या ने दोनों भाइयों की कुशलता और क्रिकेट के प्रति उनकी दिवानगी को देख अपना बिजनेस सूरत से बड़ौदा शिफ्ट करने का फैसला कर लिया, ताकि वह अपने बेटों को अच्छा प्रशिक्षण दिला सकें. बड़ौदा आने के बाद उनके पिता हार्दिक और कुणाल को किरण मोरे क्रिकेट एकेडमी ले गए. किरण मोरे उनके शुरुआती कोच रहे, जिन्होंने दोनों भाइयों की जबरदस्त क्रिकेट कुशलता और उनके आर्थिक हालात को देख उनसे फीस न लेने का फैसला किया.

एक तरफ दोनों भाई क्रिकेट ट्रेनिंग लेने लगे तो दूसरी तरफ उनके पिता का बिजनेस सिमटता चला गया. लेकिन पिता हिमांशु पांड्या ने अपनी आर्थिक मंदी के बारे में कभी हार्दिक और कुणाल को नहीं बताया. क्योंकि वे अपने बेटों का क्रिकेट के प्रति मानसिक संतुलन बनाए रखना चाहते थे, लेकिन धीरे-धीरे आर्थिक मंदी ने हार्दिक को इस कदर घेरा की वे सिर्फ मैगी खा कर मैदान पर प्रैक्टिस करते थे. अपने भोजन के पैसे बचा कर पंड्या क्रिकेट किट इकट्ठा किया करते थे.

करोड़ों की है संपत्ति
हार्दिक ने आज जो मुकाम हासिल किया है, वो उनकी मेहनत का ही नतीजा है. 2021 में उनकी नेट वर्थ $4 मिलियन यानी ₹30 करोड़ है. पिछले पांच सालों उनकी संपत्ति में कई गुना इजाफा हुआ है.

टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पहली बार बोली साल 2014 में लगी थी. 10 लाख की बेस प्राइस वाले हार्दिक पंड्या को किसी भी फ्रैंचाइजी ने नहीं खरीदा था. अगले साल (2015) हार्दिक पंड्या की किस्मत खुली और मुंबई इंडियंस ने उन्हें 10 लाख की बेस प्राइस में खरीदा.

हार्दिक आज टीम इंडिया के अहम सदस्य हैं और बेहतर होते प्रदर्शन के साथ उनकी सैलरी में भी इजाफा होते जा रहा है. 2018 में हार्दिक ने लंबी छलांग लगाई और उनकी सैलरी 11 करोड़ हो गई. 2018 की नीलामी में मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को रिटेन किया था.

हार्दिक की कमाई का मुख्य स्त्रोत उनकी IPL और BCCI से मिलने वाली फीस और कई ब्रांड्स का प्रमोशन करना है. प्रत्येक वर्ष मुंबई इंडियस हार्दिक को ₹11 करोड़ बतौर फीस देती है. इसके अलावा BCCI से भी उन्हें सालाना ₹2 – ₹3 करोड़ तक फीस मिलती है.

IPL के दौरान तथा इसके अलावा भी हार्दिक कई ब्रांड्स का प्रमोशन करते हैं, जिसके लिये भी उन्हें अच्छी खासी फीस मिलती है. हार्दिक की सालाना कमाई करीब ₹10 करोड़ है. वे भारत के 40 सबसे अमीर क्रिकेटरों की सूची में शुमार हैं.

महंगी गाडियों का कलेक्शन है 
हार्दिक को भी बड़ी और महंगी गाड़ियों का बहुत शौक है. उनके पास गाडियों का अच्छा खासा कलेक्शन भी है. उनके पास ₹60 लाख की रेंज रोवर, ₹60 लाख की ऑडी, ₹6 करोड़ की लैंबोर्गिनी है. इसके अलावा ₹2 करोड़ की मर्सिडीज और पोर्शे, ₹25 लाख की जीप और ₹10 लाख की टोयोटा के भी हार्दिक पांड्या मालिक हैं.

हार्दिक पांड्या मुंबई में अपनी माता, बड़े भाई क्रुणाल और भाभी, और अपनी पत्नी नताशा और बेटे अगस्त्या के साथ अपने ₹10 करोड़ के आलीशान घर में रहते हैं.

पांड्या के करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 11 टेस्ट मैच खेले हैं. जिसमें 31.29 की एवरेज से 532 रन बनाए हैं. वहीं वनडे में 63 मैचों में 1286 रन बनाए हैं. टी20 में 49 मैचों में 145.35 के स्ट्राइक रेट से 484 रन हैं. आईपीएल से चमकने वाले पांड्या के IPL में 92 मैचों में 153.91 की स्ट्राइक रेट से 1476 रन हैं.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement