उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में तीन मासूम बच्चों ने हाथ जोड़कर जिलाधिकारी से गांव में स्ट्रीट लाइट लगवाने की गुहार लगाई थी. बच्चों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था और डीएम से गुहार लगाई थी. बच्चों की अपील पर जिलाधिकारी अमित कुमार पाल ने तत्काल संज्ञान लिया और अफसरों को मौके पर भेजकर स्ट्रीट लाइट लगवाने के निर्देश दिए. निर्देश के बाद पंचायत राज विभाग और खंड विकास विभाग फौरन एक्शन में आया. विभागों के अधिकारी गांव पहुंचे और खंभों पर स्ट्रीट लाइट लगवाई. गांव में रोशनी होने के बाद बच्चों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है. बच्चों ने डीएम अंकल को धन्यवाद कहा है.
सोशल मीडिया पर बच्चों ने लगाई थी गुहार-
मंझनपुर तहसील और सराय अकिल थाना क्षेत्र के चक अहमदीपुर म्योहर गांव के रहने वाले अश्वनी राव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस वीडियो में तीन मासूम बच्चे हाथ जोड़कर जिलाधिकारी को संबोधित करते हुए गांव में स्ट्रीट लाइट लगवाने की अपील करते नजर आए थे.
बच्चों ने कहा था कि गांव के खंभों पर लाइट नहीं होने की वजह से अंधेरा होने के बाद उन्हें बाहर निकलने में डर लगता है. गांव के आसपास खेत और जंगली जानवर होने के चलते बच्चों ने डीएम से गांव में लाइट लगवाने की गुहार लगाई थी. बच्चों ने टॉर्च की लाइट में गांवों भी दिखाया था.
DM ने लिया संज्ञान-
वायरल वीडियो का जिलाधिकारी अमित कुमार पाल ने संज्ञान लिया. उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्ट्रीट लाइट लगवाने के निर्देश दिए. डीएम के निर्देश के बाद पंचायत राज विभाग और खंड विकास विभाग के अधिकारी गांव पहुंचे और खंभों पर स्ट्रीट लाइट लगवाई. गांव में स्ट्रीट लाइट लगने के बाद बच्चों में खुशी दौड़ गई.
बच्चों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन का आभार जताया और जिलाधिकारी अमित कुमार पाल को धन्यवाद कहा.
ये भी पढ़ें: