मसूरी में दौड़ेंगे ई-ऑटो, पहाड़ी रास्तों का सफर होगा आसान... होंगे ये बड़े बदलाव

मसूरी रोड पर पहली बार ई-ऑटो का सफल परीक्षण किया गया, जिसने न केवल अधिकारियों को प्रभावित किया बल्कि पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र भी बना रहा. देश विदेश से आए पर्यटक खास ट्रायल को देखते हुए नजर आये. मसूरी एसडीएम ने खुद ऑटो में बैठकर ई ऑटो का परीक्षण किया और इसे सफल बताया.

Mussoorie E-auto
gnttv.com
  • मसूरी ,
  • 13 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:37 AM IST

मसूरी की सड़कों पर जल्द ही ई-ऑटो दौड़ते नजर आ सकते हैं. पहाड़ों की रानी कहलाने वाली मसूरी में पहली बार ई-ऑटो का सफल ट्रायल किया गया है. इस परीक्षण ने न केवल प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित किया, बल्कि देश-विदेश से आए पर्यटकों का भी ध्यान अपनी ओर खींचा. ट्रायल के दौरान कई पर्यटक ई-ऑटो को देखने और उसकी कार्यक्षमता को समझने के लिए उत्सुक दिखाई दिए.

मसूरी की पहचान उसकी खूबसूरत वादियों, माल रोड और पर्यटन स्थलों से है. लेकिन बढ़ते ट्रैफिक और पर्यावरण संबंधी चुनौतियों को देखते हुए प्रशासन अब परिवहन व्यवस्था में बदलाव की दिशा में काम कर रहा है. इसी कड़ी में माल रोड और आसपास के क्षेत्रों में ई-ऑटो संचालन की संभावनाओं को परखने के लिए यह विशेष परीक्षण किया गया.

कठिन पहाड़ी रास्तों पर हुआ सफल परीक्षण
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद के नेतृत्व में यह ट्रायल किंक्रेग से शुरू हुआ. इसके बाद ई-ऑटो पिक्चर पैलेस, लाइब्रेरी चौक, मेसोनिक लॉज, माल रोड और लंढौर की चढ़ाई वाले मार्गों से होकर गुजरा. परीक्षण के दौरान प्रशासन, नगर पालिका, परिवहन विभाग और पुलिस के अधिकारी स्वयं ई-ऑटो में सवार रहे और उसकी क्षमता, सुरक्षा तथा प्रदर्शन का आकलन करते रहे.

सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि मसूरी के कठिन चढ़ाई और उतराई वाले रास्तों पर भी ई-ऑटो का प्रदर्शन संतोषजनक पाया गया. प्रशासन की तीन अलग-अलग टीमों ने विभिन्न रूटों पर परीक्षण किया और शुरुआती रिपोर्ट में इसे सुरक्षित तथा सफल माना गया.

तीन यात्रियों के लिए सुरक्षित
प्रशासन के अनुसार ई-ऑटो तीन यात्रियों को उनके सामान सहित आसानी से ले जाने में सक्षम है. ट्रायल के नतीजे सकारात्मक रहे हैं और अब अगले चरण में साइकिल रिक्शा संचालकों के साथ चर्चा की जाएगी. इसका उद्देश्य उन्हें नई व्यवस्था में शामिल करना और उनकी आजीविका को सुरक्षित रखना है.

ट्रैफिक और पर्यावरण दोनों को मिलेगा लाभ
वर्तमान में पर्यटक माल रोड पर गोल्फ कार्ट और साइकिल रिक्शा का उपयोग करते हैं. यदि सभी विभागों और रिक्शा संचालकों के बीच सहमति बन जाती है, तो जल्द ही मसूरी की सड़कों पर पर्यावरण मित्र ई-ऑटो दौड़ते नजर आएंगे. प्रशासन का मानना है कि यह पहल ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

रिपोर्टर: सागर शर्मा

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED