ऋषिकेश से पीएम ने दी 35 ऑक्सीजन प्लांट की सौगात, कहा- देश ने कोराना का बहादुरी से किया सामना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखंड के दौरे पर हैं. वहां पीएम ने ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (Rishikesh AIIMS) में 35 राज्यों और केन्‍द्रशासित प्रदेशों में पीएम केयर्स के तहत स्थापित 35 प्रेशर स्विंग ऐड्सॉर्प्शन ऑक्सीजन संयंत्र (Oxygen Plants) राष्ट्र को समर्पित किया. कार्यक्रम में पीएम ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री पद पर पहुंचने की कल्पना मैंने कभी नहीं की थी.

ऋषिकेश एम्स में पीएम मोदी
अनिरुद्ध गोपाल
  • नई दिल्ली,
  • 07 अक्टूबर 2021,
  • अपडेटेड 4:31 PM IST
  • पीएम मोदी ने 35 PSA ऑक्सीजन प्लांट्स राष्ट्र को समर्पित किया
  • पीएम केयर्स के तहत 4,000 नए ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित होंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देवभूमि उत्तराखंड के दौरे पर हैं. जहां पीएम देश के 35 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में प्रधानमंत्री नागरिक सहायता और राहत कोष (पीएम केयर्स फंड) से स्थापित 35 प्रेशर स्विंग एडजा‌र्प्शन (पीएसए) आक्सीजन संयंत्रों का उद्घाटन किया. 

भारत एक निर्यातक के रूप में बढ़ रहा- पीएम
ऋषिकेश एम्स में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज से 20 वर्ष पूर्व गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मुझे नई जिम्मेदारी मिली थी. सरकार के मुखिया के तौर पर पहले मुख्यमंत्री और फिर देश के लोगों के आशीर्वाद से देश के प्रधानमंत्री पद पर पहुंचने की कल्पना मैंने कभी नहीं की थी. 

पीएम ने कहा कि भारत ने CoWIN प्लेटफॉर्म बनाकर पूरी दुनिया को रास्ता दिखाया है कि इतने बड़े पैमाने पर टीकाकरण कैसे होता है. पीएम ने कहा कि इतने कम समय में भारत द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाएं देश की क्षमता को दर्शाती है. 1 टेस्टिंग लैब से लेकर 3,000 टेस्टिंग लैब के नेटवर्क की स्थापना और मास्क और किट के आयात से लेकर इसके निर्माण तक, भारत एक निर्यातक के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है.

मोदी ने कहा कि राज्य सरकार और केंद्र के प्रयासों से, भारत में पीएम केयर्स के तहत 4,000 नए ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित होंगे. हमारा देश और यहां के अस्पताल अब काफी सक्षम हो गए हैं. उन्होंन कहा कि भारत ने CoWIN प्लेटफॉर्म बनाकर पूरी दुनिया को रास्ता दिखाया है कि इतने बड़े पैमाने पर टीकाकरण कैसे होता है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम देवभूमि को दशकों की उपेक्षा से निकालने का बहुत ईमानदारी से प्रयास कर रहे हैं. बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर बनने के बाद वीरान पड़े गांव, फिर से आबाद होने लगे हैं. उन्होंने कहा कि चारधाम को जोड़ने वाली ऑल वेदर रोड पर तेज़ी से काम चल रहा है. चारधाम परियोजना देश और दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बहुत बड़ी सुविधा तो बना ही रही है, साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं के चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों को भी आपस में जोड़ रही है.

मोदी ने कहा कि हमारी सरकार, हर फौजी, हर पूर्व फौजी के हितों को लेकर भी पूरी गंभीरता से काम कर रही है. ये हमारी ही सरकार है जिसने 'वन रैंक वन पेंशन' को लागू करके अपने फौजी भाइयों की 40 साल पुरानी मांग पूरी की.

देश में 92 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन की खुराक दी गई- मनसुख मंडाविया

कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया भी पीएम मोदी के साथ थे. उन्होंने कहा कि देश में अब तक 92 करोड़ से अधिक कोरोना (COVID) वैक्सीन की खुराक दी गई है. जबकि उत्तराखंड में 95% आबादी ने पहली खुराक से टीकाकरण किया.आने वाले दिनों में, हम 1,200 करोड़ वैक्सीन खुराक देने और इतिहास रचने का लक्ष्य बना रहे हैं.

 स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोरोना के समय मोदी जी ने देश की फार्मा इंडस्ट्री पर भरोसा किया और हमारी फार्मा कंपनियां वैक्सीन उत्पादन में लगी. उन्होंने कहा कि देश की जरूरत पूरी करनी है, लेकिन हम वसुधैव कुटुंबकम की धारणा को मानते हैं इसलिए हमें दुनिया की भी मदद करनी चाहिए.

बता दें कि उत्तराखंड के सीएम CM पुष्कर सिंह धामी ने पहले ही बताया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर को ऋषिकेश पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री धामी ने बताया था कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर में आक्सीजन संयंत्रों के उद्घाटन के लिए उत्तराखंड के ऋषिकेश को चुना है, जिसके लिए वह आभारी हैं.

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर दी जानकारी

पीएम मोदी ने खुद कल देर शाम ट्वीट करके लिखा है, 'मैं कल, 7 अक्टूबर को देवभूमि उत्तराखंड में रहूंगा. विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 35 पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे. बड़े सार्वजनिक लाभ के लिए यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा ढांचा है.'

पीएमओ कार्यालय के अनुसार अब तक, पूरे देश में कुल 1,224 PSA ऑक्सीजन संयंत्रों को पीएम केयर्स के तहत वित्तपोषित किया गया है, जिनमें से 1,100 से अधिक संयंत्रों को चालू किया गया है, जिससे प्रतिदिन 1,750 मीट्रिक टन से अधिक ऑक्सीजन का उत्पादन होता है.पीएमओ ने एक बयान में कहा कि- 'यह कोविड-19 महामारी शुरू होने के बाद से भारत की चिकित्सा ऑक्सीजन उत्पादन क्षमता को बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए सकारात्‍मक उपायों का प्रमाण है.'
 

7000 से ज्यादा कर्मचारियों को दिया गया ट्रेनिंग
इन पीएसए ऑक्सीजन संयंत्रों का संचालन सुनिश्चित करने के लिए 7000 से अधिक कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है. इन 7,000 से अधिक कर्मचारियों को प्रशिक्षण देकर इन संयंत्रों का संचालन और रखरखाव सुनिश्चित किया गया है. 
 

Read more!

RECOMMENDED