Advertisement

Happy Birthday Sunny Deol: फिल्मों में सिक्का जमाने के बाद ‘ढाई किलो के हाथ’ वाले सनी ने राजनीति में भी मारी बाजी

सनी देओल ने कई सफल फिल्मों में काम किया है और अपनी डायलॉग डिलीवरी की अनूठी शैली से लोगों के दिलों में महत्वपूर्ण छाप छोड़ी है. उनके डायलॉग जैसे ‘ढाई किलो का हाथ’, ‘पिंजरे में आकर तो शेर भी कुत्ता बन जाता है’, ‘हमारा हिंदुस्तान जिंदाबाद था, जिंदाबाद है, और जिंदाबाद रहेगा’ आदि हमेशा के लिए प्रशंसकों के दिलों में अंकित हो गए हैं.

Sunny deol
अंजनी
  • नई दिल्ली ,
  • 19 अक्टूबर 2021,
  • अपडेटेड 12:41 PM IST
  • ‘बेताब’ से की फिल्मी करियर की शुरुआत 
  • पहली फिल्म रिलीज होने के ठीक एक साल बाद कर ली शादी 
  • वर्तमान में गुरदासपुर से हैं सांसद
  • सुपरहिट फिल्म 'गदर: एक प्रेम कथा' का लाएंगे सीक्वल

लोकप्रिय बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल उर्फ़ अजय सिंह देओल, आज 65 वर्ष के हो गए. 19 अक्टूबर 1956 को सुपरस्टार धर्मेंद्र के घर में जन्मे इस अभिनेता को बॉलीवुड का 'एंग्री मैन' भी कहा जाता है. सनी देओल ने कई सफल फिल्मों में काम किया है और अपनी डायलॉग डिलीवरी की अनूठी शैली से लोगों के दिलों में महत्वपूर्ण छाप छोड़ी है. उनके डायलॉग जैसे ‘ढाई किलो का हाथ’, ‘पिंजरे में आकर तो शेर भी कुत्ता बन जाता है’, ‘हमारा हिंदुस्तान जिंदाबाद था, जिंदाबाद है, और जिंदाबाद रहेगा’ आदि हमेशा के लिए प्रशंसकों के दिलों में अंकित हो गए हैं.

‘बेताब’ से की फिल्मी करियर की शुरुआत 

सनी ने 1983 में ‘बेताब’ के साथ अपने अभिनय करियर की शुरुआत एक और नवोदित अभिनेत्री अमृता सिंह के साथ की थी। उन्हें अपनी पहली फिल्म के लिए फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का नामांकन मिला. उन्होंने शानदार अभिनय कौशल के साथ एक नए 'गबरू जवान' के रूप में सभी का ध्यान खींचा. सनी को गदर: एक प्रेम कथा में अमीषा पटेल के साथ उनकी केमिस्ट्री के लिए उन्हें बहुत सराहा गया. इसके अलावा सनी ने घायल, बॉर्डर, घटक, डर, द हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई जैसी फिल्मों में शानदार प्रदर्शन किया. हालांकि, उनकी फिल्म गदर से उन्हें पहचान मिली और यह उनकी अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म बन गई.

पहली फिल्म रिलीज होने के ठीक एक साल बाद कर ली शादी 

बेताब में अमृता सिंह के साथ अपनी पहली फिल्म रिलीज होने के ठीक एक साल बाद, सनी ने 1984 में पूजा से शादी कर ली. पूजा देओल 30 से अधिक वर्षों तक लाइमलाइट से दूर रहीं. मिस्ट्री वुमन के नाम से मशहूर पूजा देओल आधी ब्रिटिश और आधी भारतीय हैं जो यूनाइटेड किंगडम की रहने वाली हैं. सनी के पहले बेटे, करण सिंह देओल का जन्म 1990 में और दुसरे बेटे राजवीर सिंह देओल का जन्म 1997 में हुआ. राजवीर को सूरज बड़जात्या द्वारा प्रोडक्शन बैनर, राजश्री प्रोडक्शंस के तहत लॉन्च किया जाएगा.

वर्तमान में गुरदासपुर से हैं सांसद

सनी देओल को अब तक के फिल्मी करियर में दो फिल्मफेयर और दो राष्ट्रीय पुरुस्कार मिल चुके हैं. फिल्मी करियर में झंडा गाड़ने के बाद सनी देओल ने राजनीति में भी अपना सिक्का जमाया. उन्होंने अप्रैल, 2019 में भारतीय जनता पार्टी जॉइन की और बीजेपी के टिकट पर पंजाब के गुरदासपुर से लोकसभा का चुनाव लड़ा. सनी ने 82459 वोटों के अंतर से जीत भी हासिल की. वर्तमान में वह गुरदासपुर से सांसद हैं.

सुपरहिट फिल्म 'गदर: एक प्रेम कथा' का लाएंगे सीक्वल

अपने जन्मदिन से कुछ दिन पहले ही सनी ने अपनी सुपरहिट फिल्म गदर: एक प्रेम कथा का सीक्वल लाने की घोषणा की. मशहूर प्रेम गाथा, ग़दर सनी की पहली हिट थी. इस फिल्म में उन्होंने तारा सिंह की भूमिका निभाई थी और उनके अपोजिट, अमीषा पटेल को सकीना की भूमिका में लिया गया था. 20 साल बाद सनी फिल्म गदर 2 के साथ पर्दे पर वापसी करेंगे. वर्क फ्रंट की बात करें तो सनी के पास कई अपकमिंग प्रोजेक्ट्स हैं. गदर 2 के अलावा, सनी  ‘फतेह सिंह’, ‘चुप’ और उनके होम प्रोडक्शन ‘अपने 2’ में दिखाई देंगे.
 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement