Advertisement

Police Bharti: यूपी पुलिस भर्ती में बड़ा बदलाव, उम्र सीमा में 3 साल की छूट

उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने पुलिस भर्ती-2025 में आयु सीमा में तीन साल की छूट देने का एलान किया है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
gnttv.com
  • लखनऊ,
  • 06 जनवरी 2026,
  • अपडेटेड 11:45 AM IST
  • लाखों युवाओं को होगा लाभ
  • आयु सीमा में तीन साल की छूट
  • पुलिस भर्ती 2025 के लिए है एलान

उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक बड़ी राहत का ऐलान किया है. अभ्यर्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस विभाग में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर प्रस्तावित सीधी भर्ती 2025 के लिए अधिकतम आयु सीमा में एकमुश्त तीन वर्ष का शिथिलीकरण प्रदान करने का निर्णय लिया गया है. इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है.

यह फैसला उन लाखों युवाओं के लिए राहत लेकर आया है, जो अब तक आयु सीमा के कारण पुलिस भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो रहे थे. सरकार के इस निर्णय से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को एक बार फिर भर्ती परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा.

लाखों युवाओं को होगा लाभ
सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत कुल 32,679 पदों को भरे जाने का प्रस्ताव है. शासनादेश के अनुसार आरक्षी नागरिक पुलिस (पुरुष एवं महिला), आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस (पुरुष), आरक्षी विशेष सुरक्षा बल (पुरुष), महिला बटालियन हेतु महिला आरक्षी, आरक्षी घुड़सवार पुलिस (पुरुष) तथा जेल वार्डर (पुरुष एवं महिला) के पदों पर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को यह आयु शिथिलीकरण प्रदान किया जाएगा. यह शिथिलीकरण केवल एक बार के लिए मान्य होगा.

सरकार द्वारा यह निर्णय उत्तर प्रदेश लोक सेवा (भर्ती के लिए आयु सीमा का शिथिलीकरण) नियमावली-1992 के नियम-3 के आलोक में लिया गया है. यह फैसला 31 दिसंबर 2025 को जारी भर्ती विज्ञप्ति के अनुक्रम में 5 जनवरी 2026 को जारी शासनादेश के माध्यम से लागू किया गया है.

सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस निर्णय से ऐसे हजारों अभ्यर्थियों को सीधा लाभ मिलेगा, जो शारीरिक और शैक्षिक रूप से पात्र होने के बावजूद आयु सीमा के कारण अब तक भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पा रहे थे. सरकार का मानना है कि इस कदम से भर्ती प्रक्रिया अधिक समावेशी बनेगी और योग्य युवाओं को समान अवसर मिलेगा.

(रिपोर्ट- समर्थ श्रीवास्तव)

 


ये भी पढ़ें 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement